जयपुर। राजस्थान बार काउंसिल चुनाव के लिए प्रदेशभर में सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई।
मतदान शुरू होते ही अधिवक्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और विभिन्न जिलों के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आने लगीं। यह मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहेगा।

करीब लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह है।
प्रदेशभर में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं।
अधिकांश स्थानों पर मतदान शुरू होते ही प्रत्याशी स्वयं सबसे पहले वोट डालने के लिए आगे आए। कई उम्मीदवारों ने मतदान केंद्र पहुंचकर सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया और उसके बाद समर्थकों से मुलाकात की।
हाईकोर्ट जयपुर में नहीं खुली मतपेटिया
राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर में मतदान समय के करीब 15 मिनट बाद भी मतपेटियां नही खुली. यहां पर चुनाव टीम मतपेटियों को खोलने में जुटी रही.
राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बना सबसे बड़ा मतदान केंद्र
प्रदेश के सबसे बड़े मतदान केंद्र राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर परिसर में सुबह से ही मेले जैसा माहौल देखने को मिला। यहां चारों ओर अधिवक्ता प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और मतदाताओं की भारी भीड़ नजर आई।
परिसर में चुनावी चर्चा, समर्थकों की सक्रियता और मतदाताओं की आवाजाही से पूरा क्षेत्र गुलजार रहा।
मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं का स्वागत करते दिखाई दिए, वहीं कई स्थानों पर अधिवक्ताओं के बीच चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं भी होती रहीं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर सहित अन्य प्रमुख मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
जयपुर हाईकोर्ट परिसर में डॉग स्कॉड की टीम के साथ सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रवेश द्वारों पर जांच व्यवस्था की गई है और मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रदेशभर में दिखा उत्साह
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा, भरतपुर सहित विभिन्न जिलों में अधिवक्ताओं ने सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया। कई स्थानों पर मतदान शुरू होते ही लंबी कतारें लग गईं।
अधिवक्ताओं का कहना है कि यह चुनाव उनके प्रतिनिधित्व और भविष्य की दिशा तय करने वाला चुनाव है, इसलिए सभी वर्गों में इसे लेकर उत्साह है।
23 पदों के लिए 234 प्रत्याशी मैदान में
राजस्थान बार काउंसिल के इस चुनाव में कुल 23 पदों के लिए 234 प्रत्याशी मैदान में हैं। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के मैदान में होने से मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का माना जा रहा है।
हजारों अधिवक्ता मतदाता आज अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। चुनाव परिणामों को लेकर भी अधिवक्ताओं के बीच खासा उत्साह बना हुआ है।
शाम 5 बजे तक जारी रहेगा मतदान
मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखा जाएगा और निर्धारित तिथि पर मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
कुल मिलाकर राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में इस बार रिकॉर्ड भागीदारी और अधिवक्ताओं का जोश देखने को मिल रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी मजबूत आस्था को दर्शाता है।