IMA की याचिका पर हाईकोर्ट ने बिना सेंसर प्रमाणपत्र किसी भी मंच पर फिल्म के प्रदर्शन पर लगाई रोक, 20 नवंबर को प्रस्तावित है रिलीज
जयपुर। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या- अंत से आरंभ तक’ की रिलीज को लेकर आज राजस्थान हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होगी।
फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी या नहीं, इस पर सभी की निगाहें अदालत के रुख पर टिकी हैं।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सेंसर बोर्ड का प्रमाणपत्र प्राप्त किए बिना फिल्म का प्रदर्शन किसी भी मंच पर नहीं किया जा सकेगा।
जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने पिछली सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार और फिल्म के निर्माता सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए थे।
हाईकेार्ट ने स्पष्ट किया था कि फिल्म का प्रदर्शन सिनेमैटोग्राफी अधिनियम, 1952 की धारा 5बी के तहत प्रमाणपत्र जारी होने के बाद ही किया जा सकेगा। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को निर्धारित की गई थी।
IMA ने लगाया डॉक्टरों की छवि खराब करने का आरोप
याचिका में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राजस्थान शाखा ने फिल्म की प्रस्तावित रिलीज से पहले उसकी सामग्री की जांच कराने की मांग की है।
एसोसिएशन का आरोप है कि फिल्म में मेडिकल एसोसिएशन और चिकित्सकों को लेकर दिखाई गई सामग्री से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।
याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि इस संबंध में 22 और 23 अक्टूबर 2026 को संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्तियां दर्ज कराते हुए ज्ञापन भी दिए गए थे, लेकिन अधिकारियों ने उन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
IMA ने आशंका जताई कि फिल्म के प्रदर्शन से मेडिकल एसोसिएशन और देशभर के चिकित्सकों की छवि प्रभावित हो सकती है।
केंद्र सरकार ने दिया विशेषज्ञ समिति से जांच का भरोसा
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल भरत व्यास ने याचिका का विरोध करते हुए इसे समय से पहले दायर बताया था।
केंद्र सरकार ने अदालत को आश्वस्त किया कि फिल्म के प्रदर्शन से पहले सिनेमैटोग्राफी अधिनियम, 1952 की धारा 5बी के प्रावधानों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसके तहत सक्षम विशेषज्ञ समिति फिल्म की सामग्री का परीक्षण और विश्लेषण करेगी।
सरकार ने यह भी कहा कि फिल्म की जांच के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता, नैतिकता और कानून के प्रावधानों को ध्यान में रखा जाएगा। इसके साथ ही IMA की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों और प्रस्तुत ज्ञापनों पर भी विचार किया जाएगा।
सेंसर प्रमाणपत्र के बिना किसी भी मंच पर रिलीज नहीं
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया था कि सेंसर बोर्ड का प्रमाणपत्र जारी होने से पहले फिल्म का प्रदर्शन सिनेमाघरों, यूट्यूब या किसी अन्य सोशल मीडिया अथवा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नहीं किया जा सकेगा।