टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

लीज खत्म तो जमीन खाली करनी होगी! आर्बिट्रेशन का बहाना नहीं चलेगा, राजस्थान हाईकोर्ट ने IOCL को 60 दिन में पेट्रोल पंप की जमीन खाली करने का दिया आदेश

Rajasthan High Court Directs IOCL to Vacate Leased Petrol Pump Land After Lease Expiry
किशनगढ़ में 60 दिन में खाली करनी होगी पेट्रोल पंप की जमीन, आर्बिट्रेशन की दलील खारिज

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने अजमेर जिले के किशनगढ़ में निजी जमीन पर कब्जे के मामले में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) को बड़ा झटका देते हुए जमीन से पेट्रोल आउटलेट खाली करने का आदेश दिया है।

जस्टिस आनंद शर्मा ने फैसला सुनाते हुए IOCL को 60 दिन के भीतर जमीन खाली कर उसका शांतिपूर्ण और खाली कब्जा जमीन मालिक सुम मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड को सौंपने का आदेश दिया है।

आदेश के तहत कंपनी को जमीन पर लगे अपने उपकरण, मशीनें और दूसरे ढांचे भी हटाने होंगे। पेट्रोलियम उत्पादों को हटाने का काम सुरक्षा नियमों के मुताबिक संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर करना होगा।

हालांकि, कंपनी को कितना बकाया किराया देना है, जमीन इस्तेमाल करने का कितना पैसा देना होगा और दूसरे आर्थिक दावों का क्या होगा, इसका फैसला आर्बिट्रेशन में होगा।

हाईकोर्ट ने कहा कि:-

”जब जमीन की लीज खत्म हो चुकी है और उसे आगे बढ़ाने के लिए कोई नया समझौता भी नहीं हुआ, तो कंपनी बिना किसी वैध आधार के जमीन पर कब्जा नहीं रख सकती। लीज की अवधि खत्म होने के बाद सिर्फ आर्बिट्रेशन का मामला लंबित होने से कंपनी को जमीन पर अनिश्चितकाल तक कब्जा बनाए रखने का अधिकार नहीं मिल जाता।”

याचिकाकर्ता की ओर से सीनियर एडवोकेट एम.एम. रंजन ने पैरवी की। उनकी सहायता एडवोकेट अश्वनी कुमार छोबिसा, प्रत्युषी मेहता, रोहन अग्रवाल और प्रियांशा गुप्ता ने की। वहीं, IOCL की ओर से एडवोकेट सुरुचि कसलीवाल और विक्रम सिंह पेश हुए।

19 साल 11 महीने के लिए दी थी जमीन, फिर भी खाली नहीं की

मामला अजमेर रोड स्थित मदनगंज-किशनगढ़ की जमीन का है। सुम मिनरल्स ने 16 मार्च 2004 को IOCL को पेट्रोल पंप चलाने के लिए यह जमीन 19 साल 11 महीने की लीज पर दी थी। इसकी अवधि 15 फरवरी 2024 को पूरी हो गई।

समझौते में लीज को 2034 तक बढ़ाने की संभावना जरूर रखी गई थी, लेकिन इसके लिए दोनों पक्षों के बीच नया लीज एग्रीमेंट होना जरूरी था।

सुम मिनरल्स का कहना था कि लीज खत्म होने के बाद उसने कई बार कंपनी से जमीन खाली करने और वहां लगे उपकरण हटाने को कहा, लेकिन आईओसीएल ने कब्जा नहीं छोड़ा।

IOCL की दलील- लीज आगे बढ़ाने के लिए भेजी थी चिट्ठी

IOCL ने कोर्ट में दलील दी कि उसने लीज खत्म होने से पहले ही इसे आगे जारी रखने की इच्छा जताते हुए चिट्ठी भेज दी थी।

कंपनी का कहना था कि समझौते में लीज बढ़ाने का प्रावधान है, इसलिए उसे जमीन खाली करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

कंपनी ने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के बीच समझौते में विवाद सुलझाने के लिए आर्बिट्रेशन यानी मध्यस्थता का रास्ता दिया गया है। ऐसे में इस विवाद का फैसला भी उसी प्रक्रिया के जरिए होना चाहिए।

हाईकोर्ट ने कहा- सिर्फ चिट्ठी भेजने से लीज आगे नहीं बढ़ जाती

हाईकोर्ट ने IOCL की इस दलील को स्वीकार नहीं किया।

हाईकोर्ट ने कहा कि लीज को आगे बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों के बीच नया समझौता होना जरूरी था। केवल कंपनी की ओर से चिट्ठी भेज देने या जमीन का इस्तेमाल जारी रखने की इच्छा जताने से लीज की अवधि नहीं बढ़ जाती।

हाईकोर्ट ने पाया कि लीज आगे बढ़ाने के लिए जरूरी नया समझौता हुआ ही नहीं था। ऐसे में 15 फरवरी 2024 को लीज खत्म हो गई थी। इसके बाद IOCL के पास जमीन पर कब्जा बनाए रखने का कोई वैध आधार नहीं था।

‘आर्बिट्रेशन में विवाद चलने से जमीन पर कब्जे का अधिकार नहीं मिलता’

हाईकोर्ट ने IOCL की उस दलील पर भी गौर दिया, जिसमें कंपनी ने विवाद को आर्बिट्रेशन में ले जाने की बात कही थी।

इस पर कोर्ट ने साफ किया कि किराया, बकाया भुगतान और नुकसान की भरपाई जैसे पैसों से जुड़े मामलों का फैसला आर्बिट्रेशन में हो सकता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी जमीन खाली करने से बच सकती है।

हाईकोर्ट ने कहा कि IOCL एक सरकारी कंपनी है और उससे कानून के मुताबिक काम करने की अपेक्षा है। सरकारी कंपनी होने का मतलब यह नहीं है कि वह किसी की निजी जमीन पर बिना वैध समझौते के कब्जा बनाए रख सकती है।

साथ ही कहा कि इस मामले में मुख्य सवाल जमीन का कब्जा उसके मालिक को वापस दिलाने का है। लीज खत्म होने के बाद IOCL सिर्फ आर्बिट्रेशन में विवाद लंबित होने का हवाला देकर अनिश्चित समय तक जमीन पर कब्जा नहीं रख सकती।

‘लीज खत्म होने पर कब्जा नहीं रख सकतीं सरकारी तेल कंपनियां’

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट के नेशनल कंपनी बनाम टेरिटरी मैनेजर, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड मामले का भी हवाला दिया।

उस मामले में भी पेट्रोलियम कंपनी की लीज खत्म होने के बाद जमीन खाली नहीं करने का विवाद था।

सुप्रीम कोर्ट ने तब कंपनी को परिसर का खाली कब्जा जमीन मालिक को लौटाने और जितने समय तक कब्जा रखा, उसके लिए बाजार दर के हिसाब से किराया देने का निर्देश दिया था।

हाईकोर्ट ने इस फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को भी कानून के मुताबिक निष्पक्ष तरीके से काम करना होता है।

वे सरकारी कंपनी होने का हवाला देकर किसी की निजी जमीन पर अनिश्चितकाल तक कब्जा नहीं रख सकतीं। जमीन पर कब्जा बनाए रखने के लिए उनके पास कोई वैध कानूनी आधार होना जरूरी है।

60 दिन में जमीन खाली करनी होगी, उपकरण भी हटाने होंगे

हाईकोर्ट ने IOCL को आदेश दिया कि वह फैसले की प्रमाणित कॉपी मिलने के 60 दिन के भीतर जमीन खाली कर सुम मिनरल्स को शांतिपूर्ण कब्जा सौंपे।

कंपनी को पेट्रोल पंप परिसर में लगे अपने सभी उपकरण, मशीनें, फिक्स्चर और दूसरे ढांचे भी हटाने होंगे।

पेट्रोलियम उत्पादों को हटाने का काम पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय करके सुरक्षा नियमों के तहत करना होगा।

हालांकि, जमीन का बकाया किराया, लीज खत्म होने के बाद जमीन के इस्तेमाल का पैसा, नुकसान की भरपाई और पेट्रोलियम उत्पादों के बचे हुए स्टॉक से जुड़े दावों पर कोर्ट ने कोई अंतिम फैसला नहीं दिया। इनका निपटारा आर्बिट्रेशन में किया जा सकेगा।

सबसे अधिक लोकप्रिय