जोधपुर। राजस्थान पटवारी भर्ती-2021 में नॉर्मलाइजेशन (अंकों के समानीकरण) की प्रक्रिया को चुनौती देने वाले अभ्यर्थियों को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है।
जस्टिस बिपिन गुप्ता ने दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर याचिका का निस्तारण डिवीजन बेंच के पहले के फैसले के आधार पर कर दिया।
याचिका में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से पटवारी भर्ती परीक्षा की अलग-अलग शिफ्ट के अंकों को बराबर करने के लिए अपनाई गई नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया को चुनौती दी गई थी। अभ्यर्थियों ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
जस्टिस बिपिन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों के अनुसार यह विवाद पहले ही ‘रीतेश कुमार ज्योतिषी बनाम राजस्थान सरकार’ मामले में डिवीजन बेंच के फैसले से कवर हो चुका है। इसी आधार पर मौजूदा याचिका का निस्तारण किया गया।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता मोहन सिंह शेखावत ने पैरवी की, जबकि राज्य और अन्य प्रतिवादियों की ओर से अधिवक्ता विनीत सनाढ्य ने पैरवी की.
चार शिफ्ट में हुई थी पटवारी भर्ती परीक्षा
पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2021 का आयोजन 23 और 24 अक्टूबर 2021 को चार अलग-अलग शिफ्ट में किया गया था।
परीक्षा में करीब 15.62 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। सभी शिफ्ट का सिलेबस एक जैसा था, लेकिन अलग-अलग शिफ्ट में प्रश्नपत्र अलग थे।
भर्ती के लिए कुल 5610 पद रखे गए थे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण परीक्षा चार शिफ्ट में कराई गई।
अलग-अलग प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में अंतर की आशंका को देखते हुए कर्मचारी चयन बोर्ड ने अंकों के नॉर्मलाइजेशन का तरीका अपनाया था।
पटवारी भर्ती-2021 में नॉर्मलाइजेशन को दी थी चुनौती
याचिका में पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2021 में लागू नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया और इसके आधार पर तैयार परिणाम को चुनौती दी गई थी।
भर्ती राजस्थान रेवेन्यू सबऑर्डिनेट सर्विस रूल्स, 2019 के तहत आयोजित की गई थी।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि परीक्षा के बाद लागू किए गए नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूले से चयन प्रक्रिया प्रभावित हुई। उन्होंने अलग-अलग शिफ्ट में चयनित अभ्यर्थियों की संख्या में अंतर और फॉर्मूले को लेकर सवाल उठाए थे।
चौथी शिफ्ट के अभ्यर्थियों ने उठाए थे परिणाम पर सवाल
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि नॉर्मलाइजेशन से चौथी शिफ्ट में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को नुकसान हुआ। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों की संख्या में शिफ्ट के हिसाब से अंतर का हवाला देते हुए भेदभाव होने की बात कही थी।
प्रोविजनल रिजल्ट में पहली शिफ्ट से 3,922, दूसरी से 3,451, तीसरी से 2,474 और चौथी शिफ्ट से केवल 1,485 अभ्यर्थी सफल हुए थे। चयन का अनुपात क्रमशः करीब 35%, 31%, 22% और 13% था।
27 मई 2022 को जारी फाइनल रिजल्ट में भी शिफ्ट के हिसाब से चयन का अनुपात अलग-अलग रहा। पहली शिफ्ट से करीब 36%, दूसरी से 32%, तीसरी से 21% और चौथी शिफ्ट से करीब 11% अभ्यर्थी चयनित हुए थे।
याचिकाकर्ताओं ने दलील दी थी कि भर्ती के नियमों और विज्ञापन में नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूले का पहले से जिक्र नहीं था।
उनका कहना था कि परीक्षा पूरी होने के बाद इसे लागू करना उचित नहीं था। अभ्यर्थियों ने फॉर्मूले और अलग-अलग शिफ्ट में चयन के अनुपात को लेकर भी आपत्ति जताई थी।
बोर्ड ने विशेषज्ञ समिति की सिफारिश का दिया हवाला
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने कोर्ट में नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया का बचाव किया था। बोर्ड का कहना था कि अलग-अलग शिफ्ट के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में संभावित अंतर को दूर करने के लिए यह तरीका अपनाया गया।
बोर्ड ने बताया कि विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूला लागू किया गया और इसे सभी शिफ्ट के अभ्यर्थियों पर समान रूप से इस्तेमाल किया गया।
समिति ने फॉर्मूले की जांच भी की थी। बोर्ड ने यह भी बताया कि चयन सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
बोर्ड ने 13 दिसंबर 2021 को नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाने का आदेश जारी किया था। इसके लिए विशेषज्ञ समिति बनाई गई थी। समिति ने वी. नटराजन और के. गुणसेकरन की ओर से सुझाए गए नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूले को अपनाने की सिफारिश की थी।
इस फॉर्मूले के जरिए अलग-अलग शिफ्ट में अभ्यर्थियों के प्राप्त अंकों को सांख्यिकीय तरीके से बराबर करने की कोशिश की गई।
बोर्ड ने समिति की सिफारिश के आधार पर अंकों की स्केलिंग की। इसके बाद 25 जनवरी 2022 को प्रोविजनल रिजल्ट और 27 मई 2022 को फाइनल चयन सूची जारी की गई।
डिवीजन बेंच पहले ही नॉर्मलाइजेशन को सही ठहरा चुकी है
इस विवाद पर राजस्थान हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 1 अगस्त 2025 को रीतेश कुमार ज्योतिषी एवं अन्य बनाम राजस्थान राज्य एवं अन्य मामले में फैसला सुनाया था। यह पटवारी भर्ती-2021 में नॉर्मलाइजेशन को चुनौती देने वाली विशेष अपीलों से संबंधित था।
डिवीजन बेंच ने माना था कि अलग-अलग शिफ्ट में प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में अंतर को दूर करने के लिए नॉर्मलाइजेशन एक सांख्यिकीय प्रक्रिया है।
इसका उद्देश्य सभी शिफ्ट के अभ्यर्थियों को समान अवसर देना था। कोर्ट ने विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट और उसके सुझाए फॉर्मूले को सही पाया था।
बेंच ने यह भी माना था कि नॉर्मलाइजेशन सभी शिफ्ट के अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू किया गया। विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट को चुनौती नहीं दी गई थी और प्रक्रिया में मनमानी या नियमों के उल्लंघन का आधार नहीं पाया गया था।
डिवीजन बेंच ने भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दिए जाने का भी जिक्र किया था। इसके बाद कोर्ट ने विशेष अपीलें खारिज कर दी थीं।
हाईकोर्ट ने उसी फैसले के आधार पर याचिका निस्तारित की
मौजूदा याचिका की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि मामला डिवीजन बेंच के 1 अगस्त 2025 के फैसले रीतेश कुमार ज्योतिषी एवं अन्य बनाम राजस्थान राज्य एवं अन्य से कवर होता है।
जस्टिस बिपिन गुप्ता ने मामले के गुण-दोष पर अलग से विचार किए बिना दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर याचिका का निस्तारण पहले के फैसले के समान शर्तों पर कर दिया। साथ ही सभी लंबित आवेदनों का भी निस्तारण कर दिया गया।