टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

BCR ELECTION 2026 : पहले 7 दिन दिग्गजों के लिए बेहद मुश्किल, जयपुर-जोधपुर मतपेटियों से बड़ी उम्मीद

Bar Council of Rajasthan Election Counting: Veteran Candidates Struggle as New Faces Take Lead

बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव में कई बड़े नाम पिछड़े, नए चेहरे चौंकाने वाले अंदाज़ में आगे

जोधपुर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के 23 सदस्यों के निर्वाचन के लिए जारी मतगणना ने इस बार के चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं। 11 मई से राजस्थान हाईकोर्ट परिसर स्थित बार काउंसिल भवन में चल रही मतगणना के शुरुआती सात दिनों ने कई दिग्गज प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा दी है, जबकि कई नए और अपेक्षाकृत कम चर्चित चेहरे लगातार बढ़त बनाकर चुनाव को बेहद रोचक बना रहे हैं।

सात दिन की मतगणना के बाद जारी आंकड़ों में कुलदीप कुमार शर्मा 946 मतों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। वहीं सुरेश चंद्र श्रीमाली 939 मतों के साथ बेहद करीबी मुकाबले में दूसरे स्थान पर हैं। इस चुनाव का सबसे बड़ा सरप्राइज नीरज कुमार गुर्जर का प्रदर्शन माना जा रहा है, जिन्होंने 787 मत हासिल कर सीधे तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है।

7 दिन बाद टॉप-10 प्रत्याशी

  • कुलदीप कुमार शर्मा — 946
  • सुरेश चंद्र श्रीमाली — 939
  • नीरज कुमार गुर्जर — 787
  • हरेन्द्र सिंह सिनसिनवार — 492
  • कासीम खान — 450
  • योगेंद्र सिंह शक्तावत — 438
  • भूप सिंह पोसवाल — 380
  • लक्ष्मीकांत रंगा — 356
  • टिकम सिंह चौहान — 344
  • कमल नारायण पुरोहित — 308

बार राजनीति में इस बार सबसे अधिक चर्चा नीरज कुमार गुर्जर के प्रदर्शन की हो रही है। शुरुआती राउंड से लगातार मिल रहे समर्थन ने अनुभवी चुनाव विश्लेषकों को भी हैरान कर दिया है। माना जा रहा है कि युवा अधिवक्ताओं और क्षेत्रीय समर्थन का उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है।

वहीं हरेन्द्र सिंह सिनसिनवार को चुनाव का सबसे मजबूत और संभावित चेहरा माना जा रहा है। जातीय समीकरणों के साथ-साथ उनके व्यापक व्यक्तिगत संपर्कों का असर भी मतगणना में साफ दिखाई दे रहा है।

अलवर के कासीम खान भी लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं। हर राउंड में उन्हें मिल रहे समर्थन ने यह संकेत दिया है कि इस बार क्षेत्रीय प्रभाव चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

दूसरी ओर सुरेश चंद्र श्रीमाली को उनकी मजबूत चुनावी रणनीति, वर्षों पुराने संपर्क और संगठनात्मक पकड़ का सीधा फायदा मिलता नजर आ रहा है। शुरुआती दौर से ही वे शीर्ष मुकाबले में बने हुए हैं।

टॉप-10 की दौड़ भी बेहद दिलचस्प

मुख्य मुकाबले के अलावा टॉप-10 में जगह बनाने की लड़ाई भी बेहद रोमांचक बनी हुई है। मजबूत दावेदार कपिल प्रकाश माथुर लगातार धीमी लेकिन स्थिर बढ़त के साथ आगे बढ़ रहे हैं। फिलहाल वे 307 मतों के साथ 11वें स्थान पर हैं।

चुनाव विश्लेषकों के अनुसार कपिल माथुर को लगभग हर बूथ से मत प्राप्त हो रहे हैं, जो उनकी सुव्यवस्थित चुनावी रणनीति और व्यापक नेटवर्किंग को दर्शाता है।

वहीं निर्वतमान चेयरमैन भूवनेश शर्मा लगातार बदलते समीकरणों के बीच फिलहाल 194 मतों के साथ 18वें स्थान पर बने हुए हैं।

इसके अलावा राजेन्द्र कुमार खंडेलवाल, अंजली कौशिक, चन्द्रभान सिंह राठौड़, रामप्रसाद सिंघाड़िया, मनोज कुमार सिंधी, विपुल शर्मा, विनयपाल यादव, आशीष राजौरिया, रजनीश गुप्ता, राजेश पंवार और सैयद शाहिद हसन जैसे प्रत्याशी भी लगातार अपनी स्थिति बदल रहे हैं, जिससे आगामी दिनों की मतगणना और अधिक दिलचस्प मानी जा रही है।

जून तक पूरी हो सकती है मतगणना

बार काउंसिल ऑफ राजस्थान को उम्मीद है कि पूरी मतगणना जून माह तक सम्पन्न हो जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए इस बार मतगणना का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है, जिसकी अधिवक्ताओं के बीच व्यापक चर्चा है।

हाई-पावर्ड इलेक्शन कमेटी के चेयरपर्सन एवं सेवानिवृत्त जस्टिस जे.आर. मिढा ने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मतगणना की प्रक्रिया सेवानिवृत्त जस्टिस मनोज कुमार गर्ग की निगरानी तथा चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. सचिन आचार्य के निर्देशन में संचालित की जा रही है।

सबसे अधिक लोकप्रिय