जयपुर। एक कंपनी से 64 विला-कॉटेज खरीदने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच का सामना कर रहे राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल ने अब सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।
शिखर अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर अपने खिलाफ चल रही ACB जांच, गिरफ्तारी और किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है।
इससे पहले शिखर अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राहत मांगी थी, लेकिन हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिली थी।
राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद शिखर अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की हैं.
याचिका में आरोप लगाया गया है कि उन्हें गलत तरीके से मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने जांच और संभावित गिरफ्तारी सहित अपने खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है।
शिखर अग्रवाल की इस याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई हो सकती हैं.
सरकार ने दायर की कैवियट
शिखर अग्रवाल की याचिका से पहले ही राजस्थान सरकार सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर चुकी है।
कैवियट दायर कर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया हैं कि शिखर अग्रवाल की याचिका पर कोई निर्णय देने से पहले सरकार का पक्ष सुना जाए
ऐसे में सुप्रीम कोर्ट राज्य सरकार का पक्ष सुने बिना मामले में कोई आदेश पारित नहीं कर सकेगा।
हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, राज्य सरकार को नोटिस
शिखर अग्रवाल ने 17 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने खिलाफ ACB जांच को चुनौती दी थी।
19 नवंबर को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिए और मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर को निर्धारित की थी।
अब अग्रवाल ने हाईकोर्ट में उठाए गए तर्कों के आधार पर ही सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
ACB की FIR में सामने आया 64 विला खरीद का मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत IAS शिखर अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम एक ही कंपनी से बड़ी संख्या में विला-कॉटेज खरीदे जाने के खुलासे से हुई।
27 अक्टूबर को सामने आई जानकारी के अनुसार, शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर करीब ढाई साल की अवधि में एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदे गए थे।
इसके बाद ACB ने 31 अक्टूबर को इस मामले में शिखर अग्रवाल के खिलाफ प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान विला खरीद से जुड़े अतिरिक्त तथ्य सामने आए। आरोप है कि शिखर अग्रवाल के दोनों बेटों के नाम 15 अक्टूबर को जयपुर स्थित अनंता रिसॉर्ट में 24 विला खरीदे गए।
इनकी कीमत 11-11 लाख रुपये बताई गई, जबकि कंपनी के ब्रोशर में प्रत्येक विला की कीमत 59 लाख रुपये दर्शाई गई थी।
इस खुलासे के बाद शिखर अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम खरीदे गए विला-कॉटेज की कुल संख्या 40 से बढ़कर 64 हो गई।
18 नवंबर को ACB ने दर्ज की FIR
मामले में ACB ने 18 नवंबर को IAS शिखर अग्रवाल और गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट्स) के मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
इस मामले में कंपनी के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
ACB विला खरीद के मामले में सामने आए तथ्यों और लेन-देन की जांच कर रही है। जांच का मुख्य पहलू विला की खरीद कीमत और कंपनी के ब्रोशर में बताई गई कीमत के बीच अंतर भी है।
विदेश से लौटने के बाद ACB को दिया था अपना पक्ष
शिखर अग्रवाल ने विदेश से लौटने के बाद 16 नवंबर को ACB के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए प्रतिवेदन पेश किया था।
इसमें शिखर अग्रवाल ने स्वयं, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों का विवरण दिया था।
इस विवरण में दोनों बेटों के नाम 15 अक्टूबर को खरीदे गए 24 विला भी शामिल थे।
अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर होने वाली सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एक ओर IAS शिखर अग्रवाल ने ACB की जांच और गिरफ्तारी से राहत मांगी है, वहीं दूसरी ओर राजस्थान सरकार ने कैविएट दाखिल कर अपना पक्ष सुने जाने का इंतजाम किया है।
सुप्रीम कोर्ट के रुख से तय होगा कि अग्रवाल को इस मामले में कोई अंतरिम राहत मिलती है या ACB की कार्रवाई जारी रहेगी।
