जोधपुर। हनुमानगढ़ बार संघ के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता रोहित सिंह खींची को जान से मारने की धमकी देने के मामले में अब राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर ने राजस्थान के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा हैं.
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीपसिंह उदावत ने पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया कि 26 सितंबर को हनुमानगढ़ बार संघ के अध्यक्ष रोहित सिंह खींची को व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से अदालती कार्य और अधिवक्ता के रूप में की जा रही पैरवी से पीछे हटने के लिए धमकी दी गई है।।
संघ के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर अधिवक्ता को कुछ मामलों में पैरवी छोड़ने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने पुलिस और सरकार में अपनी पहुंच होने का दावा करते हुए दबाव बनाने का प्रयास किया।
रोहित सिंह खींची ने 26 सितंबर को हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत पर हनुमानगढ़ बार संघ और राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन ने गंभीर चिंता जताई है।
हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन ने DGP से मांग की है कि शिकायत पर तत्काल FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिवक्ता रोहित सिंह खींची की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
एसोसिएशन ने कहा कि किसी अधिवक्ता को किसी मामले की पैरवी छोड़ने के लिए धमकाना केवल व्यक्तिगत धमकी का विषय नहीं है, बल्कि इससे न्यायिक प्रक्रिया में अधिवक्ताओं द्वारा स्वतंत्र एवं निर्भीक रूप से अपने मुवक्किलों की पैरवी करने के अधिकार और न्याय प्रशासन की स्वतंत्रता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।