राजभवन में गरिमामय समारोह, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दिलाई शपथ; मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई गणमान्य रहे मौजूद
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट को सोमवार को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया। जस्टिस संजय के अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट के 44वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण कर पदभार संभाल लिया।
राजभवन में आयोजित गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जस्टिस संजय के अग्रवाल ने अंग्रेजी भाषा में शपथ ग्रहण की। उनके शपथ लेते ही राजस्थान हाईकोर्ट को नया नेतृत्व मिल गया।

समारोह की शुरुआत में मुख्य सचिव ने भारत के राष्ट्रपति द्वारा जारी जस्टिस संजय के अग्रवाल की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना एवं वारंट का वाचन किया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश को शपथ दिलाने का आग्रह किया।
इसके पश्चात राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जस्टिस संजय के अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
राजभवन में जुटी सरकार और न्यायपालिका की प्रमुख हस्तियां
इस महत्वपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधि मंत्री जोगाराम पटेल सहित मंत्रिपरिषद के कई सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा समारोह में न्यायिक अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्तागण तथा जस्टिस संजय के अग्रवाल के परिजन भी मौजूद रहे।

जस्टिस संजय के अग्रवाल के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेने के साथ ही राजस्थान हाईकोर्ट में एक नए न्यायिक अध्याय की शुरुआत हो गई है।
अब प्रदेश की न्यायपालिका और अधिवक्ता जगत की निगाहें नए मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व में हाईकोर्ट की आगामी न्यायिक प्राथमिकताओं और प्रशासनिक कार्यशैली पर टिकी रहेंगी।
ये भी रहे मौजूद
समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट जज जस्टिस संजीव प्रकाश शमा, जस्टिस इन्द्रजीतसिंह, जस्टिस महेन्द्र कुमार गोयल, जस्टिस सुदेश बंसल, जस्टिस अनुप कुमार ढंड, जस्टिस अनिल कुमार उपमन, जस्टिस आनंद शर्मा, जस्टिस समीर जैन, जस्टिस अशोक कुमार जैन, महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद, एएसजी भरत व्यास, डीजे ब्रजेन्द्र कुमार, महासचिव विजय चौधरी, अरूण झांझड़िया, रमित पारीक, बार काउंसलर रजनीश गुप्ता, सतीश खांडल सहित कई अधिवक्ता भी मौजूद रहें.