जोधपुर में राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य पदभार ग्रहण समारोह
जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव सहित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने मंगलवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया।
राजस्थान हाईकोर्ट स्थित ऑडिटोरियम हॉल में हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस पुष्पेन्द्र सिंह भाटी के मुख्य आतिथ्य में इस समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति के अनुरूप मुख्य अतिथि वरिष्ठ जज जस्टिस डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह भाटी, जस्टिस विनीत कुमार माथुर सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को माला और साफा पहनाकर की गई।

न्याय व्यवस्था के दो मजबूत स्तंभ
एसोसिएशन के मौजूदा अध्यक्ष आनंद पुरोहित एवं नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत ने सामूहिक रूप से अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जस्टिस डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह भाटी ने कहा कि बार और बेंच न्याय व्यवस्था के दो मजबूत स्तंभ हैं। दोनों के बीच समन्वय, परस्पर सम्मान और सहयोग से ही न्याय प्रणाली और अधिक सशक्त बन सकती है।
उन्होंने अधिवक्ताओं से नैतिक मूल्यों, पेशेवर गरिमा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम अधिवक्ता हितों के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था को और मजबूत करेगी।

निर्वतमान महासचिव ने पेश की उपलब्धियां
समारोह को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के निवर्तमान महासचिव मनीष टाक ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल के दौरान एसोसिएशन द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा पेश किया।
उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, न्यायालय परिसर में सुविधाओं के विस्तार, पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण तथा युवा अधिवक्ताओं के प्रशिक्षण व मार्गदर्शन के लिए किए गए प्रयासों को रेखांकित किया।
उन्होंने सहयोग के लिए समस्त पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं अधिवक्ता समुदाय का आभार व्यक्त किया।
निर्वतमान अध्यक्ष ने किया नए अध्यक्ष का स्वागत
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष आनंद पुरोहित ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत को साफा और माल्यार्पण कर विधिवत रूप से पदभार सौंपा।
इस मौके पर सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
इसके बाद निवर्तमान पदाधिकारी अध्यक्ष आनंद पुरोहित, महासचिव मनीष टाक, उपाध्यक्ष मिस पिंटु पारिक, सहसचिव ऋषि सोनी, कोषाध्यक्ष शुभम मोदी, पुस्तकालय सचिव चिराग खत्री, कार्यकारिणी सदस्यगण महिपाल बिश्नोई, खेतसिंह राजपुरोहित, खुशबू व्यास बाली, दीपिका सोनी, गोपाल सांडू, राहुल व्यास ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया, जिससे सौहार्द एवं निरंतरता का संदेश गया।
नई कार्यकारिणी की प्राथमिकताएं
समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत ने समस्त अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ करेंगे।
उन्होंने युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण, सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण तथा अधिवक्ता कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।

नई कार्यकारिणी ने किया पदभार ग्रहण
अध्यक्ष के स्वागत के साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारी—उपाध्यक्ष शीतल कुम्भट, महासचिव डॉ. अरुण कुमार झाझड़िया, सहसचिव डॉ. मिलाप चोपड़ा, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह भाटी, पुस्तकालय सचिव कोमल आर. वर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अक्षया शुक्ला, अनुपम गोपाल व्यास, कृष्णकांत व्यास, आकांक्षा चौधरी, नंदीपना गहलोत, विरम सिंह का स्वागत कर उन्हें पदभार कराया गया।
हाईकोर्ट के अधिकांश जज रहे मौजूद
समारोह में अतिथि के रूप में जस्टिस मुन्नुरी लक्ष्मण, जस्टिस फरजंद अली, जस्टिस कुलदीप माथुर, जस्टिस नुपुर भाटी, जस्टिस चंद्रशेखर शर्मा, जस्टिस सुनील बेनीवाल, जस्टिस मुकेश राजपुरोहित और जस्टिस संजीत पुरोहित मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्यगण, एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी एवं उनके पदाधिकारी, बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता क्लर्क्स तथा अधिवक्ता समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।