जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के नाम पर कथित फर्जी न्यायिक आदेश तैयार कर उसका ऑनलाइन दुरुपयोग करने का गंभीर मामला सामने आया है।
आरोप है कि हाईकोर्ट का फर्जी जमानत आदेश ऑनलाइन उपलब्ध करवाकर एक मुलजिम को जेल से बाहर निकलवा दिया गया।
सूरतगढ जेल में बंद पंजाब के एक आरोपी के मामले में यह फर्जी आदेश जारी करने का मामला बताया जा रहा हैं
इस पूरे मामले में आदेश की तारीख, अधिवक्ता के नाम और राज्य सरकार की ओर से पैरवी करने वाले सरकारी अधिवक्ता का नाम तक फर्जी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मामले में एक ऐसा आदेश तैयार किया गया, जिसे राजस्थान हाईकोर्ट का आधिकारिक जमानत आदेश दर्शाया गया। इसके बाद ऑनलाइन आदेश का गलत फायदा उठाकर आरोपी को जेल से बाहर लाने में इस्तेमाल किया गया।

आदेश में तारीख और अधिवक्ताओं के नाम भी फर्जी!
मामले में सामने आए कथित आदेश की जांच में कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
बताया जा रहा है कि आदेश में दर्ज तारीख वास्तविक नहीं है। इतना ही नहीं, याचिकाकर्ता की ओर से पैरवी करने वाले अधिवक्ता और राज्य सरकार की ओर से पैरवी करने वाले सरकारी अधिवक्ता के नाम भी फर्जी बताए जा रहे हैं।
इससे पूरे मामले में न्यायिक आदेशों की प्रामाणिकता और ऑनलाइन उपलब्ध दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
हाईकोर्ट प्रशासन में हड़कंप, गहन जांच की खबर
मामला सामने आने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसकी गहन जांच किए जाने की खबर है।
यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित फर्जी आदेश किसने तैयार किया, उसे ऑनलाइन कैसे उपलब्ध करवाया गया और उसके आधार पर आरोपी को जेल से बाहर निकलवाने की पूरी प्रक्रिया किस तरह अपनाई गई।
ऑनलाइन आदेश के आधार पर जमानत प्रक्रिया में सत्यापन जरूरी
इस घटना ने ऑनलाइन उपलब्ध न्यायिक आदेशों के आधार पर जमानत की प्रक्रिया पूरी करने से पहले उनकी प्रामाणिकता की जांच की आवश्यकता को फिर से उजागर कर दिया हैं.
अदालत के आदेश की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित न्यायिक रिकॉर्ड से मिलान किए बिना किसी दस्तावेज को वास्तविक मानना गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है।
राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन का पक्ष मिलने और जांच से जुड़े नए तथ्य सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।
विधायक पुत्र पर लग चुका हैं फर्जी आदेश का आरोप, जांच जारी
गौरतलब हैं कि हाल ही में सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार के बेटे जयप्रकाश पर चुनाव में उम्मीदवारी हासिल करने के लिए हाईकोर्ट का फर्जी आदेश पेश करने का आरोप है।
मामले की सुनवाई के दौरान राजस्थान हाईकोर्ट के सामने खुलासा हुआ कि जिस आदेश को अदालत का बताया जा रहा था, वैसा कोई आदेश जारी ही नहीं हुआ था।
इस मामले में भी जस्टिस आनंद शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे बेहद गंभीर मामला बताया था।
हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार से जांच रिपोर्ट मांगी है, वहीं झुंझुनूं कलेक्टर ने भी FIR दर्ज कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।