जयपुर। देश की पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश जस्टिस हिमा कोहली कल जयपुर में आयोजित होने वाले ‘जस्टिस एस.सी. अग्रवाल मेमोरियल लेक्चर’ में मुख्य व्याख्यान देंगी।
यह कार्यक्रम राजस्थान एजुकेशन ट्रस्ट और कानोरिया स्कूल ऑफ लॉ फॉर वूमेन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम आर.ए. पोदार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें विधि क्षेत्र से जुड़े अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी, विधि छात्र और शिक्षाविद शामिल होंगे।
इस अवसर पर राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) वी.एस. दवे भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
इस वर्ष व्याख्यान का विषय है— “Technology and the Legal System: From Tech Laws to Tech in Law”। जस्टिस कोहली अपने संबोधन में तकनीक और न्याय व्यवस्था के बदलते स्वरूप, डिजिटल कोर्ट सिस्टम, साइबर कानून और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालेंगी।
जस्टिस कोहली तकनीक और न्याय प्रणाली के बदलते संबंधों, साइबर कानून, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ई-कोर्ट्स और डिजिटल न्याय प्रक्रिया जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगी।
वर्तमान समय में जब न्यायिक प्रणाली तेजी से डिजिटल हो रही है, तब यह विषय विशेष रूप से प्रासंगिक माना जा रहा है।
जस्टिस हिमा कोहली का न्यायिक अनुभव चार दशकों से अधिक का रहा है। वह दिल्ली हाईकोर्ट की न्यायाधीश रहने के बाद तेलंगाना हाईकोर्ट की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं और बाद में सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्त हुईं।
न्यायिक सुधार, मध्यस्थता और जेंडर संवेदनशीलता जैसे विषयों पर उनका विशेष योगदान रहा है।
चौथा आयोजन
जस्टिस एस.सी. अग्रवाल मेमोरियल लेक्चर दिवंगत जज जस्टिस एस.सी. अग्रवाल की स्मृति में आयोजित किया जाता है, जो सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के प्रतिष्ठित न्यायाधीश रहे।
उन्होंने अपने न्यायिक जीवन में कई ऐतिहासिक फैसले दिए और सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा व समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई।