टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

जयपुर डिस्ट्रीक्ट बार एसोसिएशन ने जीती छठी राज्य स्तरीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता

Players of Jaipur District Bar Association celebrating their 9-wicket victory in the 6th State-Level T20 Cricket Tournament at Railway Stadium, Jodhpur.

जोधपुर में दुधिया रोशनी के बीच रोमांचक फाइनल, 9 विकेट से दर्ज की शानदार जीत

जोधपुर। जयपुर डिस्ट्रीक्ट बार एसोसिएशन ने जोधपुर में आयोजित छठी राज्य स्तरीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

यह प्रतियोगिता राजस्थान हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित की गई थी।

दुधिया रोशनी में जोधपुर के रेलवे स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों और अधिवक्ताओं को रोमांच से भर दिया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही।

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन जोधपुर रेड की टीम ने निर्धारित ओवरों में 116 रन का लक्ष्य रखा। टीम की ओर से शुरुआती बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन जयपुर की सटीक गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के कारण बड़ा स्कोर खड़ा नहीं हो सका।

116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयपुर कलेक्ट्रेट डिस्ट्रीक्ट बार एसोसिएशन की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। टीम ने मात्र 11वें ओवर में ही एकतरफा मुकाबला बनाते हुए 9 विकेट से जीत हासिल कर ली।

जयपुर की जीत में चिराग शर्मा और कुशाल की अहम भूमिका रही।

चिराग शर्मा ने मात्र 18 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली, जिसमें आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। वहीं कुशाल ने 30 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। उनकी संयमित और जिम्मेदार बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह जयपुर के पक्ष में कर दिया।

मैदान पर मौजूद दर्शकों और अधिवक्ताओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच के दौरान खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जो अधिवक्ता समुदाय की एकजुटता को दर्शाती है।

समापन समारोह में हुआ सम्मान

समापन समारोह में राजस्थान हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी और वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज गहलोत ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह आपसी समन्वय और टीम भावना को भी मजबूत करता है।

उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं अधिवक्ताओं के बीच सौहार्द और सहयोग की भावना को बढ़ावा देती हैं।

सबसे अधिक लोकप्रिय