जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में सोमवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा की अदालत के बाहर अधिवक्ताओं के विरोध और बहिष्कार के चलते तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली।
अदालत में सुनवाई के दौरान स्वयं कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने मौजूदा हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज स्थिति कुछ तनावपूर्ण है।
खुली अदालत में जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने कहा, “आज स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण है, क्योंकि वकील किसी को भी पेश होने की अनुमति नहीं दे रहे हैं।”

विरोध प्रदर्शन के बावजूद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट मुकदमों की सुनवाई जारी रखे हुए हैं.

जस्टिस संदीप मेहता के पत्र के बाद शुरू हुआ विरोध
यह विरोध सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संदीप मेहता द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को लिखे गए पत्रों के सामने आने के बाद शुरू हुआ है।

इन पत्रों में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ता समुदाय में विरोध और नाराजगी देखने को मिल रही है।
सोमवार को अदालतों का कामकाज शुरू होते ही अधिवक्ताओं ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी वकील उनकी अदालत के संचालन का विरोध कर रहे हैं और कोर्ट का बहिष्कार कर रहे हैं।