KPS निशुल्क शिक्षण अभियान का प्रथम वार्षिक समारोह आयोजित, बच्चो ने जाने कानूनी अधिकार
कण्टालिया। राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज गहलोत ने कहा है कि देश की मजबूती का आधार उसकी आने वाली पीढ़ी होती है। यदि भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाना है तो बच्चों को प्रारंभिक स्कूली शिक्षा से ही खेल-खेल में नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देना आवश्यक है।
अधिवक्ता मनोज गहलोत पाली जिले के कण्टालिया गांव में आयोजित केपीएस निशुल्क शिक्षण अभियान के प्रथम वार्षिक समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब निजी स्कूलों की शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूल ही आमजन के बच्चों के लिए शिक्षा का सबसे सशक्त माध्यम बनकर उभरे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे भी किसी से कम नहीं हैं और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने इस दिशा में केपीएस निशुल्क शिक्षण अभियान को एक सराहनीय पहल बताया।
समारोह के विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् वीरेंद्र कुमार चौहान ने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर सरकारी स्कूलों के बच्चों को निशुल्क विशेष कक्षाएं उपलब्ध कराना एक सामाजिक दायित्व है। ऐसे प्रयासों से बच्चों की शैक्षणिक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है और आगे चलकर यही विद्यार्थी समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि एवं चिकित्सक डॉ. नफीस अली ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बच्चों को जंक फूड से दूर रहने, संतुलित आहार लेने, पर्याप्त नींद और मानसिक तनाव से बचने के उपाय बताए। साथ ही परीक्षा के दौरान घबराहट और तनाव को दूर करने के व्यावहारिक तरीकों पर भी प्रकाश डाला।

सेवानिवृत्त शिक्षक मांगीलाल चौधरी ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, प्रश्न पत्र हल करने की सही रणनीति और समय प्रबंधन के गुर बच्चों को समझाए। उन्होंने एक प्रेरणादायक कविता के माध्यम से शिक्षा के महत्व और जीवन में उसकी भूमिका को सरल शब्दों में प्रस्तुत किया।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से की गई। इसके बाद अभियान के संयोजक योगेशनाथ ने सभी अतिथियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया।
सरकारी सेवकों का हुआ सम्मान
केपीएस निशुल्क शिक्षण अभियान के वार्षिक समारोह में कण्टालिया सहित आसपास के गांवों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले सरकारी सेवकों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि मनोज गहलोत एवं विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र कुमार चौहान ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को माला पहनाकर सम्मानित किया।

सम्मानित किए गए व्यक्तियों में सेवानिवृत्त शिक्षक मांगीलाल चौधरी, कण्टालिया अस्पताल में सेवारत चिकित्सक डॉ. नफीस अली, चुनावी कार्यों में उत्कृष्ट सेवा देने वाले शिक्षक मोतीलाल अरोड़ा, भरत नवल, कानाराम गर्ग, मारवाड़ ग्रामीण बैंक के मैनेजर योगेश कुमार एवं कैशियर लक्ष्मण राम शामिल रहे।

समारोह में सोजतसिटी सरकारी अस्पताल में हाल ही चिकित्सक के पद पर चयनित होकर सेवारत डॉ सलीम मोहम्मद का भी सम्मान किया गया.
KPS निशुल्क शिक्षण अभियान की भूमिका
श्री कण्टालिया क्षेत्र विकास संस्थान द्वारा संचालित केपीएस निशुल्क शिक्षण अभियान कण्टालिया एवं आसपास के क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को निशुल्क विशेष शिक्षा प्रदान कर रहा है।
इस अभियान के तहत केवल सरकारी स्कूलों के कक्षा 5, 8, 10 और 12 के छात्रों के लिए विशेष कक्षाओं के साथ-साथ नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए भी निशुल्क कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
संस्थान की अध्यक्षा रईसा बानो के अनुसार, अभियान की शुरुआत 1 जुलाई 2025 को मात्र दो विद्यार्थियों से की गई थी।
वर्तमान में यह अभियान 40 से अधिक छात्र-छात्राओं को निशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहा है और ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।