टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

मासूम बच्ची की गवाही और DNA साक्ष्य ने खोली दरिंदगी की पोल, राजस्थान हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के दोषी की उम्रकैद रखी बरकरार; अपील खारिज

Rajasthan High Court Upholds Conviction in Minor Rape Case, Reduces Life Term to 20 Years

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने बच्ची से दुष्कर्म के मामले में बच्ची की गवाही, DNA और FSL रिपोर्ट को अहम सबूत मानते हुए दोषी को राहत देने से इनकार करते हुए उसकी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी।

जस्टिस महेंद्र कुमार गोयल और जस्टिस भुवन गोयल की बेंच ने आरोपी की अपील खारिज कर दी और ट्रायल कोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए दोषसिद्धि और उम्रकैद कायम रखी है।

हाईकोर्ट ने बच्ची की उम्र घटना के समय 7 से 9 साल के बीच मानी और उसकी गवाही को भरोसेमंद पाया। वहीं आरोपी की ओर से गवाहों के बयानों में अंतर होने और झूठा फंसाने की दलील को भी कोर्ट ने खारिज कर दी।

हाईकोर्ट ने यह भी माना कि मेडिकल रिपोर्ट और FSL जांच से भी अभियोजन के आरोपों की पुष्टि हुई। जिसे देखते हुए हाईकोर्ट ने आरोपी की अपील खारिज कर दी।

आरोपी की ओर से अधिवक्ता दिनेश चंद शर्मा और राज्य सरकार की ओर से पब्लिक प्रॉसिक्यूटर अमित पुनिया ने पैरवी की।

बच्ची को खाने के बहाने साथ ले गया था आरोपी

मामला झुंझुनूं जिले के पिलानी थाना क्षेत्र का है। 16 मार्च 2017 को आरोपी शहजाद उर्फ काला बच्ची को कुछ खाने के लिए अपने साथ ले गया था। शाम करीब 6 बजे जब वह बच्ची के साथ लौटा, तो बच्ची रो रही थी और उसके निजी अंग से खून निकल रहा था।

पिता के पूछने पर बच्ची ने बताया कि आरोपी उसे झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

इसके बाद पिलानी थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 366A, 376 और POCSO एक्ट के तहत चार्जशीट पेश की।

ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को सुनाई थी उम्रकैद

ट्रायल के दौरान अभियोजन पक्ष ने 16 गवाहों के बयान दर्ज कराए और कई दस्तावेज पेश किए। इन सबूतों के आधार पर झुंझुनूं की विशेष POCSO कोर्ट ने 23 जनवरी 2019 को आरोपी को दोषी ठहराया था।

कोर्ट ने POCSO एक्ट की धारा 5/6 और IPC की धारा 376 के तहत उम्रकैद और दोनों मामलों में 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।

वहीं, IPC की धारा 366A के तहत 10 साल की कठोर कैद और 5 हजार रुपये जुर्माना लगाया था। ट्रायल कोर्ट के इस फैसले को आरोपी ने राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

आरोपी ने गवाहों के बयान में अंतर होने का तर्क दिया

वहीं हाईकोर्ट में आरोपी की ओर से कहा गया कि उसे झूठा फंसाया गया है और अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयानों में अंतर हैं।

आरोपी ने मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह भी कहा कि बच्ची को चोट लकड़ी की नुकीली चीज पर गिरने से भी लग सकती थी।

वहीं, राज्य सरकार ने इस दलील का विरोध किया और कहा कि अभियोजन पक्ष ने ट्रायल के दौरान पर्याप्त सबूत पेश किए हैं।

यहां POCSO एक्ट की धारा 29 के तहत आरोपी के खिलाफ अपराध साबित होने की धारणा लागू होती है इसलिए ट्रायल कोर्ट के फैसले में दखल देने की जरूरत नहीं है।

हाईकोर्ट ने बच्ची की गवाही को अहम सबूत माना

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बच्ची की उम्र से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड और उसके पिता के बयान के आधार पर माना कि घटना के समय उसकी उम्र करीब 7 से 9 साल थी।

हाईकोर्ट ने कहा कि बच्ची ने मजिस्ट्रेट के सामने और कोर्ट में दिए बयान में आरोपी द्वारा झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म करने की बात कही और उसकी गवाही जिरह के दौरान कहीं भी कमजोर नहीं हुई।

हाईकोर्ट ने बच्ची की गवाही को भरोसेमंद माना। कोर्ट ने कहा कि जिरह के दौरान उसके बयान में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई, जिससे उसकी गवाही पर संदेह किया जा सके।

DNA रिपोर्ट और FSL जांच पर किया गौर

हाईकोर्ट ने पाया कि मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के बाहरी प्राइवेट पार्ट में ताजा खून और चोट का जिक्र था। डॉक्टर ने भी दुष्कर्म की आशंका से इनकार नहीं किया था।

FSL जांच में बच्ची के कपड़ों और प्राइवेट पार्ट से लिए गए नमूनों में सीमन मिला। DNA रिपोर्ट में आरोपी के खून के नमूने का DNA बच्ची के कपड़ों पर मिले सीमन के DNA से मेल खाता पाया गया।

‘गवाहों के मामूली अंतर से गवाही खारिज नहीं होगी’

वहीं हाईकोर्ट ने गवाहों के बयानों में बताए गए अंतरों को मामूली माना। कोर्ट ने कहा कि घटना के काफी समय बाद बयान देने पर मामूली अंतर स्वाभाविक है। ऐसे विरोधाभासों के आधार पर विश्वसनीय गवाही को खारिज नहीं किया जा सकता।

साथ ही पॉक्सो एक्ट की धारा 29 का हवाला देते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष जरूरी शुरुआती तथ्य साबित कर चुका है, लेकिन आरोपी इस धारणा को खारिज नहीं कर सका।

सभी सबूतों और दलीलों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने माना कि ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को दोषी ठहराने और सजा सुनाने में कोई गलती नहीं की थी।

हाईकोर्ट को फैसले में दखल देने का कोई आधार नहीं मिला। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने आरोपी की अपील खारिज करते हुए उम्रकैद समेत उसकी सभी सजाएं बरकरार रखीं।

सबसे अधिक लोकप्रिय