टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

RJS भर्ती 2026 : नए नियमों को सरकार की मंजूरी का इंतजार -कुछ संशोधन के लिए सरकार ने फिर भेजी हाईकोर्ट को फाइल, हजारों लॉ स्टूडेंट्स की निगाहें भर्ती पर

Rajasthan Judiciary Recruitment 2026: New Rules Stuck at CMO, Thousands of Law Students Await Government Nod

जयपुर। राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) भर्ती 2026 को लेकर प्रदेशभर के विधि विद्यार्थियों और न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है।

राजस्थान हाईकोर्ट की ओर से सिविल जज कैडर के पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी करने से पहले नियमों में संशोधन की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।

फिलहाल संशोधित नियमों से जुड़ी फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में मंजूरी के इंतजार में है।

सूत्रों के अनुसार, अब हाईकोर्ट प्रशासन सरकार से इस फाइल को मंजूरी मिलने की उम्मीद कर रहा हैं.

नियम संशोधन की फाइल पिछले करीब दो महीने से सरकार के स्तर पर लंबित है।विधि विशेषज्ञों से चर्चा और आवश्यक परीक्षण के बाद सरकार इस पर अंतिम निर्णय लेना होता है.

सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने, रिक्त पदों की पहचान करने और विज्ञप्ति जारी करने की दिशा में कदम उठा सकेगा।

शुक्रवार को ही उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा की भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी होने के बाद राजस्थान में भी RJS भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की उत्सुकता बढ़ गई है।

खासतौर पर वे लॉ स्टूडेंट्स इस भर्ती को लेकर अधिक उत्साहित हैं, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट के अगस्त 2026 के फैसले के बाद वकालत के अनुभव संबंधी शर्त में राहत मिलने की उम्मीद है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ

RJS 2026 भर्ती इस बार कई हजार विधि विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसकी सबसे बड़ी वजह सिविल जज की सीधी भर्ती में वकालत के अनुभव से संबंधित सुप्रीम कोर्ट का फैसला है।

सुप्रीम कोर्ट ने 21 अगस्त 2026 को दिए गए फैसले में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की सीधी भर्ती के लिए वकालत के अनुभव की अनिवार्यता को लेकर महत्वपूर्ण व्यवस्था दी थी।

इसके तहत 20 मई 2025 से 31 मार्च 2027 तक जारी होने वाली न्यायिक सेवा भर्ती अधिसूचनाओं के लिए अभ्यर्थियों को वकालत के अनुभव की शर्त से छूट दी गई है।

इसका सीधा लाभ उन विधि विद्यार्थियों और नए एलएलबी स्नातकों को मिल सकता है, जो पहले वकालत के अनुभव की अनिवार्यता के कारण न्यायिक सेवा भर्ती में शामिल नहीं हो पा रहे थे।

यह अलग बात हैं कि वर्ष 2026 में स्नातक हुए छात्रों को इसका लाभ नहीं मिलेगा जिसे हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है.

वहीं, 1 अप्रैल 2027 से जारी होने वाली अधिसूचनाओं के लिए एक वर्ष की सक्रिय वकालत का अनुभव आवश्यक होगा।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति के बाद एक वर्ष का प्रशिक्षण और एक वर्ष की लॉ क्लर्कशिप भी पूरी करनी होगी।

यही वजह है कि राजस्थान के हजारों अभ्यर्थी चाहते हैं कि RJS 2026 की अधिसूचना 31 मार्च 2027 से पहले जारी हो जाए।

यदि भर्ती इस समय-सीमा के बाद जारी होती है तो नए अभ्यर्थियों को वकालत के अनुभव संबंधी शर्त का सामना करना पड़ सकता है।

31 जनवरी तक रिक्त पदों की पहचान, मार्च में विज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया

राजस्थान न्यायिक सेवा नियम, 2010 के तहत भर्ती प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय-सीमा महत्वपूर्ण है।

सामान्य भर्ती प्रक्रिया में हाईकोर्ट प्रशासन को 31 जनवरी तक रिक्त पदों की पहचान करनी होती है। इसके बाद भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सामान्य तौर पर 28 फरवरी से 15 मार्च के बीच भर्ती अधिसूचना जारी किए जाने का प्रावधान बताया जाता है।

इसके बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी कर परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।

आवेदन प्रक्रिया अप्रैल के अंत तक पूरी करने, जून के आसपास परीक्षा आयोजित करने और सितंबर तक परिणाम जारी करने की समय-सारिणी को ध्यान में रखा जाता है।

ऐसे में यदि नियम संशोधन की मंजूरी समय पर मिल जाती है तो हाईकोर्ट प्रशासन के पास मार्च 2027 से पहले भर्ती अधिसूचना जारी करने और अभ्यर्थियों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का लाभ देने का अवसर रहेगा।

अक्टूबर तक मंजूरी की उम्मीद थी, नवंबर के तीसरे सप्ताह तक भी फाइल लंबित

नियम संशोधन की फाइल को लेकर पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि अक्टूबर के अंत तक सरकार की मंजूरी मिल जाएगी।

हालांकि नवंबर का तीसरा सप्ताह बीतने के बावजूद फाइल को अंतिम मंजूरी नहीं मिलने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ने लगी है।

सूत्रों के अनुसार, अब अगले सप्ताह तक मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सरकार की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

नियम संशोधन की मंजूरी मिलने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन रिक्त पदों का आकलन, भर्ती की कुल संख्या निर्धारित करने और अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकेगा।

RJS 2026 में कितने पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों के बीच सबसे बड़ा सवाल पदों की संख्या को लेकर है।

फिलहाल राजस्थान न्यायिक सेवा 2026 में कितने सिविल जजों की नियुक्ति होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पिछली भर्तियों पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में सिविल जज कैडर के 44 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इससे पहले वर्ष 2024 में 222 पदों पर भर्ती की गई थी।

भर्ती वर्ष कुल पद परिणाम की तारीख
RJS 2024 222 27 अक्टूबर 2024
RJS 2025 44 19 दिसंबर 2025
RJS 2026 अभी घोषित नहीं अधिसूचना जारी नहीं

RJS 2026 में पदों की वास्तविक संख्या रिक्तियों के आकलन और आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

RJS 2026 के लिए शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से विधि में व्यावसायिक स्नातक (एलएलबी) की डिग्री होना आवश्यक है। निर्धारित शर्तों के अधीन अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

आयु सीमा की बात करें तो पिछले भर्ती चक्र के अनुसार अभ्यर्थी की आयु न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित थी। आरक्षित श्रेणियों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाती है।

इसके अलावा अभ्यर्थियों को देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान तथा राजस्थानी बोलियों और सामाजिक रीति-रिवाजों की जानकारी होना भी आवश्यक है।

तीन चरणों में होती है सिविल जज की भर्ती

राजस्थान न्यायिक सेवा में सिविल जज के पदों पर चयन तीन चरणों में किया जाता है। इसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हैं।

प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य एवं ओबीसी श्रेणी के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत तथा एससी, एसटी एवं अन्य अधिसूचित श्रेणियों के लिए 40 प्रतिशत अर्हक अंक निर्धारित हैं।

अब सरकार की मंजूरी पर टिकी भर्ती की पूरी प्रक्रिया

फिलहाल राजस्थान न्यायिक सेवा भर्ती 2026 की पूरी प्रक्रिया नियम संशोधन की सरकारी मंजूरी पर निर्भर है।

सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन रिक्त पदों की पहचान और भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।

हाईकोर्ट प्रशासन का प्रयास बताया जा रहा है कि मार्च 2027 तक इंतजार करने के बजाय उससे पहले ही भर्ती अधिसूचना जारी कर दी जाए, ताकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तहत वकालत के अनुभव से छूट का लाभ अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को मिल सके।

हालांकि, अभी तक RJS 2026 की आधिकारिक अधिसूचना, कुल पदों की संख्या, आवेदन की तारीख और परीक्षा कार्यक्रम घोषित नहीं किए गए हैं।

ऐसे में प्रदेश के हजारों लॉ स्टूडेंट्स की निगाहें अब सरकार की मंजूरी और राजस्थान हाईकोर्ट की आगामी भर्ती प्रक्रिया पर टिकी हैं।

सबसे अधिक लोकप्रिय