टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक अतिक्रमण पर हाईकोर्ट सख्त, दो सप्ताह में हटाने के आदेश; जेडीए को चेतावनी- रिपोर्ट नहीं दी तो अधिकारी होंगे तलब

Rajasthan High Court Issues Notices Over Alleged Illegal Sale of 1,100 Bigha Gauchar Land in Sikar
न्यू सांगानेर रोड और विश्वा नगर की सड़कों से अतिक्रमण व अवैध पार्किंग हटाने के आदेश, हाईकोर्ट ने मांगी पालना रिपोर्ट; 90 साल से रह रहे स्थानीय निवासियों ने जताई बेघर होने की आशंका

जयपुर। राजधानी जयपुर की न्यू सांगानेर रोड पर सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है।

राजस्थान हाईकोर्ट ने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) को दो सप्ताह के भीतर सभी अतिक्रमण हटाकर पालना रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं।

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में रिपोर्ट पेश नहीं की गई तो संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देंगे।

जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस संगीता शर्मा की खंडपीठ ने यह आदेश सुरेश चंद रावत व अन्य की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए।

वही इस मामले में प्रभावित दुकानदारों-स्थानीय निवासियों द्वारा दायर कि गयी पक्षकार बनाने की अर्जी को फिलहाल स्वीकार नहीं किा है.

मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।

दो सप्ताह में कार्रवाई कर रिपोर्ट पेश करे जेडीए

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने जेडीए को सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक सड़क पर मौजूद अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए।

अदालत ने कहा कि जेडीए निर्धारित दो सप्ताह की अवधि में कार्रवाई पूरी कर इसकी पालना रिपोर्ट कोर्ट में पेश करे।

यदि रिपोर्ट पेश नहीं होती है तो संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देना होगा।

पहले भी दो महीने में अतिक्रमण हटाने के दिए थे आदेश

इससे पहले जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने जेडीए को सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक करीब 2.4 किलोमीटर के हिस्से में मास्टर प्लान के अनुसार 100 फीट चौड़ी सड़क और विश्वा नगर की 30 फीट चौड़ी सड़क से अतिक्रमण व अवैध पार्किंग हटाने के आदेश दिए थे।

इसके लिए जेडीए को दो महीने का समय दिया गया था।

पिछली सुनवाई पर जेडीए की ओर से अदालत को बताया गया था कि अब तक 210 लोगों को धारा 72 के तहत नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

कार्रवाई के लिए पांच टीमें भी गठित की गई हैं। जेडीए का पक्ष सुनने के बाद अदालत ने उसे पक्षकार बनने के लिए दायर अर्जी पर जवाब पेश करने के आदेश दिए थे।

मास्टर प्लान में 100 फीट चौड़ी सड़क, अतिक्रमण से रह गई कम

जनहित याचिका में कहा गया कि मास्टर प्लान के अनुसार सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक सड़क की चौड़ाई 100 फीट निर्धारित है।

वहीं, न्यू सांगानेर रोड स्थित विश्वा नगर में 30 फीट चौड़ी सड़क प्रस्तावित है।

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण विश्वा नगर की सड़क की चौड़ाई घटकर महज 20 फीट रह गई है।

इसी तरह न्यू सांगानेर रोड पर सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के चलते सड़क की वास्तविक चौड़ाई प्रभावित हो रही है।

याचिका में मांग की गई है कि मास्टर प्लान के अनुरूप दोनों सड़कों से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाई जाए।

स्थानीय निवासियों की दलील- 90 साल से रह रहे, मकान टूटने का खतरा

दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों ने हाईकोर्ट में पक्षकार बनने के लिए अर्जी पेश कर अपनी परेशानी बताई है।

उनका कहना है कि उनकी कई पीढ़ियां पिछले करीब 90 साल से इस क्षेत्र में रह रही हैं।

प्रस्तावित 100 फीट चौड़ी सड़क की सीमा में किसी का पूरा दो मंजिला मकान आ रहा है, तो किसी के पास केवल एक इंच जमीन बचने की स्थिति है।

स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई कि कार्रवाई से उनके परिवारों की रोजी-रोटी और सिर से छत छिन सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि जेडीए की ओर से मौके पर की जा रही डिमार्केशन की कार्रवाई का भी लोगों ने विरोध किया था।

सबसे अधिक लोकप्रिय