जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने सहायक आचार्य (सुपर स्पेशियलिटी) बाल शल्य चिकित्सा के पदों पर भर्ती से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया हैं कि चयनित अभ्यर्थियों के जॉइन नहीं करने पर वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अधिकार होगा.
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब चयनित अभ्यर्थियों के कार्यग्रहण नहीं करने के बावजूद विभाग लगातार जॉइनिंग अवधि बढ़ाता रहा और इस कारण प्रतीक्षा सूची के संचालन में देरी हुई, तो सरकार बाद में उसी प्रतीक्षा सूची की छह महीने की वैधता समाप्त होने का आधार लेकर याचिकाकर्ताओं के दावे को खारिज नहीं कर सकती।
जस्टिस कुलदीप माथुर की एकलपीठ ने डॉ. परमेश्वर लाल और डॉ. मोहनलाल की ओर से दायर याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया
हाईकोर्ट ने इसके साथ ही सहायक आचार्य (सुपर स्पेशियलिटी) बाल शल्य चिकित्सा के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के कार्यग्रहण नहीं करने से रिक्त हुए पदों पर प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिया हैं.
राजस्थान हाईकोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिन के भीतर राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) से याचिकाकर्ताओं के नाम मंगवाने और उनकी पात्रता व अन्य आवश्यक शर्तों के सत्यापन के बाद नियुक्ति देने के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता यशपाल खिलेरी के अनुसार राजस्थान लोक सेवा आयोग ने 27 नवंबर 2021 को सहायक आचार्य (सुपर स्पेशियलिटी) बाल शल्य चिकित्सा के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था।
इस भर्ती प्रक्रिया में डॉ. परमेश्वर लाल और डॉ. मोहनलाल ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत आवेदन किया था।
चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में सफल होने के बाद दोनों अभ्यर्थियों को साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया। इसके बाद आरपीएससी ने 1 मई 2024 को चयन सूची और प्रतीक्षा सूची जारी की।
हालांकि, दोनों याचिकाकर्ताओं का नाम मुख्य चयन सूची में शामिल नहीं हुआ, लेकिन उन्हें प्रतीक्षा सूची में क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान पर रखा गया था।
ऐसे में मुख्य चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों के कार्यग्रहण नहीं करने पर दोनों को नियुक्ति मिलने की उम्मीद थी।
तीन चयनित अभ्यर्थियों ने नहीं किया कार्यग्रहण
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता यशपाल खिलेरी ने अदालत को बताया कि मुख्य चयन सूची में शामिल कम से कम तीन अभ्यर्थियों डॉ. प्रियंका, डॉ. सहज प्रजापति और डॉ. भेरूलाल ने निर्धारित समयावधि में अपने पदों पर कार्यग्रहण नहीं किया।
इसके बावजूद विभाग ने संबंधित अभ्यर्थियों को जॉइनिंग के लिए बार-बार अतिरिक्त समय दिया।
डॉ. प्रियंका के मामले में 17 अक्टूबर 2025 को तीन महीने की अवधि बढ़ाई गई। इसके बाद 23 जनवरी 2026 को एक महीने का अतिरिक्त समय दिया गया। फिर 25 फरवरी 2026 के आदेश से जॉइनिंग की अवधि 15 मार्च 2026 तक बढ़ा दी गई।
इसके बावजूद कार्यग्रहण नहीं करने पर 24 अप्रैल 2026 को उन्हें 10 दिन के भीतर जॉइन करने का अंतिम अवसर दिया गया।
इसी तरह डॉ. भेरूलाल गुर्जर के मामले में भी जॉइनिंग की अवधि बढ़ाने संबंधी आदेश जारी किए गए।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि डॉ. सहज प्रजापति और डॉ. भेरूलाल गुर्जर ने बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद कार्यग्रहण नहीं किया। इसके बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव ने 13 जुलाई 2026 को दोनों के नियुक्ति आदेश निरस्त कर दिए।
याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि जब चयनित अभ्यर्थियों ने पदों पर कार्यग्रहण नहीं किया और उनके नियुक्ति आदेश भी निरस्त कर दिए गए, तो प्रतीक्षा सूची में प्रथम और द्वितीय स्थान पर मौजूद होने के कारण उन्हें रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विचार किए जाने का अधिकार है।
सरकार ने छह महीने की वैधता का दिया तर्क
राज्य सरकार की ओर से याचिका का विरोध करते हुए कहा कि प्रतीक्षा सूची में नाम शामिल होने मात्र से किसी अभ्यर्थी को नियुक्ति का कोई स्थायी या अपरिहार्य अधिकार प्राप्त नहीं हो जाता।
सरकार ने कार्मिक विभाग के 27 दिसंबर 2021 के परिपत्र का हवाला देते हुए कहा कि प्रतीक्षा सूची सामान्यतः मुख्य चयन सूची भेजे जाने की तारीख से छह महीने तक ही प्रभावी रहती है।
सरकार का तर्क था कि डॉ. सहज प्रजापति और डॉ. भेरूलाल गुर्जर के नियुक्ति आदेश छह महीने की अवधि समाप्त होने के बाद 13 जुलाई 2026 को निरस्त किए गए।
ऐसे में प्रतीक्षा सूची की वैधता समाप्त हो जाने के कारण याचिकाकर्ताओं को अब नियुक्ति देने की मांग का अधिकार नहीं है।
हाईकोर्ट ने सरिता चौधरी मामले के फैसले का दिया हवाला
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कार्मिक विभाग के 27 दिसंबर 2021 के परिपत्र के प्रावधानों का परीक्षण किया।
इसके साथ ही अदालत ने सरिता चौधरी बनाम राजस्थान राज्य एवं अन्य मामले में 11 सितंबर 2015 को दिए गए फैसले का हवाला दिया.
इस पुराने मामले में भी ऐसी ही स्थिति सामने आई थी, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों के कार्यग्रहण नहीं करने के बावजूद विभाग लगातार उनकी जॉइनिंग अवधि बढ़ाता रहा था।
उस मामले में हाईकोर्ट ने माना था कि अधिकारियों की ओर से बार-बार समय बढ़ाने की कार्रवाई प्रतीक्षा सूची के संचालन के मूल उद्देश्य को ही विफल कर देती है।
ऐसी परिस्थितियों में विभाग प्रतीक्षा सूची की वैधता समाप्त होने का हवाला देकर उसमें शामिल अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए विचार किए जाने से वंचित नहीं कर सकता।
जॉइनिंग अवधि बार-बार बढ़ाने से प्रतीक्षा सूची का उद्देश्य ही विफल हुआ: हाईकोर्ट
जस्टिस कुलदीप माथुर ने अपने आदेश में कहा कि रिकॉर्ड का अवलोकन करने से स्पष्ट होता है कि 1 मई 2024 को जारी प्रतीक्षा सूची का संचालन नहीं हो पाने का प्रमुख कारण चयनित अभ्यर्थियों को बार-बार जॉइनिंग अवधि बढ़ाकर देना था, जबकि वे निर्धारित समय में पदों पर कार्यग्रहण करने में विफल रहे थे।
एकलपीठ ने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने समय पर कार्रवाई करने और रिक्त पदों को प्रतीक्षा सूची के माध्यम से भरने के बजाय उन्हें लंबित रखा।
इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को लगातार अतिरिक्त समय दिया जाता रहा।
हाईकोर्ट ने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई ने प्रतीक्षा सूची तैयार करने के मूल उद्देश्य को ही लगभग विफल कर दिया और उसके संचालन को व्यावहारिक रूप से असंभव बना दिया।
हाईकोर्ट ने यह भी महत्वपूर्ण माना कि यदि विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों के कार्यग्रहण नहीं करने के बाद समय पर आवश्यक कदम उठाए होते और कानून के अनुसार प्रतीक्षा सूची का संचालन किया होता, तो याचिकाकर्ताओं को नियुक्ति प्राप्त करने का अवसर मिल सकता था और उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।
अपनी ही निष्क्रियता का फायदा नहीं उठा सकता विभाग: हाईकोर्ट
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट और महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रतिवादी अधिकारियों को अपनी ही निष्क्रियता का लाभ उठाने और उसके आधार पर याचिकाकर्ताओं के वैध दावे को समाप्त करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
हाईकोर्ट ने कहा कि जब विभाग ने स्वयं चयनित अभ्यर्थियों को बार-बार जॉइनिंग के लिए अतिरिक्त समय दिया और इसके कारण रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में देरी हुई, तो अब विभाग प्रतीक्षा सूची की छह महीने की वैधता समाप्त होने का तर्क देकर याचिकाकर्ताओं को नियुक्ति के लिए विचार किए जाने से वंचित नहीं कर सकता।
हाईकोर्ट ने माना कि संबंधित चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश 13 जुलाई 2026 को निरस्त किए गए।
इस प्रकार विभाग ने जॉइनिंग अवधि बढ़ाकर और कार्यग्रहण नहीं करने के संबंध में अंतिम निर्णय लेने में देरी करके स्वयं ही प्रतीक्षा सूची के संचालन में आवश्यक कार्रवाई को विलंबित किया।
हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि 19 मार्च 2026 को अंतरिम आदेश पारित कर अनारक्षित और ओबीसी श्रेणी के सहायक आचार्य (सुपर स्पेशियलिटी) बाल शल्य चिकित्सा के दो पदों को दोबारा विज्ञापित करने पर रोक लगा दी गई थी।
हाईकोर्ट ने इन सभी परिस्थितियों को एक साथ देखते हुए माना कि याचिकाकर्ताओं के दावे को केवल प्रतीक्षा सूची की वैधता समाप्त होने की तकनीकी दलील के आधार पर खारिज नहीं किया जा सकता।
सरकार को 15 दिन में आरपीएससी से नाम मंगवाने के आदेश
हाईकोर्ट ने मामले के तथ्यों और सरिता चौधरी के फैसले को ध्यान में रखते हुए याचिका स्वीकार कर ली।
हाईकोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया कि वे 15 दिन के भीतर राजस्थान लोक सेवा आयोग से दोनों याचिकाकर्ताओं के नाम मंगवाएं और चयनित अभ्यर्थियों के दावा छोड़ने अथवा कार्यग्रहण नहीं करने के कारण रिक्त हुए पदों पर उन्हें नियुक्ति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएं।
हालांकि, हाईकोर्ट ने नियुक्ति को दोनों अभ्यर्थियों की पात्रता के सत्यापन और अन्य लागू शर्तों की पूर्ति के अधीन रखा है।