टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

जैसलमेर में दो दिवसीय न्यायिक कॉन्फ़्रेंस कल से : सीजेआई सहित सुप्रीम कोर्ट के 20 जज, चार राज्यों के 100 से अधिक हाईकोर्ट जज होंगे शामिल

Chief Justice of India, 20 Supreme Court judges, and High Court judges arriving in Jaisalmer for the two-day Judicial Conference focused on digital governance and judicial reforms.

जैसलमेर, 12 दिसंबर

पश्चिमी भारत की न्यायपालिका के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही दो दिवसीय न्यायिक कॉन्फ़्रेंस का आयोजन 13 और 14 दिसंबर को जैसलमेर में होने जा रहा है।

राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी, राजस्थान हाई कोर्ट और राजस्थान राज्य न्यायिक अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रही इस कॉन्फ़्रेंस को लेकर जैसलमेर अगले दो दिन तक न्यायिक राजधानी बन गया है

इस कॉन्फ़्रेंस में राजस्थान हाईकोर्ट के साथ ही गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र न्यायपालिका के 100 से अधिक हाईकोर्ट जजों के साथ सुप्रीम कोर्ट जज शामिल होंगे।

इस कॉन्फ़्रेंस की विशेषता यह है कि इसमें सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ 20 जज भी शिरकत कर रहे हैं।

यह पहली बार है जब जैसलमेर न्यायिक जगत के इतने बड़े समागम का केंद्र बनने जा रहा है।

इस कॉन्फ़्रेंस में शामिल होने के लिए सीजेआई सहित सभी जज आज शाम तक जैसलमेर पहुंचेंगे।

न्यायिक प्रक्रिया के आधुनिकीकरण पर चर्चा

कॉन्फ़्रेंस का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रियाओं के आधुनिकीकरण, डिजिटल खतरों और उभरती तकनीकों को न्याय व्यवस्था में उपयोग करने के नए आयामों पर चर्चा करना है।

कॉन्फ़्रेंस में मुख्य रूप से सेंसरशिप, साइबर क्राइम, डिजिटल मीडिया और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।

डिजिटल गवर्नेंस, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन खतरों की रोकथाम तथा न्यायपालिका में तकनीकी एकीकरण जैसे मुद्दे सत्रों का प्रमुख हिस्सा रहेंगे।

विशेषज्ञ यह भी विचार करेंगे कि न्यायिक कार्यप्रणाली में AI और अन्य डिजिटल उपकरणों को कैसे प्रभावी और सुरक्षित तरीके से शामिल किया जा सकता है।

साथ ही, प्रशासनिक एवं कानूनी सुधार, केस मैनेजमेंट, न्यायिक पारदर्शिता बढ़ाने तथा न्याय प्रणाली को अधिक जवाबदेह और कुशल बनाने पर भी महत्वपूर्ण सुझाव सामने आने की उम्मीद है।

जजों का पहुंचना जारी

दो दिवसीय न्यायिक कॉन्फ़्रेंस को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट के अधिकांश जज गुरुवार देर शाम तक जैसलमेर पहुंचे, वहीं कुछ जज आज दोपहर तक जैसलमेर पहुंचेंगे

इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट और अन्य हाईकोर्ट के जजों और अधीनस्थ न्यायपालिका के जजों के आने का सिलसिला जारी है

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जैसलमेर में

राजस्थान हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की मॉनिटरिंग में हो रही इस कॉन्फ़्रेंस के लिए प्रदेश की ज्यूडिशियरी के अधिकांश जज जैसलमेर पहुंचे हुए हैं।

इस कॉन्फ़्रेंस को लेकर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश कार्यालय, हाईकोर्ट की रजिस्ट्री, रालसा के अधिकारी सहित जैसलमेर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है

हाईकोर्ट फुल कोर्ट की बैठक आज

कॉन्फ़्रेंस से पूर्व राजस्थान हाईकोर्ट की फुल कोर्ट बैठक प्रस्तावित है। आज होने वाली इस बैठक में राज्य की न्यायपालिका के साथ ही कॉन्फ़्रेंस को लेकर कई अहम निर्णय लिये जा सकते हैं।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एस. पी. शर्मा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में हाईकोर्ट के सभी जज मौजूद रहेंगे।

सबसे अधिक लोकप्रिय