जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के वार्षिक चुनाव में मतदान की पात्रता निर्धारित करने के लिए दो वकालतनामे या दो पेशी की अनिवार्यता को लेकर कानूनी विवाद पर राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है।

दरअसल, बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मतदान के लिए अधिवक्ताओं की पात्रता को लेकर दो वकालतनामे या दो पेशी की शर्त विवाद का विषय बनी हुई है। इस शर्त को चुनौती देते हुए मामला हाईकोर्ट पहुंचा था।
गौरतलब है कि जस्टिस आनंद शर्मा की एकलपीठ ने शुक्रवार को इस मामले में फैसला सुनाते हुए मतदान के लिए दो वकालतनामे की अनिवार्यता को बरकरार रखा था।

एकलपीठ ने चुनाव शिकायत निवारण समिति के उस फैसले को पलट दिया था, जिसमें इस शर्त को लेकर अलग निर्णय लिया गया था।
एकलपीठ के इस फैसले को राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र शांडिल्य सहित चार अधिवक्ताओं ने चुनौती दी है। इन अधिवक्ताओं की ओर से फैसले के खिलाफ अपील दायर की गई है, जिस पर मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ सुनवाई कर रही है।
अब इस मामले में खंडपीठ का रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसका सीधा असर राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मतदान की पात्रता और अधिवक्ताओं के मताधिकार पर पड़ सकता है।