जस्टिस मनीष शर्मा ने किया टूर्नामेंट का उद्घाटन, रविवार सुबह 9 बजे खेला जाएगा फाइनल मुकाबला; पुरस्कार वितरण समारोह में जस्टिस गणेशराम मीणा होंगे मुख्य अतिथि
जयपुर। अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिछले 26 वर्षों से आयोजित की जा रही प्रतिष्ठित आर के मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का 26वां संस्करण इस वर्ष भी पूरे उत्साह और जोश के साथ शुरू हो गया है।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का शनिवार को आयोजित हुए उद्घाटन समारोह में विधि जगत की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी रही, वहीं पहले ही दिन हुए मुकाबलों ने दर्शकों और प्रतिभागियों में रोमांच भर दिया।
शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

जस्टिस मनीष शर्मा ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन राजस्थान हाईकोर्ट के जज जस्टिस मनीष शर्मा ने किया। उद्घाटन समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल, महासचिव दीपेश शर्मा, सहित बार के अनेक वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी गईं।
उद्घाटन अवसर पर पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेन्द्र यादव और समाजसेवी राकेश यादव ने मंच पर उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में साफा और मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
समारोह में उपस्थित अधिवक्ताओं ने खेल को आपसी मेल-जोल और तनावमुक्त जीवन का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए ऐसी प्रतियोगिताओं के निरंतर आयोजन पर जोर दिया।
संस्कार क्रिकेट एकेडमी में हो रहा आयोजन
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता सीरसी रोड स्थित संस्कार क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में जयपुर के अधिवक्ताओं की चार प्रमुख टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ और बी टीम और जजेज इलेवन टीम शामिल हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन से ही मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा और हर मुकाबला रोमांचक रहा।

रोमांचक मुकाबलों में तय हुए फाइनलिस्ट
शनिवार को आयोजित अलग-अलग मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वी टीमों को पराजित कर फाइनल में जगह पक्की कर ली। दोनों टीमों ने संतुलित खेल और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को शानदार क्रिकेट देखने को मिला।
राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन बनाम जजेज इलेवन
शनिवार को खेला गया सबसे चर्चित मुकाबला राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और जजेज इलेवन के बीच हुआ। यह मैच शुरुआत से ही रोमांचक रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जजेज इलेवन टीम ने निर्धारित 16 ओवर में संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए कुल 62 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान हर्षित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए टीम को संभाला और उपयोगी रन जोड़े। हालांकि, अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई।
राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की शानदार जीत
63 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने कप्तान देवेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में आक्रामक शुरुआत की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
टीम ने मात्र 8 ओवर में ही 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ली और फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया। बल्लेबाजों के आत्मविश्वास और गेंदबाजों की सटीक रणनीति ने टीम को आसान जीत दिलाई।
मैदान पर मौजूद दर्शकों ने इस जीत का जोरदार स्वागत किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी खिलाड़ियों की खेल भावना और अनुशासन की सराहना की।
दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम का दमदार प्रदर्शन
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम ने भी अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर फाइनल में जगह बना ली। टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय ने टीम को सफलता दिलाई।
रविवार को होगा फाइनल मुकाबला
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार सुबह 9 बजे खेला जाएगा। फाइनल मैच का टॉस राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अनिल उपमन द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मैच देखने के लिए मैदान पर पहुंचेंगे।
पुरस्कार वितरण समारोह में जस्टिस गणेशराम मीणा होंगे मुख्य अतिथि
रविवार को फाइनल मैच की समाप्ति के बाद दोपहर 12 बजे बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस गणेशराम मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विजेता तथा उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान करेंगे।
साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
खेल से बढ़ता है आपसी सहयोग और सकारात्मक माहौल
राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल का कहना है कि अधिवक्ताओं के व्यस्त और तनावपूर्ण पेशे में इस प्रकार के खेल आयोजन उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल गतिविधियां अधिवक्ताओं के बीच आपसी सहयोग, टीमवर्क और सकारात्मक माहौल को भी मजबूत करती हैं।
महासचिव दीपेश शर्मा ने प्रतियोगिता को अधिवक्ताओं की सबसे पसंदीदा प्रतियोगिता बताते हुए कहा कि कि पिछले 26 वर्षों से आयोजित यह प्रतियोगिता अब एक परंपरा बन चुकी है और हर वर्ष इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं में भी इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
दर्शकों में भी दिखा उत्साह
मैदान पर मैच देखने पहुंचे अधिवक्ताओं और उनके परिवारजनों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अधिवक्ताओं को अदालत की व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय के लिए राहत देते हैं और आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं।
फाइनल मुकाबले को लेकर उत्सुकता
अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं, जिसमें राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों का अब तक का प्रदर्शन शानदार रहा है, ऐसे में फाइनल मुकाबला भी रोमांचक होने की पूरी संभावना है।