जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने खाली प्लॉट के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में रजिस्टर्ड सेल डीड और मालिक की गवाही को अहम मानते हुए पहली अपीलीय अदालत का फैसला कायम रखते हुए 25 साल पुराना दावा खारिज कर दिया।
हाईकोर्ट ने उस व्यक्ति के बेटे की सिविल सेकंड अपील खारिज कर दी, जिसने प्लॉट पर लंबे समय से कब्जे और किरायेदारी का दावा किया था।
जस्टिस मनीष शर्मा ने कहा कि खाली जमीन पर वास्तविक कब्जे को लेकर विवाद होने पर उसके मालिकाना हक के दस्तावेज भी कब्जा तय करने में अहम हो सकते हैं।
हाईकोर्ट ने पाया कि प्लॉट खरीदने वाले व्यक्ति के पास रजिस्टर्ड सेल डीड थी, जबकि विरोधी पक्ष किरायेदारी या अपने कब्जे के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 100 के तहत दूसरी अपील में तभी दखल दिया जा सकता है, जब मामले में कानून का कोई महत्वपूर्ण सवाल शामिल हो। केवल तथ्यों के आधार पर पहली अपीलीय अदालत के फैसले को दोबारा नहीं परखा जा सकता।
अपीलार्थी की ओर से अधिवक्ता श्री भगत दाधीच ने पैरवी करते हुए दलीलें पेश कीं, जबकि प्रतिवादी ओमप्रकाश की ओर से अधिवक्ता श्री विवेक श्रीमाली ने पक्ष रखा।
2001 में रजिस्टर्ड सेल डीड से खरीदा था प्लॉट
मामला जोधपुर के महामंदिर क्षेत्र में शिव मंदिर के पास स्थित एक खाली प्लॉट से जुड़ा है। ओमप्रकाश ने कोर्ट में दावा किया था कि उन्होंने 27 नवंबर 2001 को पुराने मालिक बाबूलाल से रजिस्टर्ड सेल डीड के जरिए यह प्लॉट खरीदा था।
ओमप्रकाश का आरोप था कि छिन्नूलाल और उनके परिवार के लोग प्लॉट पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। वे उन्हें बाउंड्री वॉल बनाने और जमीन का इस्तेमाल करने से भी रोकते थे।
इसी वजह से ओमप्रकाश ने सिविल कोर्ट में स्थायी निषेधाज्ञा यानी परमानेंट इंजंक्शन का मुकदमा दायर किया था, ताकि विरोधी पक्ष उनके काम और कब्जे में दखल न दे सके।
दूसरी ओर, छिन्नूलाल का दावा था कि वह अपने भाई बाबूलाल से करीब 17-18 साल से 50 रुपये महीने के किराये पर यह जगह लेकर इस्तेमाल कर रहे थे।
उनका कहना था कि वहां मवेशी बांधे जाते थे और चारा रखा जाता था। परिवार के बीच संबंध होने के कारण किराये की कोई रसीद या लिखित दस्तावेज नहीं बनाया गया था। उन्होंने ओमप्रकाश की ओर से पेश सेल डीड की जानकारी होने से भी इनकार किया था।
ट्रायल कोर्ट ने खारिज किया था मुकदमा
ट्रायल कोर्ट ने दोनों पक्षों के मौखिक और दस्तावेजी सबूतों पर विचार करने के बाद 15 फरवरी 2021 को ओमप्रकाश का मुकदमा खारिज कर दिया था। इसके बाद ओमप्रकाश ने पहली अपीलीय अदालत में चुनौती दी।
पहली अपीलीय अदालत ने ट्रायल कोर्ट का फैसला पलट दिया और ओमप्रकाश के पक्ष में स्थायी निषेधाज्ञा की डिक्री जारी कर दी।
कोर्ट ने माना कि ओमप्रकाश ने दस्तावेजों और गवाहों के जरिए प्लॉट पर अपना कब्जा साबित किया है, जबकि छिन्नूलाल का परिवार अपने कब्जे के दावे को साबित नहीं कर सका।
इस फैसले के खिलाफ छिन्नूलाल के बेटे दिनेश भाटी ने राजस्थान हाईकोर्ट में सिविल सेकंड अपील दायर की। उनका कहना था कि उनका परिवार 25 साल से अधिक समय से प्लॉट पर कब्जे में है और वहां मवेशियों की देखभाल करता रहा है। उन्होंने पहली अपीलीय अदालत के फैसले को गलत बताते हुए उसे रद्द करने की मांग की।
किरायेदारी के दावे के समर्थन में नहीं मिले दस्तावेज
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान दिनेश भाटी की गवाही को अहम माना।
हाईकोर्ट ने कहा कि दिनेश ने स्वीकार किया था कि प्लॉट के पुराने मालिक बाबूलाल थे और उन्होंने 27 नवंबर 2001 को यह संपत्ति ओमप्रकाश को बेच दी थी। उसने यह भी माना कि रजिस्टर्ड सेल डीड को किसी अदालत में चुनौती नहीं दी गई।
किरायेदारी के दावे पर भी दिनेश की गवाही में महत्वपूर्ण बातें सामने आईं। उसने स्वीकार किया कि बाबूलाल से प्लॉट किराये पर लेने के संबंध में कोई किरायानामा, किराये की रसीद या दूसरा दस्तावेज उनके पास नहीं है।
उसने यह भी माना कि प्लॉट खाली है और वहां उनके परिवार का कोई सदस्य नहीं रहता। प्लॉट पर ताला लगाने के दावे के समर्थन में भी कोई दस्तावेज पेश नहीं किया गया।
हाईकोर्ट ने पुराने मालिक बाबूलाल की गवाही पर भी गौर किया। बाबूलाल ने कहा था कि उन्होंने प्लॉट ओमप्रकाश को बेचा और उसका कब्जा भी सौंप दिया था। इस महत्वपूर्ण बयान पर विरोधी पक्ष की ओर से जिरह नहीं की गई थी।
हाईकोर्ट ने पुरानी कमीशनर रिपोर्ट को कब्जे का पुख्ता सबूत नहीं माना
हाईकोर्ट ने पाया कि ट्रायल कोर्ट ने एक पुराने मुकदमे में तैयार कमीशनर की रिपोर्ट पर भरोसा किया था।
यह रिपोर्ट छिन्नूलाल की ओर से बाबूलाल के खिलाफ दायर एक अलग मुकदमे में तैयार हुई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया था। उस रिपोर्ट में एक समय प्लॉट पर मवेशियों की मौजूदगी का जिक्र था।
हालांकि, हाईकोर्ट ने कहा कि किसी खास समय पर जमीन पर मवेशी दिखाई देने से यह साबित नहीं होता कि संबंधित व्यक्ति का वहां लगातार और कानूनी कब्जा था। इसके लिए दूसरे सबूतों का समर्थन भी जरूरी था, जो इस मामले में नहीं मिला।
हाकोर्ट ने प्रतिवादी पक्ष के खिलाफ पहले दर्ज आपराधिक मामलों का भी जिक्र किया। इनमें प्लॉट पर जबरन कब्जे की कोशिश से जुड़े अपराधों में दोषसिद्धि हुई थी। हाईकोर्ट ने इन तथ्यों को भी विरोधी पक्ष के दावे का आकलन करते समय ध्यान में रखा।
‘खाली प्लॉट पर मालिकाना हक से भी तय हो सकता है कब्जा’
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के Anathula Sudhakar v. P. Buchi Reddy मामले में दिए गए फैसले का हवाला दिया।
इसमें बताया गया है कि खाली जमीन पर वास्तविक भौतिक कब्जा स्पष्ट नहीं होने की स्थिति में मालिकाना हक यानी टाइटल के आधार पर भी कानूनी कब्जा तय किया जा सकता है।
सरल शब्दों में, यदि कोई प्लॉट खाली है और दोनों पक्ष उस पर अपना कब्जा बताते हैं, तो कोर्ट यह देख सकती है कि जमीन का वैध मालिक कौन है।
मौजूदा मामले में ओमप्रकाश के पास रजिस्टर्ड सेल डीड थी। पुराने मालिक बाबूलाल ने भी जमीन बेचने और उसका कब्जा सौंपने की बात कही थी। इसके मुकाबले विरोधी पक्ष किरायेदारी या कब्जे के समर्थन में ठोस दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
हाईकोर्ट ने यह भी पाया कि ओमप्रकाश का मालिकाना हक स्पष्ट था और मामले में ऐसा कोई जटिल कानूनी विवाद नहीं था, जिसके लिए अलग से मालिकाना हक तय करने का मुकदमा जरूरी होता।
हाईकोर्ट ने दूसरी अपील में दखल देने से इनकार किया
जस्टिस मनीष शर्मा ने कहा कि पहली अपीलीय अदालत के फैसले में कोई कानूनी खामी, साक्ष्यों की गलत व्याख्या या ऐसी गड़बड़ी नहीं है, जिसके आधार पर हाईकोर्ट हस्तक्षेप करे।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) की धारा 100 के तहत दूसरी अपील तभी स्वीकार की जा सकती है, जब मामले में कानून का कोई अहम सवाल शामिल हो।
दूसरी अपील में हाईकोर्ट केवल इस आधार पर पूरे मामले के तथ्यों की दोबारा जांच नहीं कर सकता कि कोई पक्ष निचली अदालत के निष्कर्षों से सहमत नहीं है।
हाईकोर्ट ने माना कि दिनेश भाटी की ओर से उठाए गए तर्क मुख्य रूप से तथ्यों से जुड़े थे और उनसे कानून का कोई महत्वपूर्ण सवाल नहीं बनता। इसी आधार पर कोर्ट ने उनकी सिविल सेकंड अपील खारिज कर दी।
पहली अपीलीय अदालत का फैसला बरकरार रहा और ओमप्रकाश के पक्ष में स्थायी निषेधाज्ञा का आदेश कायम रखा गया।