जयपुर, 13 दिसंबर
जयपुर।
उत्तर भारत की सबसे बड़ी बार मानी जाने वाली दी बार एसोसिएशन जयपुर के चुनाव–2025 के तहत नई प्रबंध कार्यकारिणी के लिए मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर सोमेश चंद शर्मा, महासचिव पद पर उमेश चौधरी और उपाध्यक्ष पद पर मोनिका की जीत घोषित कर दी गई है।
सेशन कोर्ट, बनीपार्क परिसर स्थित सतीशचन्द्र सभागार में इलेक्ट्रॉनिक मशीनों के माध्यम से मतगणना की गई। शुक्रवार को हुए मतदान में कुल 4566 मतदाताओं में से 4119 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे लगभग 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह आंकड़ा बार चुनावों में अधिवक्ताओं की मजबूत भागीदारी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनके विश्वास को दर्शाता है।
मतगणना के शुरुआती रुझानों से ही सोमेश चंद शर्मा अध्यक्ष पद पर बढ़त बनाए हुए थे, जो अंत तक बरकरार रही। इसी तरह महासचिव पद पर उमेश चौधरी ने निर्णायक बढ़त के साथ जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में मोनिका ने सफलता हासिल की।
इस बार बार एसोसिएशन के 21 पदों के लिए कुल 66 प्रत्याशी मैदान में थे, जिससे चुनाव बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा। अध्यक्ष पद के लिए 7, महासचिव पद के लिए 8 और उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए 5 प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
चुनाव संचालन समिति के सदस्य सत्यवान सिंह शेखावत, रोहिताश भास्कर और अनिल गुप्ता ने बताया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित चुनाव सुनिश्चित करने के लिए करीब 250 अधिवक्ताओं की टीम गठित की गई थी। पूरी चुनाव प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।