जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर में शनिवार को रंगों और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला। महिला अधिवक्ताओं की पहल पर आयोजित “फाग उत्सव” ने अदालत परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर एकता अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और महिला अधिवक्ताओं की पहल की सराहना की। समारोह के दौरान सभी वरिष्ठ अधिवक्ताओं का पारंपरिक राजस्थानी ठाठ-बाट के साथ सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि हाईकोर्ट की सभी पूर्व एवं वर्तमान महिला पदाधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित रहीं। बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ताओं ने फाग गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक उल्लास के साथ उत्सव मनाया।
न्यायिक गरिमा और परंपरा का संतुलन बनाए रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में महिला अधिवक्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही सभागार में उपस्थित अधिवक्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कार्यक्रम का स्वागत किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष ने कहा कि न्यायालय केवल विधिक विमर्श का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजन आपसी सौहार्द, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं।

फाग उत्सव के दौरान महिला अधिवक्ताओं ने पारंपरिक राजस्थानी लोकगीतों और फाग गीतों की प्रस्तुति दी।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजी अधिवक्ताओं ने होली के पारंपरिक गीतों के माध्यम से वसंत ऋतु का स्वागत किया। कार्यक्रम में “होली है” के उत्साहपूर्ण स्वर गूंजे और सभी ने गुलाल के हल्के स्पर्श से एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हास्य-व्यंग्य की झलक भी देखने को मिली।
समापन अवसर पर सभी उपस्थित अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।