पत्नी होने का दावा, पति की संपत्ति पर हक और समझौता डिक्री को चुनौती—राजस्थान हाईकोर्ट ने तय की तीसरे पक्ष के अधिकारों की राह
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने समझौता डिक्री को चुनौती देने वाले तीसरे पक्ष के अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति स्पष्ट की है।
जस्टिस सुदेश बंसल की एकलपीठ ने रिपोर्टेबल जजमेंट के जरिए फैसला देते हुए कहा कि जो व्यक्ति न तो मूल सिविल suit का पक्षकार था, न समझौते का हिस्सा था और न ही किसी पक्षकार के जरिए संपत्ति पर अपना अधिकार प्राप्त करता है, लेकिन समझौता डिक्री से उसके स्वतंत्र अधिकार प्रभावित होते हैं, तो उसके लिए स्वतंत्र सिविल मुकदमे का रास्ता बंद नहीं है।
हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को पहले अपना स्वतंत्र अधिकार, हक और कानूनी स्थिति साबित करनी होगी।
मौजूदा मामले में याचिकाकर्ता महिला ने दिवंगत व्यक्ति की पत्नी और Class-I की एकमात्र वारिस होने का दावा किया था, लेकिन उसके वैध विवाह का सवाल विवादित था।
इसलिए हाईकोर्ट ने उसे पहले सक्षम सिविल कोर्ट में अपना वैवाहिक दर्जा और संपत्ति पर अधिकार साबित करने की स्वतंत्र कार्यवाही का रास्ता दिया।
क्या है पूरा मामला?
मामला जयपुर की याचिकाकर्ता महिला कुसुम शर्मा से जुड़ा है। उनके पति दिनेश मिश्रा की मृत्यु के बाद उनकी संपत्तियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ।
दिनेश मिश्रा की संपत्तियों के संबंध में उनकी बहन सुशीला महर्षि ने अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ विभाजन और स्थायी निषेधाज्ञा का मुकदमा दायर किया था।
इस मुकदमे में पक्षकारों के बीच 19 अक्टूबर 2024 को समझौता हुआ और इसी आधार पर अदालत ने 25 नवंबर 2024 को समझौता डिक्री पारित कर दी।
इसके बाद कुसुम शर्मा ने अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए दावा किया कि वह दिनेश मिश्रा की कानूनी पत्नी और Class-I की एकमात्र वारिस हैं।
उनका कहना था कि उन्हें विभाजन के मुकदमे में पक्षकार ही नहीं बनाया गया और उनकी गैरमौजूदगी में उनके पति की संपत्तियों को लेकर समझौता कर लिया गया।
विवाह को लेकर विवाद
प्रतिवादियों ने कुसुम शर्मा के पत्नी होने के दावे पर ही सवाल उठाया, उनका कहना था कि दिनेश मिश्रा का विवाह पहले 24 नवंबर 1984 को सुधा मिश्रा से हुआ था, जिसे फैमिली कोर्ट ने 12 सितंबर 2019 को आपसी सहमति से तलाक के जरिए समाप्त किया था।
प्रतिवादियों के अनुसार कुसुम शर्मा यह साबित नहीं कर सकीं कि उन्होंने दिनेश मिश्रा से पिछली शादी समाप्त होने के बाद वैध रूप से विवाह किया था।
कुसुम शर्मा की ओर से हालांकि दावा किया गया कि उनका दिनेश मिश्रा के साथ विवाह पहले 1996 में हुआ था और बाद में पहली शादी के संबंध में स्थिति सामने आने पर दिनेश मिश्रा और सुधा मिश्रा का तलाक कराया गया। इसके बाद सितंबर 2019 में उन्होंने दिनेश मिश्रा से दोबारा विवाह किया।
पहले साबित करना होगा पत्नी होने का दर्जा
मामले में दोनो पक्षों की दलीले सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि इस मामले का सबसे पहला सवाल यह है कि क्या याचिकाकर्ता वास्तव में दिवंगत दिनेश मिश्रा की कानूनी पत्नी हैं?
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब विवाह और पत्नी होने का दर्जा ही गंभीर रूप से विवादित हो, तो इस जटिल तथ्यात्मक विवाद का फैसला केवल Order XXIII Rule 3 के दायरे में Section 151 CPC की अर्जी पर नहीं किया जा सकता।
ऐसे विवाद में दोनों पक्षों को साक्ष्य पेश करने का अवसर मिलना चाहिए और इसके लिए स्वतंत्र सिविल मुकदमा उचित रास्ता है।
तीसरे पक्ष के लिए स्वतंत्र मुकदमे का रास्ता खुला
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि Order XXIII Rule 3-A और Section 96(3) CPC की रोक हर तीसरे पक्ष पर लागू नहीं होती।
कोर्ट ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति मूल मुकदमे का पक्षकार नहीं था, समझौते का पक्षकार नहीं था, किसी पक्षकार के जरिए अपना अधिकार नहीं प्राप्त करता, बल्कि संपत्ति में अपना स्वतंत्र अधिकार, हक या हित होने का दावा करता है,
तो वह परिस्थितियों के अनुसार स्वतंत्र सिविल मुकदमा दायर कर सकता है, या Section 96 CPC के तहत अपील कर सकता है, जिसके लिए अदालत की अनुमति आवश्यक होगी। वह Section 151 CPC के तहत उसी अदालत का रुख भी कर सकता है।
“समझौता डिक्री किसी तीसरे पक्ष के स्वतंत्र अधिकार खत्म नहीं कर सकती”
राजथान हाईकोर्ट ने कर्नाटक हाईकोर्ट के उस दृष्टिकोण से भी सहमति जताई कि दो पक्षों के बीच हुआ समझौता उन लोगों के अधिकारों को खत्म नहीं कर सकता जो उस मुकदमे या समझौते के पक्षकार ही नहीं थे और जिनका संपत्ति पर स्वतंत्र अधिकार है।
ट्रायल कोर्ट की गलती भी हाईकोर्ट ने बताई
हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता की Section 151 CPC की अर्जी को खारिज करने के अंतिम परिणाम में हस्तक्षेप नहीं किया, लेकिन ट्रायल कोर्ट द्वारा उसके वैवाहिक दर्जे और locus standi पर मेरिट में दिए गए निष्कर्षों को बिना अधिकार क्षेत्र के और perverse बताया।
कोर्ट ने साफ किया कि याचिकाकर्ता का पत्नी होना या नहीं होना अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। यह सवाल उचित स्वतंत्र कार्यवाही में साक्ष्य के आधार पर तय होगा।
अधिकारों पर कोर्ट ने कहा
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके मौजूदा फैसले में की गई कोई टिप्पणी किसी पक्ष के अधिकारों को मेरिट पर प्रभावित नहीं करेगी।
यदि याचिकाकर्ता आगे उचित कानूनी उपाय अपनाती हैं, तो दोनों पक्ष अपने सभी कानूनी आपत्तियां और दावे स्वतंत्र रूप से रख सकेंगे।
राजस्थान हाईकोर्ट ने याचिका का निस्तारण करते हुए याचिकाकर्ता को अपने वैवाहिक दर्जे और संपत्ति अधिकारों को उचित स्वतंत्र कार्यवाही में साबित करने की स्वतंत्रता दी। साथ ही 16 सितंबर 2025 का अंतरिम आदेश vacate कर दिया और कोई लागत नहीं लगाई।
इस फैसले का मुख्य बिंदू
राजस्थान हाईकोर्ट ने फैसले के पैरा 20 में यह महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति विस्तार से स्पष्ट की है कि समझौता डिक्री (Compromise/Consent Decree) को चुनौती देने का अधिकार इस बात पर निर्भर करता है कि चुनौती देने वाला व्यक्ति मूल मुकदमे या समझौते का पक्षकार था या नहीं। कोर्ट ने इसे दो हिस्सों में विभाजित किया है—
(A) समझौता डिक्री के पक्षकार के लिए उपाय और
(B) समझौता डिक्री के तीसरे पक्ष के लिए उपाय।
(A) समझौता डिक्री के पक्षकार के लिए सिविल उपाय
पक्षकार को उसी कोर्ट में चुनौती देनी होगी
CPC में 1976 के Amendment Act No. 104 के बाद, यदि कोई व्यक्ति पहले से ही मूल मुकदमे या समझौता डिक्री का पक्षकार है और समझौता डिक्री की वैधता को चुनौती देना चाहता है, तो उसके लिए उपाय Order XXIII Rule 3 CPC के proviso और explanation के तहत उपलब्ध है।
धोखाधड़ी, अवैधता या अधिकार के अभाव का आरोप भी Trial Court में उठेगा
यदि मुकदमे का कोई पक्षकार यह कहता है कि समझौता वैध नहीं था, शून्य (void) या शुरू से ही शून्य (void ab initio) था और धोखाधड़ी (fraud) से हुआ या समझौता करने वाले व्यक्ति के पास अधिकार नहीं था या समझौते में कोई अन्य ऐसा तत्व था जो उसे कानूनी रूप से प्रभावित करता है,
तो CPC के अनुसार उसे उसी Trial Court के समक्ष Order XXIII Rule 3 के proviso के तहत जाना होगा, जिसने समझौते को रिकॉर्ड किया था। वही अदालत यह तय करेगी कि समझौता वैध और कानूनी था या नहीं।
Trial Court के फैसले के बाद First Appeal का रास्ता
समझौता डिक्री का पक्षकार, Trial Court में चुनौती देने के साथ-साथ एक concurrent but sequential remedy भी रखता है।
अर्थात पहले Trial Court में Order XXIII Rule 3 के तहत समझौते की वैधता पर फैसला होगा। यदि Trial Court का निर्णय उसके खिलाफ आता है, तो वह Section 96(1) CPC के तहत First Appeal दाखिल कर सकता है।
ऐसी स्थिति में Section 96(3) CPC में दी गई सामान्य रोक लागू नहीं होगी।
— Appellate Court समझौता डिक्री की वैधता पर विचार कर सकती है
ऐसी First Appeal पर Appellate Court मामले को मेरिट पर देख सकती है। इस दौरान Order XLIII Rule 1A CPC को ध्यान में रखा जाएगा।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि Section 96(3) CPC में consent decree के खिलाफ appeal पर जो रोक है, वह इस परिस्थिति में अपील की सुनवाई में बाधा नहीं बनेगी।
— Order XLIII Rule 1A नया Appeal का अधिकार नहीं देता
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि Order XLIII Rule 1A CPC अपने आप कोई नया appeal का अधिकार पैदा नहीं करता।
यह प्रावधान केवल उस व्यक्ति को अनुमति देता है जो पहले से ही वैध रूप से Appellate Court के सामने appeal में है, कि वह यह तर्क रख सके कि समझौता रिकॉर्ड किया जाना चाहिए था या नहीं किया जाना चाहिए था।
— Section 96(3) की रोक कब लागू होगी?
Section 96(3) CPC का प्रावधान कहता है कि “no appeal shall lie from a decree passed by the Court with the consent of parties.”
हाईकोर्ट ने कहा कि यह रोक तब लागू होगी जब समझौता वास्तव में हुआ था, इस तथ्य पर कोई विवाद नहीं हो।
लेकिन यदि कोई पक्षकार स्वयं समझौते के अस्तित्व या उसकी वैधता को चुनौती दे रहा है, तो पहले Order XXIII Rule 3 के तहत Trial Court को उस विवाद का निर्णय करना होगा।
— Order XXIII Rule 3 की प्रक्रिया पूरी होने तक Section 96(3) की रोक
जब तक Order XXIII Rule 3 CPC के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया जाता, तब तक consent decree के खिलाफ appeal की maintainability पर Section 96(3) CPC की statutory bar लागू रहेगी।
पक्षकार के लिए Independent Suit पर रोक
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति स्वयं मूल मुकदमे या compromise decree का पक्षकार था, वह समझौता डिक्री को अवैध बताते हुए उसे रद्द कराने के लिए अलग से independent civil suit नहीं ला सकता।
ऐसे व्यक्ति के लिए Order XXIII Rule 3-A CPC के तहत independent suit पर स्पष्ट रोक है।
(B) समझौता डिक्री के Third Party के लिए Civil Remedies
— Third Party के लिए स्वतंत्र सिविल मुकदमा संभव
हाईकोर्ट ने इसके बाद तीसरे पक्ष के अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण अंतर स्पष्ट किया।
यदि कोई व्यक्ति मूल suit का पक्षकार नहीं था या compromise का पक्षकार नहीं था या
consent decree का पक्षकार नहीं था और किसी भी पक्षकार के जरिए अपना अधिकार, title या interest प्राप्त नहीं करता.
लेकिन फिर भी consent decree से उसके स्वतंत्र अधिकार प्रभावित या prejudiced होते हैं, तो उसके पास समझौता डिक्री को चुनौती देने के लिए independent suit दाखिल करने का रास्ता उपलब्ध है।
ऐसा व्यक्ति Section 96 CPC के तहत appeal भी कर सकता है। हालांकि appeal दाखिल करने के लिए उसे Court से leave प्राप्त करनी होगी।
हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि परिस्थितियों के अनुसार ऐसा तीसरा पक्ष उसी Court में Section 151 CPC के तहत application भी दे सकता है, जिसने compromise decree पारित की थी।
— Rule 3-A और Section 96(3) की रोक Third Party पर लागू नहीं
यह पैरा फैसले के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों में से एक है।
हाईकोर्ट ने कहा कि Order XXIII Rule 3-A CPC और Section 96(3) CPC की statutory bar उस व्यक्ति के खिलाफ लागू नहीं होगी जो compromise decree का third party है।
अर्थात यदि व्यक्ति न तो suit का पक्षकार था और न ही compromise decree का पक्षकार, तो केवल Rule 3-A या Section 96(3) के आधार पर उसके स्वतंत्र अधिकारों की चुनौती को रोका नहीं जा सकता।
हालांकि यदि वह consent decree के खिलाफ appeal दाखिल करता है, तो Court की leave लेना आवश्यक होगा।
— Independent Right वाले Third Party की चुनौती का दायरा अधिक व्यापक हो सकता है
हाईकोर्ट ने आगे कहा कि यदि कोई third party संपत्ति में स्वतंत्र right, title या interest का दावा करता है और उसका अधिकार मुकदमे के किसी पक्षकार से प्राप्त नहीं हुआ है, तो compromise decree को चुनौती देने का उसका दायरा केवल Order XXIII Rule 3 के proviso तक सीमित जरूरी नहीं है।
ऐसे व्यक्ति के पास अतिरिक्त या अलग आधारों पर चुनौती देने का अधिकार हो सकता है। उसकी चुनौती Order XXIII Rule 3 और Order XLIII Rule 1A CPC की सीमाओं से आगे भी जा सकती है।
इसलिए तीसरे पक्ष के लिए ऐसे fresh civil remedies उपलब्ध हो सकते हैं, जो compromise decree के पक्षकार को उपलब्ध नहीं होते।
हाईकोर्ट ने पैरा 20 में कानून का सार क्या बताया?
सरल शब्दों में कोर्ट ने यह अंतर स्थापित किया है अगर आप समझौता डिक्री के पक्षकार हैं: पहले Order XXIII Rule 3 CPC के तहत उसी Trial Court में चुनौती। उसके बाद adverse finding आने पर Section 96(1) CPC के तहत First Appeal।
Independent Suit barred — Order XXIII Rule 3-A CPC।
अगर आप Third Party हैं और आपका स्वतंत्र अधिकार है तो Independent Civil Suit दाखिल कर सकते हैं।
Section 96 CPC के तहत Appeal भी कर सकते हैं, लेकिन Court की leave जरूरी होगी।
परिस्थितियों के अनुसार Section 151 CPC के तहत उसी Court का रुख भी किया जा सकता है।
Order XXIII Rule 3-A और Section 96(3) की bar स्वतः लागू नहीं होगी।