टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

देश के पहले हिन्दी लीगल न्यूज़ मीडिया हाउस ‘लॉज एंड लीगल्स’ का जयपुर में रीजनल कार्यालय शुरू : जयपुर से देशभर में गूंजेगी कानूनी जागरूकता की आवाज़

Laws & Legals Opens Regional Office in Jaipur, Launches Nationwide Legal Awareness Campaign

सुप्रीम कोर्ट पूर्व जज जस्टिस अजय रस्तोगी, राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस अशोक कुमार जैन और फर्स्ट इंडिया न्यूज़ के सीएमडी जगदीश चन्द्र ने किया उद्घाटन

जयपुर। जयपुर। देश के पहले हिन्दी लीगल न्यूज़ मीडिया हाउस ‘लॉज एंड लीगल्स’ ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में अपने रीजनल कार्यालय का शुभारंभ कर विधिक पत्रकारिता और कानूनी जागरूकता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

राजधानी जयपुर में सोमवार को ‘लॉज एंड लीगल्स’ के पहले रीजनल कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया।

जयपुर के लालकोठी शॉपिंग सेंटर स्थित मेट्रो टॉवर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अजय रस्तोगी, राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अशोक कुमार जैन और फर्स्ट इंडिया न्यूज़ के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर जगदीश चन्द्र ने संयुक्त रूप से फीता काटकर रीजनल कार्यालय का उद्घाटन किया।

समारोह में देश के वरिष्ठ पत्रकार विजय विद्रोही और आशीष दवे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर न्यायपालिका, विधि जगत और समाज के कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

जयपुर से पूरे देश में चलेगा लीगल अवेयरनेस मिशन

रीजनल कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही लॉज एंड लीगल्स एजुकेशन एंड वेलफेयर फाउंडेशन ने भी अपने कार्यों की शुरुआत कर दी।

इस अवसर पर तीनों अतिथियों ने फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुजैन कण्टालिया को शुभकामनाएँ देते हुए फाउंडेशन की औपचारिक शुरुआत कराई।

फाउंडेशन के माध्यम से अब देशभर में विधिक जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में लीगल लिटरेसी कार्यक्रम, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए प्रशिक्षण, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनार, कार्यशालाएँ, शोध परियोजनाएँ, महिला एवं बाल अधिकार, संविधान, साइबर कानून, पर्यावरण संरक्षण, उपभोक्ता अधिकार, वरिष्ठ नागरिक अधिकार, विधिक सहायता और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘यह केवल कार्यालय नहीं, नए अध्याय की शुरुआत है।’ : सुजैन कण्टालिया

लॉज एंड लीगल्स ग्रुप की डायरेक्टर एवं लॉज एंड लीगल्स एजुकेशन एंड वेलफेयर फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुजैन कण्टालिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि संस्था अपनी स्थापना के लगभग नौ माह बाद जयपुर में अपना पहला रीजनल कार्यालय शुरू कर रही है।

यह केवल कार्यालय का उद्घाटन नहीं, बल्कि कानूनी जागरूकता, विधिक शिक्षा, शोध और सामाजिक उत्तरदायित्व के नए अध्याय की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर लीगल अवेयरनेस अभियान चलाए जाएंगे। विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएँ, कानूनी शोध, विधिक सहायता शिविर, सामाजिक जागरूकता अभियान और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सुजैन कण्टालिया ने कहा कि संस्था का लक्ष्य कानून को केवल अदालतों तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उसे समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है, ताकि नागरिक अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बन सकें।

लॉ स्टूडेंट और रिसर्चर के लिए बेहतरीन मंच

समारोह में कनोड़िया महिला विधि कॉलेज की प्रिंसिपल वर्तिका अरोड़ा और प्रोफेसर तेजस्वी भी शामिल हुए।

लॉज एंड लीगल्स को शुभकामनाएँ देते हुए वर्तिका अरोड़ा ने कहा कि हिन्दी भाषी क्षेत्रों में कानून से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

‘लॉज एंड लीगल्स’ इस कमी को दूर करते हुए अदालतों के महत्वपूर्ण फैसलों, कानूनी बदलावों, संवैधानिक मुद्दों और जनहित के विषयों को सरल हिन्दी में आम लोगों तक पहुँचाने की पहल कर रहा है, जिसे सभी पसंद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इससे न केवल विधि छात्रों को, बल्कि जो विशेषज्ञ हैं, उन्हें भी बहुत फायदा होगा।

कानूनी जागरूकता को मिलेगा नया आयाम

कार्यक्रम में राजस्थान हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ अधिवक्ता भी शामिल हुए। अधिवक्ता हेमंत नाहटा, तनवीर अहमद और प्रतीक कासलीवाल ने लॉज एंड लीगल्स के प्रयासों की सराहना की और कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल कानून बनाने से नहीं, बल्कि लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने से होती है।

ऐसे समय में जब कानूनी सूचनाओं का बड़ा हिस्सा अंग्रेज़ी तक सीमित रहता है, ‘लॉज एंड लीगल्स’ का उद्देश्य हिन्दी में प्रामाणिक कानूनी समाचार और विश्लेषण उपलब्ध कराकर आम नागरिकों तक न्याय व्यवस्था की जानकारी पहुँचाना है।

अतिथियों ने संस्था की इस पहल को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि यह मंच कानून और आमजन के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मीडिया, न्यायपालिका और शिक्षा जगत का संगम बना समारोह

कार्यक्रम में न्यायपालिका, विधि व्यवसाय, शिक्षा और मीडिया जगत से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

अधिवक्ता समुदाय से हेमंत नाहटा, तनवीर अहमद, विभूति भूषण शर्मा, प्रतीक कासलीवाल, सुनील समदड़िया, डॉ. अभिनव शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, अनिल चौधरी, राजेश कर्नल, संजय महला, रमित पारीक, एडवोकेट प्रियंका, एडवोकेट महेन्द्र शाह और लोकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विधि विशेषज्ञ समारोह में शामिल हुए।

मीडिया जगत से विवेक शर्मा, सचिन शर्मा, पूजा शर्मा, फर्स्ट इंडिया न्यूज़ के कमलकांत शर्मा, न्यूज़18 के हितेन्द्र शर्मा, ईशा शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार कार्यक्रम में मौजूद रहे। वहीं राजस्थान माइनॉरिटी अधिकारी कर्मचारी संघ के हारून खान भी विशेष रूप से समारोह में शामिल हुए।

लॉज एंड लीगल्स टीम ने किया अतिथियों का स्वागत

समारोह में लॉज एंड लीगल्स की डायरेक्टर एवं फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुजैन कण्टालिया, कंसल्टिंग एडिटर चार्ली टाक, एचओडी नुपूर शर्मा, सिमोन नाहर, अथर्वा कुलश्रेष्ठ, रूपाली चौहान, दीक्षा यादव और खुशी वर्मा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कार्यालय का अवलोकन किया, टीम के सदस्यों से संवाद किया तथा संस्था के भविष्य के विज़न और कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

सबसे अधिक लोकप्रिय