जयपुर। अदालतों में अपनी प्रभावशाली दलीलों से पहचान बनाने वाले अधिवक्ताओं को अब खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है।
राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर की ओर से पहली बार “वॉली वर्डिक्ट 2026” (Volly Verdict 2026) विशेष वॉलीबॉल चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

शनिवार से शुरू हो रही इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 18 एवं 19 जुलाई, 2026 को MNIT Jaipur के वॉलीबॉल ग्राउंड में किया जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस इन्द्रजीत सिंह करेंगे।

महासचिव दीपेश शर्मा के अनुसार, यह प्रतियोगिता पूरी तरह से विधिक समुदाय (Legal Fraternity) के लिए समर्पित होगी।
इस प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना, आपसी सहयोग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और पेशेवर सौहार्द को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता में केवल 32 टीमों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने प्रत्येक टीम के लिए कम-से-कम एक महिला अधिवक्ता को शामिल करना अनिवार्य किया है, जिससे महिला अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का मानना है कि यह आयोजन अधिवक्ताओं के लिए केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आपसी संवाद, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का एक अनूठा मंच साबित होगा।
प्रतियोगिता की विजेता टीम को प्रथम “वॉली वर्डिक्ट ट्रॉफी” से सम्मानित किया जाएगा।
