जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन और राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर की ओर से भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत के सम्मान में 16 अगस्त रविवार को विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा हैं.
दोनो बार एसोसिएशन की ओर से यह कार्यक्रम 16 अगस्त की शाम 4 बजे जोधपुर स्थित जिला न्यायालय परिसर हेरिटेज हाईकोर्ट बिल्डिंग में आयोजित होगा।
दोनों अधिवक्ता संगठनों की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार समारोह में न्यायपालिका और कानून जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।
कार्यक्रम को लेकर जोधपुर की कानूनी बिरादरी में विशेष उत्साह है।
सुप्रीम कोर्ट के जजों समेत कई दिग्गज होंगे मौजूद
CJI जस्टिस सूर्यकांत के अभिनंदन समारोह में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस विजय बिश्नोई भी मौजूद रहेंगे।
इनके अलावा भारत के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी, राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा, लॉ कमीशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन जस्टिस दिनेश माहेश्वरी, राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी और जस्टिस विनीत कुमार माथुर सहित राजस्थान हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीशों की मौजूदगी रहेगी।
दोनों बार एसोसिएशन कर रहीं आयोजन
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर और राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर संयुक्त रूप से कर रही हैं।
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष रंजीत जोशी और महासचिव डॉ. विजय चौधरी तथा राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत और महासचिव डॉ. अरुण कुमार झाझरिया के नाम आमंत्रण पत्र में अंकित हैं।
CJI सूर्यकांत के सम्मान में आयोजित इस समारोह में सुप्रीम कोर्ट, राजस्थान हाईकोर्ट, लॉ कमीशन और केंद्र सरकार के विधि कार्यालय से जुड़ी शीर्ष हस्तियों की उपस्थिति इसे खास बना रही है।