टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

6 साल बाद भी फैमिली कोर्ट की सुविधाओं पर जवाब नहीं दे पाई सरकार, राजस्थान हाईकोर्ट ने लगाया 50 हजार का जुर्माना; मुख्य सचिव से मांगा हलफनामा

Rajasthan High Court Fines Rajasthan Government ₹50,000 for Failing to Respond on Family Court Facilities; Chief Secretary Asked to File Affidavit

जयपुर: प्रदेश के फैमिली कोर्ट्स में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर 6 साल बाद भी सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर राजस्थान हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है।

हाईकोर्ट ने मामले में राज्य सरकार के रवैये पर नाराजगी जताते हुए उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

हाईकोर्ट ने प्रदेश के मुख्य सचिव को सरकार की ओर से इस मामले में शपथ पत्र पेश करने के निर्देश भी दिए हैं।

चीफ जस्टिस संजय के. अग्रवाल की बेंच ने ‘जागो जनता सोसायटी’ की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया।

यह मामला फैमिली कोर्ट में कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर, कैंटीन, शौचालय और रिकॉर्ड रूम जैसी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़ा है।

2019 में हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी थी जानकारी

दरअसल यह याचिका साल 2011 से हाईकोर्ट में लंबित है। इसमें प्रदेश के फैमिली कोर्ट में जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता के साथ-साथ उनके लिए पर्याप्त जगह होने का मुद्दा उठाया गया है।

इसी याचिका पर हाईकोर्ट ने 29 अगस्त 2019 को राज्य सरकार को प्रदेश के फैमिली कोर्ट में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी देने के आदेश दिए थे।

हाईकोर्ट ने सरकार से कहा था कि वह बताए कि प्रदेश के फैमिली कोर्ट में जरूरी सुविधाओं के लिए कितनी जगह उपलब्ध है और उनकी मौजूदा स्थिति क्या है।

इसमें कोर्ट रूम, एडवोकेट चैंबर, पक्षकारों और वकीलों के लिए कैंटीन, शौचालय, रिकॉर्ड रूम और बार रूम सहित दूसरी जरूरी सुविधाएं शामिल थीं।

हाईकोर्ट ने सरकार से इन सुविधाओं के लिए उपलब्ध जगह की स्थिति बताने को कहा था।

वकीलों से लेकर पक्षकारों तक की सुविधाओं पर उठे सवाल

फैमिली कोर्ट में आने वाले लोगों को मुकदमे की सुनवाई के अलावा कई बुनियादी जरूरतें भी होती हैं। वकीलों को बैठने और काम करने के लिए जगह चाहिए, वहीं पक्षकारों के लिए भी इंतजार करने, कैंटीन और शौचालय जैसी सुविधाएं जरूरी हैं।

इसी तरह कोर्ट के कामकाज के लिए रिकॉर्ड रूम और बार रूम की व्यवस्था भी जरूरी है। जनहित याचिका में इन्हीं सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़ा मुद्दा उठाया गया था।

हर जिले के फैमिली कोर्ट की सुविधाओं का मांगा था तुलनात्मक ब्योरा

हाईकोर्ट ने सरकार को यह भी आदेश दिया था कि वह प्रदेश के हर जिले में फैमिली कोर्ट में उपलब्ध सुविधाओं का तुलनात्मक विवरण पेश करे।

इसके लिए सारणी यानी टेबल के रूप में जानकारी देने को कहा गया था, ताकि अलग-अलग जिलों में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति स्पष्ट हो सके।

इसका मकसद यह जानना था कि प्रदेश के फैमिली कोर्ट में जरूरी सुविधाओं के लिए कितनी जगह उपलब्ध है और किन सुविधाओं की स्थिति क्या है।

6 साल बाद भी सरकार का जवाब संतोषजनक नहीं

2019 में जानकारी मांगे जाने के बावजूद मामला आगे बढ़ने पर भी सरकार की ओर से ऐसा कोई जवाब पेश नहीं किया गया, जिससे कोर्ट संतुष्ट हो सके। सुनवाई के दौरान इसी बात पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई।

इसके बाद कोर्ट ने कड़ा रुक अपनाते हुए राज्य सरकार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही मुख्य सचिव को आदेश दिया कि वह सरकार की ओर से शपथ पत्र पेश कर इस मामले में जवाब दें।

सबसे अधिक लोकप्रिय