जयपुर/जोधपुर। प्रदेशभर की अदालतों में आज वर्ष 2026 की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में वर्ष 2026 की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत में एक ही दिन में प्रदेश की 476 अदालतों में करीब 7 लाख 77 हजार 381 मामलों को सुनवाई के लिए रखा गया है।
राजस्थान हाईकोर्ट के जयपुर स्थित नए भवन में सुबह 8:30 बजे राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा करेंगे।
वहीं जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्यपीठ में सुबह 10 बजे जस्टिस चन्द्रशेखर शर्मा राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन करेंगे।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव हरिओम शर्मा अत्री ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हाईकोर्ट की जयपुर और जोधपुर पीठ सहित प्रदेश की सभी अधीनस्थ अदालतों में एक साथ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आमजन को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हाईकोर्ट की जयपुर और जोधपुर पीठ में तीन-तीन विशेष बैंचों का गठन किया गया है।
इसके अलावा प्रदेशभर की विभिन्न अदालतों में कुल 476 बैंचें बनाई गई हैं, जहां विभिन्न श्रेणी के मामलों की सुनवाई की जाएगी।
इन बैंचों में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी सहमति के आधार पर मामलों के निस्तारण का प्रयास करेंगे।
इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड संख्या में मामलों को शामिल किया गया है।
राजस्थान में प्री-लिटिगेशन के 5 लाख 19 हजार 645 मामले तथा विभिन्न न्यायालयों में लंबित 2 लाख 57 हजार 736 मामलों सहित कुल करीब 7 लाख 77 हजार 381 प्रकरणों को लोक अदालत में रैफर किया गया है।
इन मामलों का निस्तारण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जाएगा।
लोक अदालत में बैंक ऋण वसूली, बिजली-पानी बिल विवाद, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक विवाद, पारिवारिक मामले, श्रम विवाद, राजस्व प्रकरण और अन्य समझौता योग्य मामलों की सुनवाई की जाएगी।