सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 6 अगस्त को की सिफारिश, दिल्ली, बॉम्बे, इलाहाबाद और पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के जजों के नाम तय
नई दिल्ली। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता में हुई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में देश के चार हाईकोर्ट के लिए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश की गई है।
कॉलेजियम की ओर से 6 अगस्त 2026 को हुई बैठक के बाद जारी स्टेटमेंट में चार जजों को अलग-अलग हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किए जाने की सिफारिश की गई है।

कॉलेजियम की सिफारिशें:
जस्टिस वी. कामेश्वर राव — पटना हाईकोर्ट
जस्टिस रविंद्र वी. घुगे — कलकत्ता हाईकोर्ट
जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी —बॉम्बे हाईकोर्ट
जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा — पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट
कॉलेजियम की सिफारिश के अनुसार जस्टिस वी. कामेश्वर राव, जो वर्तमान में दिल्ली हाईकोर्ट में कार्यरत हैं, को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की सिफारिश की गई है।
वहीं बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे को कलकत्ता हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाए जाने की सिफारिश की गई है।
इसी क्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है।
जबकि जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा जिनका पैरेंट हाईकोर्ट इलाहाबाद हाईकोर्ट है और जो वर्तमान में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में कार्यरत हैं, को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का ही चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की गई है।
राजस्थान हाईकोर्ट को लेकर फिलहाल कोई सिफारिश नहीं
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ओर से जारी इस सूची में राजस्थान हाईकोर्ट के लिए चीफ जस्टिस की नियुक्ति की कोई सिफारिश नहीं की गई है।
यानी फिलहाल राजस्थान हाईकोर्ट के लिए नए मुख्य न्यायाधीश का नाम कॉलेजियम की इस सिफारिश में शामिल नहीं है।
कॉलेजियम की ओर से जारी आधिकारिक स्टेटमेंट में कुल चार हाईकोर्ट के लिए चीफ जस्टिस पद पर नियुक्ति की सिफारिश की गई है।
राजस्थान में CJ की नियुक्ति का इंतजार
गौरतलब हैं करीब 10 माह से राजस्थान हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा कार्यरत हैं.
उन्हे राजस्थान हाईकोर्ट में ही चीफ जस्टिस बनाए जाने का लंबे समय से इंतजार है।
जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा अगले माह 26 सितंबर को सेवानिवृत होने वाले हैं ऐसे में सेवानिवृति से पूर्व उन्हे राजस्थान में ही मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की संभावनाए भी देखी जा रही हैं.