जोधपुर, 11 दिसंबर
राजस्थान हाईकोर्ट जोधुपर में राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन एवं राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं की आवाजाही और चुनावी हलचल शुरू हो चुकी हैं.
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन एवं राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन—दोनों संगठनों के द्विवार्षिक चुनाव 2025–27 शुरू हो गए हैं.
महीनों से जारी तैयारियों और प्रचार के बीच अब निर्णायक दिन आ गया है। इस बार दोनों संगठनों में बहुकोणी मुकाबले ने चुनाव को अत्यंत रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया है।
एडवोकेट्स एसोसिएशन चुनाव: सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी हेमंत श्रीमाली, अर्जुनराम चौधरी,दिनेश कुमार शर्मा, सहायक चुनाव अधिकारी मालमसिंह राठौड़ और भंवरसिंह पातावत के अनुसार बार के आज सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
अध्यक्ष पद पर रणजीत जोशी, सुरेन्द्रसिंह राठौड़ और धनराज वैष्णव के बीच मुकाबला दिलचस्प मोड़ ले चुका है। तीनों ही उम्मीदवार अपने मजबूत समर्थक आधार और वर्षों के अनुभव के साथ मैदान में उतरे हैं।
उपाध्यक्ष और महासचिव पद पर बहुकोणी संघर्ष
उपाध्यक्ष पद पर बुधाराम चौधरी, गजेन्द्रसिंह, कृपाराम सोलंकी, लक्ष्मीनारायण, मनोजसिंह, मांगीलाल, पुखराज और शैतानराम के बीच आठ-सिरा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
महासचिव पद पर विक्रमसिंह, अनिल सुराणा, कल्याणसिंह, मंडलदत्त और विजय चौधरी के बीच रोचक संघर्ष जारी है।
युवा नेतृत्व का केंद्र—सह सचिव पद
सह सचिव पद हमेशा युवा नेतृत्व के लिए पहला बड़ा अवसर माना जाता है। इस बार इस पद पर तक्षेन्द्र शर्मा, भारतेन्दु, दीपाराम, लालसिंह, नीतू गुड़िया, पुखराज, संदीप सिंह और शीतल शर्मा के बीच करीबी मुकाबला है।
पुस्तकालय सचिव पद के लिए शिवानी वैष्णव, कीर्ति सोनी, शारदा विश्नोई और अरायना खानम के बीच मुकाबला हैं.
कोषाध्यक्ष पद पर गोपालसिंह, हरिचरण प्रजापत, मोहनलाल, मुरली सैन, प्रदीप जैन, रामनिवास, सोनिका शर्मा और विजय शर्मा अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
चुनावी रणनीतियों से रात तक गुलजार रहा परिसर
चुनाव से एक दिन पहले एडवोकेट्स और लॉयर्स एसोसिएशन के प्रमुख उम्मीदवारों के कार्यालय देर रात तक सक्रिय रहे।
समर्थकों की आवाजाही, लगातार रणनीतिक बैठकें, जातीय समीकरण, महिला एवं युवा अधिवक्ता वर्ग की सक्रियता, बूथ प्रबंधन और नॉन-प्रेक्टिसनर वोटरों की भूमिका जैसे पहलुओं पर उम्मीदवार अंतिम समय तक अपनी रणनीतियों को मजबूत करते दिखे।
इस बार एडवोकेट्स एसोसिएशन के चुनाव इसलिए भी विशेष चर्चा में हैं क्योंकि बदलते समीकरण और नए चेहरे वकालत जगत में नई दिशा का संकेत दे रहे हैं।
लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव: 2141 अधिवक्ता डालेंगे अपना वोट
राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के चुनाव भी आज शुरू हो रहे हैं. मुख्य चुनाव अधिकारी मोतीसिंह राजपुरोहित ने बताया कि मतदान सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा और उसके तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी।
इस बार कुल 2141 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
अध्यक्ष पद पर चौमुखी भिड़ंत
इस पद पर दिग्विजय सिंह जसोल, दिलीपसिंह उदावत, मनीष कुमार व्यास और विनोद चौधरी के बीच सीधा चार-सिरा मुकाबला है।
अन्य पदों पर भी दिलचस्प स्थिति
उपाध्यक्ष पद: रविन्द्रसिंह चंपावत बनाम शीतल कुम्भट
महासचिव पद: अरुण कुमार, कैलाश जांगिड़, नवनीत सिंह बिर्ख के बीच त्रिकोणीय संघर्ष
सह सचिव: अशोक कुमार गोदारा, केशव भाटी, मिलाप चौपड़ा
पुस्तकालय सचिव: कोमल आर. वर्मा, शैलेन्द्र कुमार, विकास के बिश्नोई
कोषाध्यक्ष: दुर्गेश खत्री, रघुवीर सिंह भाटी, रविन्द्र पुरोहित
कार्यकारिणी के 6 पद: आकांशा चौधरी, अनुपम गोपाल व्यास, अक्षया शुक्ला, दिग्विजय टाक, कृष्णकांत व्यास, मनोज कुमार, मनीषा फोफलिया, नंदीपना गहलोत, प्रियंका बोराणा और वोरम सिंह मैदान में
शांति एवं स्वच्छता की अपील
चुनाव समिति ने दोनों एसोसिएशन के प्रत्याशियों और समर्थकों को शांति, स्वच्छता और संयम बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट परिसर में पेपर सामग्री और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचने की भी अपील की गई है।
कड़ी टक्कर और देर रात तक इंतज़ार
दोनों संगठनों में कड़ा मुकाबला होने के कारण परिणाम देर रात तक आने की संभावना है। अधिवक्ता समुदाय के साथ-साथ समूचे न्यायिक जगत की निगाहें कल होने वाले मतदान और परिणामों पर टिकी हुई हैं।
इस बार के चुनाव नए समीकरणों, बढ़ती युवा भागीदारी और बहुकोणी मुकाबलों के कारण अत्यधिक महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।