26 साल तक सात औद्योगिक इकाइयां शुरू नहीं करने और श्रमिकों के पुनर्वास की शर्तें पूरी नहीं करने पर हाईकोर्ट की दो टूक-सरकारी जमीन निजी व्यावसायिक लाभ के लिए नहीं दी जा सकती; धोखाधड़ी और सार्वजनिक विश्वास के सिद्धांत का भी हवाला
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने प्रदेश के सबसे बड़े जमीनी विवादों में से एक कोटा की लगभग 271.40 एकड़ सरकारी औद्योगिक जमीन से जुड़े मामले में राजस्थान सरकार को बड़ी राहत दी हैं।
300 करोड़ से अधिक की बेशकीमती इस जमीन के मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने अरफात पेट्रोकेमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड को बड़ा झटका देते हुए कंपनी की सातों लीज निरस्त करने के जिला कलेक्टर के आदेश को बरकरार रखा है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने कंपनी की विशेष अपीलें खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने और पूर्व कर्मचारियों को रोजगार देने के उद्देश्य से आवंटित सरकारी जमीन का उपयोग निर्धारित शर्तों के विपरीत किसी अन्य व्यावसायिक उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकता।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने अपने रिपोर्टेबल फैसले में कहा कि कंपनी को जमीन औद्योगिक इकाइयों को दोबारा शुरू करने और श्रमिकों के पुनर्वास के लिए दी गई थी, लेकिन लगभग 26 वर्ष बीतने के बावजूद सात में से छह औद्योगिक इकाइयां शुरू नहीं हुईं।
जमीन सरकार को वापस लेने का अधिकार
एक इकाई भी आग लगने की घटना के बाद बंद हो गई। इसके बावजूद कंपनी ने जमीन के अन्य उपयोग के लिए लगातार प्रयास किए।
हाईकोर्ट ने माना कि राजस्थान औद्योगिक क्षेत्र आवंटन नियम, 1959 के नियम 8 और 9 के तहत दी गई लीज वैधानिक सरकारी अनुदान (Statutory Government Grant) की प्रकृति की हैं।
लीज की शर्तों का उल्लंघन होने पर जमीन सरकार को वापस लेने का अधिकार है। इसी आधार पर खंडपीठ ने जिला कलेक्टर कोटा द्वारा 24 जून 2025 को जारी सातों लीज निरस्तीकरण आदेशों को वैध माना।
इस फैसले में हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 अप्रैल 2023 को कंपनी को राज्य सरकार के समक्ष जमीन का उपयोग बदलने का प्रस्ताव पेश करने की स्वतंत्रता दी थी, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं था कि कंपनी को जमीन का उपयोग बदलने का कोई अधिकार मिल गया था या सरकार को उसका प्रस्ताव स्वीकार करना अनिवार्य था।
राजस्थान हाईकोर्ट के इस फैसले से राजस्थान सरकार को कोटा के मध्य में स्थित यह बेशकीमती जमीन मिल गई है। इस जमीन का वर्तमान में बाजार मूल्य 300 करोड़ से बहुत ज्यादा है।
क्या है पूरा मामला?
मामले की शुरुआत वर्ष 1958 और 1965 में हुई थी।
राज्य सरकार ने कोटा के लार्ज स्केल इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग 271.39 एकड़ जमीन जेके सिंथेटिक्स लिमिटेड (JK Synthetics Limited) को औद्योगिक गतिविधियों के लिए 99 वर्ष की लीज पर आवंटित की थी।
इसमें 12 सितंबर 1958 को 70 एकड़ और 21 अगस्त 1965 को 200.87 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी।
जेके सिंथेटिक्स लंबे समय तक इस जमीन पर औद्योगिक गतिविधियां संचालित करती रही, लेकिन आर्थिक संकट के कारण कंपनी की स्थिति खराब हो गई।
2 अप्रैल 1998 को बोर्ड ऑफ इंडस्ट्रियल एंड फाइनेंशियल रिकंस्ट्रक्शन (BIFR) ने इसे बीमार औद्योगिक कंपनी घोषित कर दिया।
इसके बाद औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने के लिए अरफात पेट्रोकेमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता हुआ।
19 अक्टूबर 2001 को हुए एमओयू के तहत कंपनी ने कोटा की औद्योगिक इकाइयों को 15 करोड़ रुपये के नकद भुगतान, श्रमिकों की देनदारियां लेने और सातों औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने की योजना प्रस्तुत की थी।
इसके साथ लगभग 2,000 कर्मचारियों को रोजगार देने की प्रतिबद्धता भी जुड़ी थी।
उस समय जेके सिंथेटिक्स के लगभग 4,197 कर्मचारियों के करीब 260 करोड़ रुपये बकाया होने का मुद्दा श्रमिक संगठनों ने उठाया था।
इसके बाद 9 अक्टूबर और 20 अक्टूबर 2002 को जेके सिंथेटिक्स, अरफात पेट्रोकेमिकल्स और श्रमिक संगठनों के बीच त्रिपक्षीय समझौते हुए।
इनमें श्रमिकों की देनदारियों को लगभग 40.42 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया।
एएआईएफआर (AAIFR) ने 7 जनवरी 2005 को पुनर्वास योजना को मंजूरी दी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सातों औद्योगिक इकाइयों को दोबारा शुरू करना, श्रमिकों की देनदारियां चुकाना और रोजगार उपलब्ध कराना था।
2007 में सात लीज डीड से दी गई 271.40 एकड़ जमीन
पुनर्वास योजना के तहत जिला कलेक्टर कोटा ने 17 मार्च 2007 को अरफात पेट्रोकेमिकल्स के पक्ष में सात अलग-अलग लीज डीड निष्पादित कीं। इनका कुल क्षेत्रफल लगभग 271.40 एकड़ था।
इन सात लीज का उद्देश्य अलग-अलग औद्योगिक इकाइयां स्थापित करना था।
इनमें नायलॉन प्लांट, एक्रिलिक फाइबर पर अनुसंधान एवं विकास, नायलॉन टायर एवं कॉर्ड प्लांट, पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर प्लांट और अन्य सिंथेटिक फाइबर इकाइयां शामिल थीं।
लीज की शर्तों में स्पष्ट था कि जमीन का उपयोग निर्धारित औद्योगिक गतिविधियों के लिए ही किया जाएगा।
इसका इस्तेमाल संबंधित उद्योग के अलावा किसी अन्य व्यावसायिक गतिविधि के लिए नहीं किया जा सकता था।
लीज की शर्त संख्या 5(viii) में यह भी प्रावधान था कि शर्तों का उल्लंघन होने पर जमीन सरकार को वापस चली जाएगी।
हालांकि, कंपनी सातों औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने में सफल नहीं हुई।
एक इकाई में एक्रिलिक फाइबर का उत्पादन शुरू किया गया, लेकिन अक्टूबर 2007 में आग लगने की घटना के बाद वह भी बंद हो गई। शेष छह इकाइयां शुरू नहीं हो सकीं।
औद्योगिक जमीन के आवासीय और व्यावसायिक उपयोग की कोशिशें
औद्योगिक इकाइयों के संचालन में विफलता के बाद कंपनी ने जमीन के वैकल्पिक उपयोग के लिए प्रयास शुरू किए।
वर्ष 2017 में डेनिम इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत आवासीय परियोजना का प्रस्ताव भी सामने आया।
वर्ष 2018 में कंपनी ने औद्योगिक जमीन के कुछ हिस्से का उपयोग व्यावसायिक और संस्थागत गतिविधियों के लिए बदलने तथा प्लॉटों के एकीकरण का प्रस्ताव दिया।
RIICO की लैंड प्लानिंग कमेटी से इसकी अनुमति भी मिली और नवंबर-दिसंबर 2018 में पूरक लीज डीड निष्पादित की गईं।
हालांकि, सरकार बदलने के बाद कैबिनेट स्तर पर इन निर्णयों की समीक्षा की गई और 2019 में जमीन के उपयोग परिवर्तन तथा प्लॉटों के विभाजन से संबंधित अनुमतियां वापस ले ली गईं।
हाईकोर्ट से मिली थी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने पलटा था फैसला
सरकार द्वारा अनुमतियां वापस लेने के बाद यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट पहुंचा था।
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 20 जुलाई 2021 को कंपनी के पक्ष में फैसला दिया था, लेकिन राज्य सरकार की अपील पर सुप्रीम कोर्ट ने 20 अप्रैल 2023 को उस फैसले को पलट दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जमीन का वास्तविक स्वामी और लीज देने वाला राज्य सरकार है।
RIICO को इन जमीनों का उपयोग बदलने या प्लॉटों का विभाजन करने का अधिकार नहीं था।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले के पैरा 106 में कंपनी को राज्य सरकार के समक्ष नए सिरे से जमीन का उपयोग बदलने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने की स्वतंत्रता दी थी।
साथ ही राज्य सरकार को सार्वजनिक हित और 1959 के नियमों के अनुसार प्रस्ताव पर विचार करने की छूट दी थी।
पर्यटन परियोजना का प्रस्ताव भी खारिज
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कंपनी ने 24 मई 2023 को राज्य सरकार के समक्ष पर्यटन परियोजना स्थापित करने के लिए जमीन का उपयोग बदलने का प्रस्ताव दिया।
कंपनी ने दो पांच सितारा होटल सहित पर्यटन गतिविधियां विकसित करने की योजना प्रस्तुत की थी।
कंपनी की ओर से दलील दी गई कि इस परियोजना से लगभग 300 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो सकता है और सैकड़ों लोगों को रोजगार मिल सकता है।
हालांकि, जिला कलेक्टर ने 7 मार्च 2025 को पर्यटन नीति के तहत जमीन का उपयोग बदलने का प्रस्ताव खारिज कर दिया।
इसके बाद 16 और 17 जून 2025 को सातों लीज के संबंध में अलग-अलग कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। कंपनी ने 23 जून 2025 को मामले में अपना विस्तृत जवाब पेश किया।
इसके अगले दिन यानी 24 जून 2025 को जिला कलेक्टर ने सातों लीज डीड निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए।
कंपनी ने इन आदेशों को राजस्थान हाईकोर्ट की एकलपीठ में चुनौती दी, लेकिन 28 सितंबर 2026 को एकलपीठ ने याचिका खारिज कर दी। इसके बाद कंपनी ने खंडपीठ में दो विशेष अपीलें दायर कीं।
कंपनी की ओर से क्या दलीलें दी गईं?
कंपनी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आर.एन. माथुर ने पक्ष रखा। उनके साथ अधिवक्ता गुंजन पाठक, प्रियंशी रूंगटा, आदित्य बोहरा, कनिष्क सिंघल, ऋषभ जैन और उमंग जैन उपस्थित रहे।
कंपनी की ओर से दलील दी गई कि उसने औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने के लिए करोड़ों रुपये का निवेश किया था और श्रमिकों की देनदारियों में से लगभग 37 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
शेष करीब छह करोड़ रुपये, जिनके दावेदार सामने नहीं आए, जमा कराने की भी तत्परता दिखाई गई थी।
कंपनी ने यह भी कहा कि शुरुआती वर्षों में औद्योगिक इकाई ने लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
शेष इकाइयों को शुरू नहीं कर पाने के पीछे व्यावसायिक व्यवहार्यता की समस्या थी।
इसके लिए जनवरी 2008 में Mott MacDonald और IDBI बैंक की रिपोर्ट का भी हवाला दिया गया।
कंपनी का तर्क था कि लीज डीड में सातों इकाइयों को शुरू करने के लिए कोई निश्चित समयसीमा निर्धारित नहीं थी। इसके बावजूद सरकार ने बाद में समयसीमा निर्धारित मानकर लीज निरस्त कर दी।
कंपनी ने यह भी आरोप लगाया कि केवल सात दिन का समय देकर नोटिस जारी किए गए और जिस कलेक्टर ने अंतिम आदेश पारित किए, उन्होंने कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटों में सभी सात मामलों में आदेश जारी कर दिए।
इससे निष्पक्ष सुनवाई और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ।
राज्य सरकार ने क्या जवाब दिया?
राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने पक्ष रखते हुए कहा कि जमीन का आवंटन औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने और हजारों श्रमिकों के हितों की रक्षा करने के उद्देश्य से किया गया था।
कंपनी ने इन मूल शर्तों का पालन नहीं किया।
सरकार ने दलील दी कि सात में से छह औद्योगिक इकाइयां कभी शुरू ही नहीं हुईं और एक इकाई भी कुछ महीनों बाद बंद हो गई।
इसके बावजूद कंपनी लगातार आवासीय, व्यावसायिक और पर्यटन परियोजनाओं के माध्यम से जमीन का उपयोग बदलने का प्रयास करती रही।
सरकार ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गई स्वतंत्रता केवल प्रस्ताव प्रस्तुत करने तक सीमित थी। इससे कंपनी को जमीन का उपयोग बदलने का कोई सुनिश्चित अधिकार प्राप्त नहीं हुआ था।
हाईकोर्ट की अहम टिप्पणियां: धोखाधड़ी और सार्वजनिक विश्वास का उल्लंघन
सभी पक्षों की बहस सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अपने फैसले में एकलपीठ के निष्कर्षों से सहमति जताते हुए कहा कि इस मामले में कंपनी के पूरे आचरण को एक साथ देखने की आवश्यकता है।
जमीन प्राप्त करने के समय औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने और श्रमिकों को दोबारा रोजगार देने की प्रतिबद्धता जताई गई थी, लेकिन बाद की परिस्थितियां इन उद्देश्यों से अलग दिशा में जाती दिखाई दीं।
हाईकोर्ट ने माना कि कंपनी के आचरण से धोखाधड़ी का निष्कर्ष निकलता है।
कंपनी ने पुनर्वास योजना और श्रमिकों के समझौतों के आधार पर सरकारी जमीन प्राप्त की, लेकिन इसके बाद औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने के बजाय जमीन के अन्य उपयोग के प्रयास किए।
हाईकोर्ट ने Fraus Omnia Corrumpit के सिद्धांत का हवाला दिया, जिसका अर्थ है कि धोखाधड़ी प्रत्येक गंभीर और वैधानिक कार्य को दूषित कर देती है।
हाईकोर्ट ने सार्वजनिक विश्वास के सिद्धांत (Doctrine of Public Trust) का भी हवाला दिया।
हाईकोर्ट ने कहा कि सरकारी जमीन राज्य की ऐसी संपत्ति है, जिसे सार्वजनिक उद्देश्य के लिए सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
औद्योगिक विकास, रोजगार और श्रमिकों के पुनर्वास के लिए दी गई जमीन को निजी व्यावसायिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
सात दिन में जवाब और अगले दिन आदेश: फिर भी प्राकृतिक न्याय का उल्लंघन नहीं
कंपनी की प्राकृतिक न्याय के उल्लंघन संबंधी दलील को भी हाईकोर्ट ने स्वीकार नहीं किया।
हाईकोर्ट ने पाया कि 16 जून 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे और कंपनी को 23 जून तक जवाब देने का अवसर मिला था। कंपनी ने निर्धारित समय में विस्तृत जवाब और दस्तावेज पेश किए।
नोटिस जारी करने वाले कलेक्टर का 22 जून को तबादला हो गया था।
उनके स्थान पर नए कलेक्टर ने 24 जून को सुबह करीब 10 बजे कार्यभार संभाला और लगभग 11 बजे आदेश पारित किए।
हाईकोर्ट ने कहा कि केवल कम समय में आदेश पारित होने से यह साबित नहीं होता कि सुनवाई का अवसर प्रभावहीन था।
प्राकृतिक न्याय के लिए कोई निश्चित समयावधि निर्धारित नहीं है।
महत्वपूर्ण यह है कि संबंधित पक्ष को प्रभावी अवसर दिया गया या नहीं और उसके जवाब पर विचार किया गया या नहीं।
हाईकोर्ट ने पाया कि निरस्तीकरण के आदेश लगभग 20 पृष्ठों के थे और उनमें कंपनी की प्रमुख दलीलों पर विचार करते हुए कारण दर्ज किए गए थे।
इसलिए प्राकृतिक न्याय के उल्लंघन का आधार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कंपनी की दोनों विशेष अपीलें खारिज
राजस्थान हाईकोर्ट ने अपने निष्कर्ष में कहा कि सातों लीज राजस्थान औद्योगिक क्षेत्र आवंटन नियम, 1959 के नियम 8 और 9 के तहत वैधानिक सरकारी अनुदान थीं।
लीज की शर्तों का उल्लंघन होने पर जिला कलेक्टर को जमीन वापस लेने का अधिकार था।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के पैरा 106 में दी गई स्वतंत्रता से कंपनी को जमीन का उपयोग बदलने का कोई सुनिश्चित अधिकार नहीं मिला था।
पर्यटन परियोजना का प्रस्ताव खारिज करना और सातों लीज निरस्त करना दो अलग-अलग कानूनी कार्रवाई थीं।
हाईकोर्ट ने माना कि कंपनी निर्धारित औद्योगिक उद्देश्य को पूरा करने में विफल रही और श्रमिकों से संबंधित दायित्व भी पूरी तरह पूरे नहीं किए गए।
लीज की शर्त संख्या 5(viii) के तहत जमीन राज्य सरकार को वापस हो गई है।
इन्हीं निष्कर्षों के आधार पर मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने अरफात पेट्रोकेमिकल्स की डीबी स्पेशल अपील को गुणहीन मानते हुए खारिज कर दिया।
