जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने बुधवार देर शाम तक दो अलग-अलग तबादला सूची जारी करते हुए राज्य के अलग-अलग जिलों में कार्यरत कुल 20 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
राजस्थान हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा की ओर से जारी आदेशों में स्पेशल कोर्ट, पारिवारिक न्यायालय, एनडीपीएस कोर्ट, पॉक्सो कोर्ट, औद्योगिक न्यायाधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों में नई पोस्टिंग दी गई है।
हाईकोर्ट की ओर से जारी पहली सूची में जहां 4 न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए गए, वहीं देर शाम जारी दूसरी सूची में 16 न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए गए। न्यायिक प्रशासन में इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पहली सूची में तबादले
बुधवार को जारी पहली सूची में हाईकोर्ट प्रशासन ने चार न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए थे।
न्यायिक अधिकारी कृष्ण स्वरूप चलाना को स्पेशल जज सीबीआई-4 जयपुर मेट्रो-1 में जज नियुक्त किया गया।
वहीं अमित सहलोत को जज पॉक्सो कोर्ट-2 उदयपुर लगाया गया।
पवन कुमार को इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल जयपुर मेट्रो-2 में नियुक्ति दी गई, जबकि पंकज बंसल को इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल-कम-लेबर कोर्ट भीलवाड़ा भेजा गया।

दूसरी सूची में इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
देर शाम जारी दूसरी सूची के अनुसार न्यायिक अधिकारी अटल सिंह चंपावत को सांप्रदायिक दंगा मामलात कोर्ट टोंक में जज नियुक्त किया गया है।
तस्नीम खान को स्पेशल जज एनडीपीएस कोर्ट निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) लगाया गया है। प्रमोद बंसल को स्पेशल जज एनडीपीएस कोर्ट बीकानेर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीमा मेवाड़ा को जज पॉक्सो कोर्ट-2 मेड़ता नियुक्त किया गया है।
न्यायिक अधिकारी सुमन गुप्ता को पारिवारिक न्यायालय-2 अलवर में जज लगाया गया है। वहीं मेघना व्यास को उप सचिव-2, राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (RALSA) जयपुर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा विशाल भार्गव को पारिवारिक न्यायालय-2 जयपुर जिला में पोस्टिंग दी गई है। महेंद्र प्रताप भाटी को एडीजे-2 जोधपुर महानगर लगाया गया है। ज्योत्सना मीणा को एडीजे-1 सूरतगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।
अनुभूति मिश्रा को एसीजे-कम-एसीजेएम-11 जयपुर मेट्रो-2 लगाया गया है। रश्मि आर्य को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भीलवाड़ा नियुक्त किया गया है।
ललित पुरोहित को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जैसलमेर की जिम्मेदारी दी गई है।
निधि शर्मा को प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड सवाई माधोपुर तथा ऐश्वर्य सिंह को प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड दौसा नियुक्त किया गया है।
विनय जयपुरिया को न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय बाड़ी, धौलपुर और महिमा श्रीमाली को न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय मंडोर, जोधपुर महानगर लगाया गया है।
हाईकोर्ट द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य न्यायिक कार्यों में तेजी लाना, लंबित मामलों का प्रभावी निस्तारण करना और विभिन्न अदालतों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करना होता है।
विशेष रूप से एनडीपीएस, पॉक्सो और पारिवारिक न्यायालयों में नई नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इन अदालतों में मामलों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।