टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

जयपुर के टैक्सी चालक की हत्या करने वाले अन्तरराज्यीय गैंग के आरोपी की जमानत खारिज

जयपुर, 27 सितम्बर

जयपुर महानगर की जिला अदालत ने अप्रैल माह में जयपुर के टैक्सी चालक की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात में शामिल अन्तरराज्यीय गैंग के आरोपी अंगद शर्मा उर्फ शिवा पुत्र रणजीत शर्मा निवासी फरीदाबाद की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है

जयपुर महानगर प्रथम के एससी-एसटी विशेष कोर्ट के जज मोहन लाल जाट ने जमानत खारिज करते हुए कहा कि प्रकरण गंभीर अपराध से जुड़ा हुआ है और आरोपी के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य मौजूद हैं।

आरोपी की दलील

आरोपी की ओर से दायर की गई जमानत याचिका में कहा गया कि वह निर्दोष है और उसे झूठा फंसाया गया है।

याचिका में कहा कि उसका नाम प्राथमिकी में नहीं है और किसी गवाह ने भी उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। उससे कोई बरामदगी नहीं हुई और घटना के समय वह मौके पर मौजूद भी नहीं था।

याचिका में कहा गया कि केवल परिचित होने के कारण 5-6 दिन बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और लंबे समय तक अभिरक्षा में रहने से उसके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

सरकार ने किया कड़ा विरोध

मामले में राज्य सरकार की ओर से विशेष लोक अभियोजक ने अदालत को बताया कि मृतक मुनेश मीणा की कार अभियुक्त और उसके साथियों के कब्जे से बरामद की गई है।

साथ ही दिल्ली के सरिता विहार स्थित पेट्रोल पम्प से बिना भुगतान पेट्रोल भरवाकर भागने की घटना के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने एकत्रित किए हैं।

पुलिस ने किया था खुलासा

12 अप्रैल 2025 को प्रतापनगर के टैक्सी चालक मुनेश मीणा की हत्या के मामले में शिवदासपुरा थाना पुलिस ने अन्तरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया था।

आरोपियों ने जयपुर, दिल्ली और फरीदाबाद सहित कई राज्यों में 7-8 वारदातें कबूल की थीं।
साथ ही पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई टैक्सी, एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद की थीं।

गिरफ्तार आरोपियों में अंगद शर्मा के साथ राहुल बैरवा थे जो घटना के बाद बैंक और एटीएम लूटने की साजिश रच रहे थे।

हत्या की पूरी कहानी

12 अप्रैल 2025 की रात प्रतापनगर क्षेत्र में अक्षय पात्र चौराहे के पास 6-7 बदमाशों ने टैक्सी बुक की।

आरोपियों ने दौसा के बसेड़ी निवासी चालक मुनेश मीणा को इंडिया गेट चलने को कहा। जैसे ही टैक्सी ग्लोबल सर्किल, सीतापुरा रीको एरिया के सुनसान इलाके में पहुंची, बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उसे डराया।

चालक के विरोध करने पर बदमाशों ने मुनेश के सीने और पेट में गोली मार दी और शव को गोनेर पुलिया के पास द्रव्यवती नदी में फेंक दिया।

चालक मुनेश की हत्या करने के बाद सभी आरोपी टैक्सी लेकर फरार हो गए।

14 अप्रैल को शव मिलने पर मृतक के परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। इसी आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

दिल्ली में मिला था सुराग

हत्या के बाद आरोपियों ने लूटी गई टैक्सी को दिल्ली में पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान भाग गए थे।

जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने राजस्थान में वाहन चालक के परिजनों से संपर्क करने पर मामले का खुलासा हुआ।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

सबसे अधिक लोकप्रिय