जयपुर/जोधपुर,। राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली हैं.
बम की धमकी के बाद सोमवार सुबह जोधपुर मुख्य पीठ और जयपुर पीठ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
धमकी की सूचना मिलते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने तत्काल पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया।
इसके बाद दोनों परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।

जोधपुर और जयपुर पीठ को मिली धमकी
धमकी भरा ई-मेल राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर और जयपुर दोनों पीठों को भेजा गया था।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और दोनों परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया।
बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने अदालत भवन, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की।
जयपुर पीठ सत्यमेव जयते भवन की जांच पूरी
राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर पीठ में प्रारंभिक एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई तथा सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।
न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लेकर सघन जांच शुरू की।
जयपुर स्थित हाईकोर्ट के सत्यमेव जयते भवन की विस्तृत जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

जांच एजेंसियों ने भवन को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया है।
इसके बाद हाईकोर्ट के हेरिटेज भवन की भी तलाशी ली गई, जहां भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। फिलहाल अधिवक्ताओं के चैंबर्स और अन्य हिस्सों की जांच जारी है।
अक्टूबर से अब तक कई बार मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अक्टूबर से लेकर अब तक राजस्थान हाईकोर्ट को एक दर्जन से अधिक बार ई-मेल के माध्यम से बम की धमकियां मिल चुकी हैं।
अधिकांश मामलों में जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर बार पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं जांच
पुलिस और साइबर विशेषज्ञ धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।
ई-मेल किस स्थान और किस माध्यम से भेजा गया, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, एडवोकेट बार एसोसिएशन की हड़ताल जारी
जयपुर जिला एडवोकेट बार एसोसिएशन की राजस्व न्यायालयों से जुड़ी मांगों को लेकर हड़ताल भी जारी है। जिला प्रशासन द्वारा अधिकांश मांगों पर सहमति जताए जाने के बावजूद कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व न्यायालयों में कार्य बहिष्कार जारी रहा।
आज दोपहर बाद बार एसोसिएशन की बैठक में हड़ताल की आगामी रणनीति पर निर्णय लिया जाना है।
प्रमुख मांगों में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (चतुर्थ) न्यायालय को जयपुर में यथावत रखना, राजस्व अपील अधिकारी से संबंधित मामलों में व्यवस्था सुधार, सभी पंजीयन कार्यालयों में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग प्रणाली बंद करना तथा डीआईजी स्टाम्प-3 कार्यालय को वित्त भवन के बजाय कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित करना शामिल हैं।