जोधपुर/जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने हाईकोर्ट में सीनियर एडवोकेट के (Designation) के लिए नोटिस जारी किया है।
हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं से सीनियर एडवोकेट के रूप में नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राजस्थान हाईकोर्ट (Designation of Senior Advocates) Rules, 2026 के तहत यह प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे राज्य के अनुभवी और योग्य अधिवक्ताओं को सीनियर एडवोकेट का दर्जा दिया जाएगा।

31 मार्च 2026 तक कर सकेंगे आवेदन
हाईकोर्ट द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सीनियर एडवोकेट नामांकन के लिए आवेदन 31 मार्च 2026 शाम 5:00 बजे तक हाथों-हाथ या डाक के माध्यम से जमा किए जा सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अधूरी फाइल पर सख्त रुख
हाईकोर्ट ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि यदि आवेदन पत्र अधूरा पाया गया या आवश्यक दस्तावेज संलग्न नहीं किए गए या निर्धारित प्रारूप का पालन नहीं किया गया तो ऐसे आवेदन बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे।
साथ ही, डाक विलंब (Postal Delay) की स्थिति में भी न्यायालय प्रशासन किसी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेगा।
क्या है प्रक्रिया?
आवेदन निर्धारित प्रारूप में बायोडाटा के साथ जमा करना अनिवार्य है। यह प्रक्रिया राजस्थान हाईकोर्ट के स्थायी सचिवालय (Permanent Secretariat for Designation of Senior Advocates), जोधपुर द्वारा संचालित की जा रही है।
नोटिस रजिस्ट्रार (प्रशासन) के आदेश से जारी किया गया है।
अधिवक्ता समुदाय में खुशी
लंबे समय बाद राजस्थान हाईकोर्ट में अधिवक्ताओं को वरिष्ठता देने की कवायद शुरू होने से अधिवक्ता समुदाय में खुशी हैं.
सीनियर एडवोकेट का दर्जा न्यायिक क्षेत्र में प्रतिष्ठा और पेशेवर मान्यता का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में कई वरिष्ठ अधिवक्ता इस प्रक्रिया में आवेदन की तैयारी में जुट गए हैं।