टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

प्रदेश में पहली बार इवनिंग राष्ट्रीय लोक अदालत आज, राजस्थान हाईकोर्ट में दोपहर 3.30 बजे से शाम 7 बजे तक, 4214 मुकदमे चिन्हित

Rajasthan to Hold First-Ever Evening National Lok Adalat Across High Court and Subordinate Courts

प्रदेशभर की अधिनस्थ अदालतों में होगा 21 दिसंबर को आयोजन, 15 दिसंबर तक 11 लाख मुकदमें चिन्हित

जयपुर। प्रदेश में पहली बार इवनिंग राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर पीठ में आज दोपहर 3.30 बजे से शाम 7 बजे तक राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

यह राष्ट्रीय लोक अदालत वर्ष 2025 की अंतिम और चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत है, जो पूर्व में 13 दिसंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन जैसलमेर में आयोजित हुई कॉन्फ्रेंस के चलते स्थगित करते हुए हाईकोर्ट में 19 दिसंबर और अधीनस्थ अदालतों में 21 दिसंबर को तय की गई।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष और कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा हाईकोर्ट जयपुर पीठ में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ करेंगे.

वहीं जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी जोधपुर मुख्यपीठ में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ करेंगे।

6 सिटिंग जज करेंगे सुनवाई

राजस्थान हाईकोर्ट में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य डॉ. हरिओम अत्री ने बताया कि जोधपुर और जयपुर में कुल 6 सिटिंग जज राष्ट्रीय लोक अदालत में मुकदमों की सुनवाई करेंगे। लोक अदालत का आयोजन दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक किया जा रहा है।

जयपुर पीठ में तीन बेंचों का गठन

राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर पीठ में कुल तीन बेंचों का गठन किया गया है।

बेंच संख्या–1 (कोर्ट नं. 3) की अध्यक्षता जस्टिस प्रवीर भटनागर करेंगे, जिनके साथ सदस्य के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता एस.के. गुप्ता सुनवाई करेंगे।

बेंच संख्या–2 (कोर्ट नं. 4) में जस्टिस संदीप तनेजा अध्यक्ष के रूप में तथा वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र कुमार शाह सदस्य के रूप में शामिल होंगे।

बेंच संख्या–3 (कोर्ट नं. 6) की अध्यक्षता जस्टिस बिपिन गुप्ता करेंगे और वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार बाजपेयी सदस्य के रूप में शामिल होंगे।

जोधपुर मुख्यपीठ में बेंचों के गठन में संशोधन

राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ में 3 बेंचों के लिए संशोधन किया गया है।

संशोधित आदेश के अनुसार बेंच संख्या–1 (कोर्ट नं. 10) में जस्टिस डॉ. नूपुर भाटी अध्यक्ष तथा संजय राज पालावत, राजकीय अधिवक्ता, सदस्य के रूप में शामिल होंगे।

बेंच संख्या–2 (कोर्ट नं. 13) की अध्यक्षता जस्टिस सुनील बेनीवाल करेंगे, जबकि ऋतुराज सिंह भाटी, राजकीय अधिवक्ता, सदस्य के रूप में शामिल होंगे।

बेंच संख्या–3 (कोर्ट नं. 25) में जस्टिस संजीत पुरोहित अध्यक्ष तथा मुकेश दवे, अतिरिक्त राजकीय अधिवक्ता, सदस्य नियुक्त किए गए हैं।

4214 मुकदमे चिन्हित

वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए राजस्थान हाईकोर्ट में कुल 4214 मुकदमे आपसी सहमति से समझौते के जरिए निस्तारण के लिए चिन्हित किए गए हैं।

रालसा के सदस्य सचिव डॉ. हरिओम अत्री के अनुसार राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर में कुल 3324 मुकदमे और जोधपुर मुख्यपीठ में कुल 890 मुकदमे सुनवाई के लिए चिन्हित किए गए हैं।

अधीनस्थ अदालतों में 21 दिसंबर को आयोजन

प्रदेशभर की अधीनस्थ अदालतों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी रविवार, 21 दिसंबर को होगा। प्रदेशभर में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल 473 विशेष बेंचों का गठन किया गया है।

15 दिसंबर तक इन बेंचों के समक्ष सुनवाई के लिए करीब 11 लाख से अधिक मुकदमे चिन्हित किए जा चुके हैं। रालसा के अनुसार 15 दिसंबर तक प्रदेशभर में कुल 8 लाख 60 हजार 152 प्री-लिटिगेशन के मुकदमे और 2 लाख 49 हजार 398 पेंडिंग मुकदमों को सुनवाई के लिए चिन्हित किया जा चुका है।

21 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन तक इन मुकदमों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।

सबसे अधिक लोकप्रिय