नई दिल्ली: दल-बदल के आरोपों से घिरे सांसद या विधायक इस्तीफा देकर अयोग्यता की कार्यवाही से बच सकते हैं या नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने इसी सवाल से जुड़ी जनहित याचिका पर केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और लॉ कमीशन से जवाब मांगा है।
दरअसल, दल-बदल के आरोपों का सामना कर रहे सांसदों और विधायकों के इस्तीफे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका दायर की गई है।
इसमें मांग की गई है कि कोई सांसद या विधायक संविधान की 10वीं अनुसूची यानी दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्यवाही से बचने के लिए रणनीतिक तरीके से इस्तीफा न दे सके।
याचिका में दल-बदल के मामलों में फैसला लेने की समय-सीमा तय करने और यह सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है कि इस्तीफा अयोग्यता की कार्यवाही से बचने का रास्ता न बन जाए।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने ए. सेतु की याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और लॉ कमीशन ऑफ इंडिया को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को SLP (Civil) No. 36231/2026 के साथ जोड़ने का भी आदेश दिया है।
अब मामले में अगली सुनवाई 4 दिसंबर 2026 को होगी।
याचिकाकर्ता A. Sethu की ओर से सीनियर एडवोकेट ए. सिराजुद्दीन ने पैरवी की। उनके साथ अधिवक्ता आर. सतीश कुमार, पी. श्रीनिवासन, प्रतीक गुप्ता, सिद्धार्थ अग्रवाल और अधिवक्ता शेख सोनी अहमद भी पेश हुए। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता जतिन (AOR) भी उपस्थित रहे।
इस्तीफा देकर अयोग्यता की कार्यवाही से बचने का उठाया मुद्दा
यह मामला ए. सेतु की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है।
याचिका में कहा गया है कि कई बार सांसद या विधायक के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्यवाही शुरू होने वाली होती है या पहले से लंबित रहती है।
ऐसे में सदस्य स्पीकर या सभापति के फैसला सुनाने से पहले इस्तीफा दे देते हैं। इससे अयोग्यता की कार्यवाही के नतीजे बेअसर हो सकते हैं।
दल-बदल कानून का मकसद ही कमजोर होने की दलील
संविधान की दसवीं अनुसूची यानी दल-बदल कानून का मकसद पार्टी बदलकर सदस्यता बचाने की कोशिशों पर रोक लगाना है।
याचिका में दलील दी गई है कि अगर कोई विधायक अयोग्यता की कार्यवाही के बीच इस्तीफा देकर उससे बच सकता है, तो यह कानून के मकसद को नाकाम कर सकता है।
याचिकाकर्ता का तर्क है कि इस्तीफे और अयोग्यता की कार्यवाही संविधान के दो अलग-अलग विषय हैं।
इसलिए किसी सदस्य का इस्तीफा देने भर से उसके खिलाफ पहले किए गए कथित दल-बदल की जांच और कार्यवाही अपने आप खत्म नहीं होनी चाहिए।
याचिका में यह भी कहा गया है कि अयोग्यता से जुड़े मामलों में लंबे समय तक फैसला नहीं होने का फायदा संबंधित सदस्य को मिल सकता है।
जब तक फैसला आए, तब तक विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो सकता है, उपचुनाव हो सकता है या सरकार का बहुमत बदल सकता है। ऐसी स्थिति में अयोग्यता पर आने वाला फैसला व्यावहारिक रूप से बेअसर हो सकता है।
याचिका में सुप्रीम कोर्ट से मांगी गईं 6 राहतें
याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से 6 प्रमुख आदेश देने की मांग की है।
1. इस्तीफे से अयोग्यता की कार्रवाई खत्म न हो: यदि किसी सांसद या विधायक के खिलाफ 10वीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्रवाई लंबित है या शुरू होने की उचित आशंका है, तो केवल इस्तीफा देने से वह कार्यवाही खत्म नहीं होनी चाहिए।
2. अयोग्यता पर 3 महीने में फैसला: केंद्र सरकार को कानून में ऐसी व्यवस्था बनाने पर विचार करने का निर्देश दिया जाए, जिसके तहत सामान्य परिस्थितियों में अयोग्यता की याचिकाओं पर 3 महीने से अधिक समय में फैसला न हो। अपवाद की स्थिति में देरी के कारण दर्ज किए जाएं।
3. स्वतंत्र ट्रिब्यूनल बनाने पर विचार: दल-बदल से जुड़े मामलों का फैसला करने के लिए स्वतंत्र और स्थायी ट्रिब्यूनल बनाने की संभावना की जांच की जाए।
4. इस्तीफे और कार्यवाही की जानकारी सार्वजनिक हो: संसद और राज्य विधानसभाओं में इस्तीफे के पत्र, जारी नोटिस, जवाब, सुनवाई की तारीख और अंतरिम व अंतिम आदेशों की जानकारी समय पर सार्वजनिक की जाए।
5. इस्तीफा देने वाले सदस्य को मंत्री पद न मिले: अयोग्यता की कार्रवाई लंबित रहने या उससे जुड़ी परिस्थितियों में इस्तीफा देने वाले सदस्य को संबंधित अयोग्यता का सवाल उसके पक्ष में तय होने या दोबारा निर्वाचित होने तक मंत्री या कुछ अन्य लाभ वाले राजनीतिक पदों पर नियुक्त न किया जाए। याचिका में संविधान के अनुच्छेद 75(1B), 164(1B) और 361B का हवाला दिया गया है।
6. बहुमत का परीक्षण सदन में हो: त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में बहुमत का प्रदर्शन सदन के फ्लोर पर ही हो और यह प्रक्रिया निर्वाचित सदस्यों के शपथ लेने के बाद पूरी की जाए।
सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों का दिया हवाला
याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट के कई पुराने फैसलों का हवाला दिया है।
इनमें Kihoto Hollohan v. Zachillhu, Shrimanth Balasaheb Patil v. Hon’ble Speaker, Karnataka Legislative Assembly, Keisham Meghachandra Singh v. Hon’ble Speaker, Manipur Legislative Assembly और Subhash Desai v. Principal Secretary, Governor of Maharashtra शामिल हैं।
खास तौर पर Shrimanth Balasaheb Patil के फैसले का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस्तीफा देने से पहले किए गए कथित दल-बदल के संबंध में लंबित अयोग्यता की कार्रवाई अपने आप खत्म नहीं हो जाती।
वहीं, Keisham Meghachandra Singh मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि सामान्य परिस्थितियों में स्पीकर को अयोग्यता से जुड़ी याचिकाओं पर 3 महीने के भीतर फैसला करना चाहिए। याचिकाकर्ता ने इसी समय-सीमा को प्रभावी बनाने की मांग की है।
स्पीकर के पास ही फैसला लेने की व्यवस्था पर उठाए सवाल
संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत दल-बदल के मामलों में अयोग्यता पर फैसला लेने का अधिकार संबंधित सदन के स्पीकर या चेयरमैन के पास होता है। याचिका में इस व्यवस्था की संस्थागत सीमाओं पर सवाल उठाए गए हैं।
याचिकाकर्ता का कहना है कि स्पीकर राजनीतिक रूप से सदन से जुड़े होते हैं और कई बार उनकी स्थिति सदन के सदस्यों के समर्थन पर निर्भर करती है।
ऐसे में दल-बदल के मामलों में निष्पक्ष और समयबद्ध फैसला लेने के लिए मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।
याचिका में कहा का गया कि अयोग्यता पर फैसला लंबित रहने के दौरान संबंधित विधायक या सांसद विश्वास मत जैसे अहम मामलों में हिस्सा ले सकता है। इससे किसी चुनी हुई सरकार के बहुमत और अस्तित्व पर भी असर पड़ सकता है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी भेजी थी चिट्ठी
याचिकाकर्ता ने बताया है कि उसने इस मुद्दे पर पहले राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय कानून मंत्री, लोकसभा स्पीकर, राज्यसभा के सभापति, मुख्य चुनाव आयुक्त और लॉ कमीशन को प्रतिवेदन भेजकर हस्तक्षेप की मांग की थी।
हालांकि, याचिकाकर्ता के मुताबिक, इस पर न तो कोई ठोस जवाब मिला और न ही संबंधित संस्थाओं ने सुधार के लिए कोई कदम उठाया।
अभी सिर्फ नोटिस, 4 दिसंबर को अगली सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल याचिका पर नोटिस जारी कर केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और लॉ कमीशन से जवाब मांगा है।
इसका मतलब यह नहीं है कि कोर्ट ने याचिकाकर्ता की मांगें स्वीकार कर ली हैं या दल-बदल कानून में कोई बदलाव करने का आदेश दिया है।
याचिका का मुख्य मुद्दा यही है कि इस्तीफे को दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्रवाई से बचने का जरिया बनने से कैसे रोका जाए।
अब 4 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में संबंधित पक्षों का जवाब सामने आएगा। इसके बाद कोर्ट मामले पर आगे विचार करेगा।
