टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

अंबेडकर जयंती पर राजस्थान हाईकोर्ट में मेगा डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता-हाईकोर्ट जज करेंगे उद्घाटन, 160+ स्टूडेंट्स करेंगे शिरकत

Ambedkar Jayanti Mega Documentary Competition in Rajasthan: High Court Judge to Inaugurate, 160+ Students to Participate

जयपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर राजस्थान हाईकोर्ट में राज्यस्तरीय डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता आयोजन किया जा रहा है।

राजस्थान हाईकोर्ट के सतीशचन्द्र सभागार में आयोजित होने वाली इस राज्यस्तरीय डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 160 से अधिक छात्र हिस्सा लेंगे, जबकि 14 विश्वविद्यालयों की भागीदारी इस आयोजन को और भी व्यापक बना रही है।

LEGAL संस्थान और राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में सतीशचंद्र सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 19 टीमों ने औपचारिक रूप से रजिस्ट्रेशन कराया है।

आयोजन को लेकर छात्रों और विधि जगत में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

हाईकोर्ट जज करेंगे भव्य उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस अशोक कुमार जैन के मुख्य आतिथ्य में होगा।

उद्घाटन समारोह सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक सतीशचंद्र सभागार में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल और महासचिव दीपेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

अंबेडकर के जीवन और संघर्ष पर विशेष व्याख्यान

उद्घाटन के बाद सुबह 11:30 बजे से 12:30 बजे तक पहले सत्र में डॉ. अंबेडकर की जीवनी, उनके संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया जाएगा।

इस सत्र में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता सुशांत इन्द्रजीत सिंह मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित करेंगे।

वहीं अतिरिक्त महाधिवक्ता भुवनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में लॉ स्टूडेंट्स को मार्गदर्शन देंगे।

डॉक्यूमेंट्री प्रेजेंटेशन में दिखेगा युवाओं का क्रिएटिव विजन

दोपहर 1:30 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित दूसरे सत्र में प्रतिभागी टीमें अपनी-अपनी डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत करेंगी।

इस दौरान छात्र डॉ. अंबेडकर के जीवन के विभिन्न पहलुओं—संघर्ष, उपलब्धियां, सामाजिक आंदोलन और दूरदर्शी सोच—को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करेंगे।

इस सत्र के मुख्य अतिथि एडिशनल सॉलिसिटर जनरल भरत व्यास होंगे।

डॉक्यूमेंट्री का मूल्यांकन ज्यूरी पैनल के सदस्य अधिवक्ता सूर्यप्रताप सिंह राजावत और डॉ. राजेश मेथी द्वारा किया जाएगा।

पुरस्कार वितरण समारोह

दोनों सत्रों के समापन के बाद शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।

इसमें विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

समापन समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता तनवीर अहमद सहित विधि जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।

युवाओं के लिए सीख और अवसर का मंच

LEGAL संस्थान के संयोजक ऋषि अग्रवाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपने विचारों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर देती है।

प्रतिभागियों को अंबेडकर के जीवन के विविध पहलुओं पर शोध आधारित डॉक्यूमेंट्री तैयार करनी होगी।

इस पूरी प्रक्रिया में छात्रों को रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, वीडियो प्रोडक्शन और टीमवर्क जैसे महत्वपूर्ण कौशल सीखने का अवसर मिलेगा, जो उनके करियर के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे।

प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार घोषित किए गए हैं—

प्रथम पुरस्कार: ₹5,100
द्वितीय पुरस्कार: ₹3,100
तृतीय पुरस्कार: ₹2,100
11 सांत्वना पुरस्कार: प्रत्येक ₹1,100

सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए जाएंगे।

सबसे अधिक लोकप्रिय