बेंगलुरु। देश के प्रतिष्ठित विधि शिक्षण संस्थानों में शुमार National Law School of India University (एनएलएसआईयू) ने असिस्टेंट प्रोफेसर (लॉ) के 10 पदों पर भर्ती के आवेदन के लिए अब केवल 2 दिन शेष है.ं
ये नियुक्तियां दो वर्ष के संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने 12 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना में इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे।
आवेदन की अंतिम तिथि 4 मार्च 2026 सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
देश का अग्रणी विधि विश्वविद्यालय
सन् 1987 में स्थापित एनएलएसआईयू को भारत में विधि शिक्षा और शोध का अग्रणी संस्थान माना जाता है। राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग ढांचा (NIRF) में यह लगातार शीर्ष स्थान पर रहा है।
10 पद, सभी अनारक्षित
अधिसूचना के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर (लॉ) के कुल 10 पद भरे जाएंगे और ये सभी अनारक्षित श्रेणी के हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार लेवल-10 के तहत समेकित वेतन (Consolidated Pay) प्रदान किया जाएगा।
नियुक्ति दो वर्ष के लिए होगी, जिसमें एक वर्ष की परिवीक्षा (प्रोबेशन) अवधि भी शामिल रहेगी।
सभी प्रमुख विधि विषयों में अवसर
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह भर्ती लॉ के सभी प्रमुख विषयों के लिए है।
इनमें कॉन्ट्रैक्ट, संपत्ति विधि, आपराधिक विधि, टॉर्ट्स, साक्ष्य अधिनियम, संवैधानिक विधि, प्रशासनिक विधि, बौद्धिक संपदा अधिकार, कंपनी कानून, श्रम कानून, अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवाधिकार, पारिवारिक कानून, ज्यूरिस्प्रूडेंस, सिविल प्रक्रिया, ड्राफ्टिंग, पर्यावरण कानून, कराधान कानून, वैकल्पिक विवाद निवारण (ADR) और वित्तीय क्षेत्र विनियमन जैसे विषय शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता
आवेदन के लिए अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ Law मास्टर डिग्री होना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को नियमानुसार 5 प्रतिशत अंकों की छूट दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों में संचार कौशल, पारस्परिक संवाद क्षमता, समय प्रबंधन और संगठनात्मक दक्षता होना आवश्यक है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि उच्च गुणवत्ता वाले जर्नल्स में प्रकाशन करने वाले तथा अकादमिक उत्कृष्टता प्रदर्शित करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिम्मेदारियां और कार्य
चयनित असिस्टेंट प्रोफेसर को स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं का शिक्षण कार्य करना होगा।
उन्हें पाठ्य सामग्री तैयार करना, परीक्षा एवं असाइनमेंट का मूल्यांकन करना, छात्रों को परामर्श देना तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही उन्हें शोध और प्रकाशन के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थियों को केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ अधिकतम 800 शब्दों का स्टेटमेंट ऑफ पर्पज, विस्तृत बायोडाटा (सीवी) जिसमें प्रकाशनों की सूची शामिल हो, लेखन कार्य के नमूने और दो रेफरी के विवरण अपलोड करना अनिवार्य है। आवश्यक प्रमाणपत्रों के बिना आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल न्यूनतम योग्यता पूरी करने मात्र से साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना सुनिश्चित नहीं है। आवेदन की संख्या अधिक होने पर विश्वविद्यालय साक्षात्कार के लिए सीमित संख्या में अभ्यर्थियों का चयन कर सकता है।
महत्वपूर्ण शर्तें
सरकारी या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ प्रस्तुत करना होगा।
गलत या भ्रामक जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
विदेशी नागरिक, OCI, NRI और PIO भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन चयन होने पर उन्हें भारत सरकार से आवश्यक वीजा स्वीकृति प्राप्त करनी होगी।
अंतिम तिथि न भूलें
असिस्टेंट प्रोफेसर (लॉ) के इन 10 पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 4 मार्च 2026, शाम 5 बजे (IST) है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।