जोधपुर, 2 दिसंबर 2025
राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर से जुड़े अधिवक्ता के साथ मारपीट के विरोध में आज जोधपुर में अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे।
अधिवक्ता भरतसिंह राठौड़ और उनके सहयोगी के साथ हुई मारपीट की घटना का एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन और राजस्थान हाईकोर्ट लायर्स एसोसिएशन, जोधपुर के पदाधिकारियों की सोमवार देर शाम हुई संयुक्त बैठक में न्यायिक कार्यों के बहिष्कार का फैसला लिया गया है।
बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया और लायर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद पुरोहित ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक पुलिस प्रशासन दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करता, तब तक विरोध जारी रखा जाएगा।
थानाधिकारी पर आरोप
एसोसिएशन के अनुसार अधिवक्ता भरतसिंह राठौड़ अपने मुवक्किल के मामले में हो रही देरी की जानकारी लेने के लिए कुड़ी भगतासनी थाने पहुंचे थे।
इस दौरान वहां मौजूद महिला अधिवक्ता सहित अन्य अधिवक्ताओं के साथ थानाधिकारी हमीरसिंह और अन्य पुलिसकर्मियों पर कथित रूप से मारपीट करने का आरोप है।
एसोसिएशन के अनुसार पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय अधिवक्ताओं को ही थाने में बंद कर दिया।
एसोसिएशन ने इसे कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न बताते हुए कहा कि यदि न्याय के रक्षक ही पुलिस की ज्यादती का शिकार होंगे तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
अदालतों में कार्य नहीं होंगे
घटना के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता राजस्थान हाईकोर्ट और अधीनस्थ न्यायालयों में एकत्रित हुए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रतिवेदन भी पेश किया।
इसके बाद देर शाम दोनों एसोसिएशनों ने घोषणा की कि 2 दिसंबर 2025 को जोधपुर हाईकोर्ट सहित प्रदेश के सभी अधीनस्थ न्यायालयों में अधिवक्ता न्यायिक कार्यों में उपस्थित नहीं रहेंगे। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो विरोध प्रदर्शन और बहिष्कार आगे भी जारी रहेगा।
विरोध में रैली आज
अधिवक्ता के साथ हुई इस मारपीट के विरोध में जोधपुर के अधिवक्ता हेरिटेज परिसर से वाहन रैली निकालकर पुलिस आयुक्त कार्यालय तक जाएंगे और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
ये रहे मौजूद
सोमवार देर शाम हुई दोनों एसोसिएशनों की बैठक में पदाधिकारी — उपाध्यक्ष धीरेन्द्र दाधीच, पिंटू पारिक, महासचिव शिवलाल बरवड़, मनीष टॉक, सहसचिव विजेन्द्र पुरी, ऋषि सोनी, पुस्तकालय सचिव कांता राजपुरोहित, चिरांग खत्री, कोषाध्यक्ष विमल कुमार माहेश्वरी, शुभम मोदी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे.