जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 34 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह बदलाव “प्रशासनिक आवश्यकता” के चलते किए गए हैं।
आदेश में सेशन जज, स्पेशल जज, एडीशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज, सीनियर सिविल जज और सिविल जज स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
जयपुर, जालोर, भीलवाड़ा और झुंझुनूं में बड़े बदलाव
हाईकोर्ट द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रह्लाद राय शर्मा को जयपुर महानगर-II स्थित भ्रष्टाचार निवारण मामलों की विशेष अदालत से भीलवाड़ा की POCSO कोर्ट नंबर-2 में भेजा गया है।
वहीं, प्रदीप कुमार मोदी को भीलवाड़ा से जयपुर महानगर-I की सीबीआई कोर्ट नंबर-3 में नियुक्त किया गया है।
खगेन्द्र कुमार शर्मा को जयपुर महानगर-I की सीबीआई अदालत से जालोर की POCSO कोर्ट में भेजा गया है। वहीं, रंजन सिंह को जालोर से झुंझुनूं की भ्रष्टाचार निवारण विशेष अदालत में पदस्थापित किया गया है।
राजेश कुमार दरिया को जोधपुर महानगर की POCSO कोर्ट नंबर-1 से जयपुर महानगर-II की भ्रष्टाचार निवारण अदालत में लगाया गया है।
यह बदलाव न्यायिक प्रशासन में अहम माना जा रहा है क्योंकि भ्रष्टाचार और POCSO मामलों की सुनवाई राज्य में अत्यधिक संवेदनशील मानी जाती है।

कई एडीजे स्तर के अधिकारियों का तबादला
आदेश के अनुसार, पवन कुमार कल्ला को चोमू, जयपुर से भीलवाड़ा एडीजे नंबर-3 में भेजा गया है, जबकि गोविंद राम मीणा को भीलवाड़ा से भरतपुर SC/ST एक्ट कोर्ट में नियुक्त किया गया है।
सरीता नौशाद को डूंगरगढ़, बीकानेर से भीनमाल, जालोर भेजा गया है।
श्वेता ढाका को भरतपुर की SC/ST अदालत से जयपुर महानगर-II में एडीजे नंबर-10 बनाया गया है।
वहीं, ममता चौधरी को भीनमाल से जयपुर महानगर-I में एडीजे नंबर-3 के पद पर लगाया गया है।
भंवर सिंह और अनीता चौधरी का आपसी स्थानांतरण भी आदेश में शामिल है। दोनों अधिकारियों का तबादला उनके अनुरोध पर किया गया है।

सीनियर सिविल जज और एसीजेएम स्तर पर भी फेरबदल
हाईकोर्ट ने सीनियर सिविल जज स्तर पर भी कई बदलाव किए हैं।
अलका जोशी को सुमेरपुर, पाली से सिरोही भेजा गया है, जबकि अजय कुमार शर्मा को सिरोही से जयपुर जिला अदालत नंबर-2 में लगाया गया है।
जितेंद्र राइया को सरदारशहर, चूरू से अलवर भेजा गया है। वहीं, रीतिका चौहान को कोटा से सरदारशहर स्थानांतरित किया गया है। सरफराज नवाज को प्रतापगढ़ से बारां जिले के मांगरोल भेजा गया है।
मीनाक्षी व्यास को भवानीमंडी से झालावाड़ एसीजेएम नंबर-2 में और रेनू कुमारी गोयल को झालावाड़ से भवानीमंडी भेजा गया है। महेश कुमार कुमावत को प्रतापगढ़ से जयपुर महानगर-I में नियुक्त किया गया है।

सिविल जज स्तर पर भी कई नई पोस्टिंग
आदेश में सिविल जज और न्यायिक मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। मुकेश कुमार सावरिया को बांसवाड़ा से भीलवाड़ा की NI एक्ट कोर्ट नंबर-3 में भेजा गया है।
शिखा चारण को मावली, उदयपुर की NI एक्ट कोर्ट से उदयपुर दक्षिण में सिविल जज बनाया गया है, जबकि प्रितिश पराशर को उदयपुर दक्षिण से मावली NI एक्ट कोर्ट में लगाया गया है।
लोकेश परिहार और सुरेश कुमार सेन का भी आपसी तबादला किया गया है।
योगेश कुमार को बाड़मेर के सेड़वा से फलोदी भेजा गया है, जबकि विजय कुमार सिरोहीवाल को झालावाड़ से जयपुर महानगर-II में नियुक्त किया गया है।
अजमेर और जोधपुर महानगर में नई नियुक्तियां
अनुराग सिंह चौहान को नागौर जिले के जायल से अजमेर की NI एक्ट कोर्ट नंबर-4 में भेजा गया है। प्रियंका मीणा को भवानीमंडी से जोधपुर महानगर की अतिरिक्त सिविल जज अदालत नंबर-10 में नियुक्त किया गया है।
प्रितिश पराशर को उदयपुर से मावली NI एक्ट कोर्ट में भेजा गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों का स्थानांतरण उनके अनुरोध पर हुआ है, उन्हें ट्रांसफर भत्ता और जॉइनिंग टाइम का लाभ नहीं मिलेगा।
हाईकोर्ट ने दिए सख्त प्रशासनिक निर्देश
हाईकोर्ट ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे 23 नवंबर 1998 के आदेश के अनुसार विधिवत चार्ज हस्तांतरित करें।
साथ ही, उन्हें ई-पोर्टल पर उसी दिन रिलीविंग और जॉइनिंग रिपोर्ट अपडेट करनी होगी। हार्डकॉपी भेजने की आवश्यकता नहीं होगी।