हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर की ओर से डीआईजी विनीत कुमार बंसल का अभिनंदन कार्यक्रम आयेाजित
जोधपुर। न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय एवं निरंतर संवाद अत्यंत आवश्यक है। कानून व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन में दोनों की भूमिका एक-दूसरे की पूरक है।
यह बात राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता रणजीत जोशी ने एसोसिएशन की ओर से आयोजित विशे/ा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के तत्वावधान में बुधवार को जोधपुर महानगर के डीआईजी एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल के सम्मान में एक विशेष अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम एडवोकेट्स एसोसिएशन परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं एवं पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की।

समारोह के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी, उपाध्यक्ष बुधाराम चौधरी, महासचिव डॉ. विजय चौधरी, संयुक्त सचिव तक्षेन्द्र शर्मा, पुस्तकालय सचिव शिवानी वैष्णव तथा कोषाध्यक्ष विजय शर्मा ने डीआईजी विनीत कुमार बंसल का माला एवं साफा पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया।
बेहतर समन्वय जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासचिव डॉ. विजय चौधरी ने कहा कि पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय से न केवल न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलती है, बल्कि आम नागरिकों का न्याय प्रणाली पर विश्वास भी मजबूत होता है।
विजय चौधरी ने कहा कि संवाद, सहयोग और पारस्परिक समझ से ही न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
डॉ. विजय चौधरी ने अपने संबोधन में डीआईजी विनीत कुमार बंसल के प्रशासनिक अनुभव और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य पुलिस–अधिवक्ता समन्वय को नई दिशा देने वाला है।

उन्होंने बताया कि विनीत कुमार बंसल इससे पूर्व श्रीगंगानगर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्यरत रहे हैं तथा जुलाई 2025 से जोधपुर में डीसीपी (पश्चिम) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. चौधरी ने कहा कि उनके कार्यकाल में जोधपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ संवेदनशील मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई देखने को मिली है, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
साझा उद्देश्य न्याय सुनिश्चित करना
कार्यक्रम में डीआईजी विनीत कुमार बंसल ने अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए पुलिसिंग के व्यावहारिक पहलुओं, कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिकों के अधिकारों की रक्षा पर विस्तार से विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और अधिवक्ताओं का साझा उद्देश्य न्याय सुनिश्चित करना है और आपसी सहयोग से इस लक्ष्य को बेहतर तरीके से प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर आईपीएस रोशन मीणा ADCP, ACP आनंद सिंह राजपुरोहित, ACP रविन्द्र कुमार बोहरा, ACP छवि शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में एडवोकेट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

अंत में कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसमें एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों और उपस्थित अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।
