जोधपुर: राजस्थान हाईकोर्ट ने नियमितीकरण से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि लेबर कोर्ट के अंतिम फैसले से नौकरी पर बहाली को सेवा में ब्रेक नहीं माना जा सकता।
इसी आधार पर हाईकोर्ट ने श्रीकरणपुर नगर पालिका में काम कर चुके कर्मचारी प्यारे लाल को राहत देते हुए उसकी नौकरी को 10 साल से ज्यादा की लगातार सेवा मानते हुए नौकरी नियमित करने के मामले पर दोबारा विचार करने का आदेश दिया है।
हाईकोर्ट ने नगर पालिका और संबंधित विभागों को नियमों के तहत 90 दिन में उनके नियमितीकरण पर फैसला लेने को कहा है।
जस्टिस गणेश राम मीणा ने फैसला सुनाते हुए कहा कि किसी कर्मचारी को लेबर कोर्ट के अंतिम फैसले के बाद नौकरी पर वापस लेने का मतलब यह नहीं है कि उसकी सेवा कोर्ट के हस्तक्षेप से जारी रही।
ऐसे में 10 साल की लगातार सेवा पूरी नहीं होने का आधार बनाकर नियमितीकरण पर विचार करने से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्यारे लाल की ओर से अधिवक्ता गोपी राम गोयल ने पैरवी की, जबकि पेंशन एवं पेंशनर्स वेलफेयर विभाग की ओर से अधिवक्ता महावीर प्रसाद पारीक पेश हुए। राज्य के स्थानीय स्वशासन विभाग और श्रीकरणपुर नगर पालिका की ओर से सुनवाई के दौरान कोई पेश नहीं हुआ।
1986 में मिली थी नौकरी, 2 साल बाद कर दिया गया था बाहर
दरअसल प्यारे लाल को 1 फरवरी 1986 को श्रीकरणपुर नगर पालिका में स्वीकृत पद पर काम पर रखा गया था। करीब दो साल बाद 5 जून 1988 को उन्हें नौकरी से हटा दिया गया।
इसके खिलाफ प्यारे लाल ने श्रीगंगानगर के लेबर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
लेबर कोर्ट ने 3 नवंबर 1999 को प्यारे लाल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए नौकरी से हटाने की कार्रवाई को गलत और अनुचित माना था।
लेबर कोर्ट ने नगर पालिका को प्यारे लाल को वापस नौकरी पर लेने और उनकी सेवा लगातार जारी मानने का आदेश दिया। साथ ही बीच की अवधि के लिए 50% वेतन देने की बात भी कही गई।
पहले भी हाईकोर्ट ने नौकरी से हटाने का फैसला गलत माना था
श्रीकरणपुर नगर पालिका ने लेबर कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
इस मामले में हाईकोर्ट ने भी 11 फरवरी 2014 को लेबर कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें प्यारे लाल को नौकरी से हटाने की कार्रवाई को गलत माना गया था।
हालांकि, हाईकोर्ट ने बीच की अवधि के वेतन के बदले 25,000 रुपये एकमुश्त देने का आदेश दिया था।
इसके बाद भी प्यारे लाल की सेवा नियमित नहीं की गई और उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर नियमितीकरण के साथ पेंशन और रिटायरमेंट से जुड़े दूसरे फायदे देने की मांग की।
कर्मचारी ने 2011 के नियमों के तहत नियमितीकरण की मांग की
प्यारे लाल ने कहा कि राजस्थान सरकार ने 2011 में नगर पालिका के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नौकरी नियमित करने के लिए नियमों में बदलाव किया था।
इसके तहत स्वीकृत पदों पर अनियमित रूप से नियुक्त उन कर्मचारियों की नौकरी नियमित करने पर विचार किया जाना था, जिन्होंने 10 अप्रैल 2006 तक बिना कोर्ट के अंतरिम आदेश के 10 साल की सेवा पूरी कर ली थी।
प्यारे लाल ने दलील दी कि वह 1986 से नौकरी कर रहे थे और लेबर कोर्ट ने भी उनकी सेवा लगातार जारी मानी थी।
ऐसे में सिर्फ इस वजह से उनकी नौकरी नियमित करने से मना नहीं किया जा सकता कि वह कोर्ट के आदेश पर दोबारा काम पर लौटे थे।
विभाग ने कहा- कोर्ट के आदेश से जारी रही नौकरी
सुनवाई को दौरान पेंशन एवं पेंशनर्स वेलफेयर विभाग की ओर से कहा गया कि जब तक प्रशासनिक विभाग उनकी सेवा नियमित नहीं करता, तब तक वे पेंशन के हकदार नहीं हो सकते।
वहीं नगर पालिका ने प्यारे लाल की नौकरी नियमित नहीं की थी। अधिकारियों का कहना था कि उन्होंने बिना कोर्ट के आदेश के 10 साल की लगातार सेवा पूरी नहीं की थी।
उनकी दलील थी कि लेबर कोर्ट के आदेश पर नौकरी में वापसी होने के कारण उनकी सेवा को कोर्ट के हस्तक्षेप से जारी माना जाएगा। इसी आधार पर उनकी नियमितीकरण की मांग स्वीकार नहीं की गई।
हाईकोर्ट ने बताया- कब माना जाएगा कोर्ट का हस्तक्षेप
जस्टिस गणेश राम मीणा ने अधिकारियों की दलील नहीं मानी। कोर्ट ने साफ किया कि अंतरिम आदेश पर नौकरी जारी रहने और लेबर कोर्ट के अंतिम फैसले के बाद सेवा में बहाली होने में फर्क है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी कर्मचारी को अगर कोर्ट के अंतरिम आदेश के कारण नौकरी में बनाए रखा जाता है, तो उसे कोर्ट के हस्तक्षेप से सेवा जारी रहना माना जा सकता है।
लेकिन प्यारे लाल का मामला अलग था। उनके मामले में लेबर कोर्ट ने पूरे विवाद पर सुनवाई के बाद अंतिम फैसला दिया था। बर्खास्तगी को गलत माना गया और उन्हें सेवा में वापस लेने के साथ नौकरी लगातार जारी रहने का लाभ दिया गया था।
ऐसे में सिर्फ लेबर कोर्ट के अंतिम फैसले के आधार पर यह नहीं कहा जा सकता कि उनकी सेवा कोर्ट के हस्तक्षेप से जारी रही।
हाईकोर्ट ने माना कि प्यारे लाल की सेवा 1 फरवरी 1986 से लगातार मानी जानी चाहिए। इसलिए 10 साल की सेवा पूरी नहीं होने का आधार बनाकर उनकी नौकरी नियमित करने के मामले पर विचार नहीं करना गलत और मनमाना था।
90 दिन में करना होगा नियमितीकरण पर फैसला
हाईकोर्ट ने याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि 2011 के संशोधित नियमों के तहत प्यारे लाल की नौकरी नियमित करने के मामले पर विचार किया जाए।
इस दौरान उन्हें 10 साल से अधिक की लगातार सेवा वाला कर्मचारी माना जाए, बशर्ते वे नियमों की दूसरी जरूरी शर्तें भी पूरी करते हों।
हाईकोर्ट ने आदेश की प्रमाणित कॉपी जमा होने के 90 दिन के भीतर पूरी प्रक्रिया करने को कहा है। हालांकि, कोर्ट ने अभी सीधे पेंशन या रिटायरमेंट लाभ देने का आदेश नहीं दिया है।
नियमित हुए तो मिलेगी पेंशन
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगर अधिकारियों की ओर से प्यारे लाल की नौकरी नियमित कर दी जाती है, तो इसके बाद उनके पेंशन और दूसरे रिटायरमेंट लाभों के मामले पर नियम के मुताबिक विचार किया जा सकता है।
यानी हाईकोर्ट के फैसले से प्यारे लाल के लिए नौकरी नियमित होने और आगे पेंशन पाने का रास्ता खुला है, लेकिन अंतिम लाभ उनकी पात्रता और अधिकारियों के फैसले पर निर्भर करेगा।