टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

अंतिम सप्ताह में भी कैट मामलों की सुनवाई करेंगे जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा, 26 सितंबर को होंगे सेवानिवृत्त

Justice Sanjeev Prakash Sharma to Hear CAT Matters in Final Week; Rajasthan High Court Judge to Retire on September 26

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश एवं पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा अपने न्यायिक कार्यकाल के अंतिम सप्ताह में भी CAT मामलों की सुनवाई करेंगे।

जस्टिस शर्मा 26 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं।

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल के आदेश से जारी नए रोस्टर में जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को जस्टिस संगीता शर्मा के साथ डिवीजन बेंच-2 (DB-2) में रखा गया है।

यह खंडपीठ CAT (Central Administrative Tribunal) से संबंधित मामलों की सुनवाई करेगी। नया रोस्टर 22 से 26 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।

इस तरह सेवानिवृत्ति से पहले अपने कार्यकाल के अंतिम सप्ताह में भी जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा न्यायिक कार्य करते हुए CAT मामलों की सुनवाई करेंगे।

रोस्टर में भी बदला न्यायिक समीकरण

जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश हैं और पूर्व में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

हाल के दिनों में हाईकोर्ट के प्रशासनिक एवं न्यायिक घटनाक्रम के बीच मुख्य न्यायाधीश के पद को लेकर भी चर्चाएं सामने आई थीं।

सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस संदीप मेहता द्वारा लिखे गए पत्रों के बाद बने घटनाक्रम के बीच राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस संजय के. अग्रवाल की नियुक्ति हुई।

उनके शपथ ग्रहण के बाद जारी रोस्टर में जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को जस्टिस संगीता शर्मा के साथ CAT मामलों की सुनवाई के लिए निर्धारित किया गया। जिसे अब भी जारी रखा गया हैं.

नए रोस्टर में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल स्वयं जस्टिस इंद्रजीत सिंह के साथ मुख्य खंडपीठ में बैठेंगे।

मुख्य खंडपीठ को जनहित याचिकाओं, विशेष अपीलों, डिवीजन बेंच सिविल रिट याचिकाओं, आयकर अपीलों और वाणिज्यिक मामलों का क्षेत्राधिकार दिया गया है।

विदाई रेफरेंस को लेकर भी चर्चाएं तेज

जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा के सेवानिवृत्त होने से पहले विदाई रेफरेंस को लेकर भी हाईकोर्ट के गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।

हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा के लिए विदाई रेफरेंस आयोजित होगा या नहीं और यदि होगा तो उसका स्वरूप क्या होगा। इस संबंध में अभी तक कोई अंतिम आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।

राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ की दोनो बार एसोसिएशन द्वारा किए गए भारी विरोध और जयपुर पीठ में भी अधिवक्ताओं के हंगामे के बाद अब जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा के विदाई रेफरेंस की चर्चा हैं.

फिलहाल अभी तक यह तय नहीं हुआ हैं कि क्या जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा खुद भी विदाई रेफरेंस की अनुमति देंगे या नहीं.

गौरतलब है कि हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के विदाई रेफरेंस को लेकर सूचना आमतौर पर कार्यक्रम से कुछ समय पहले जारी की जाती है। ऐसे में अगले सप्ताह अंतिम कार्यदिवसों के दौरान इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा की सेवानिवृत्ति से पहले जारी यह अंतिम सप्ताह का रोस्टर इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें उन्हें उनके कार्यकाल के आखिरी दिनों में भी केवल CAT मामलों की सुनवाई की जिम्मेदारी दी गई है।

सबसे अधिक लोकप्रिय