जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के नवनियुक्त 44 वें मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल के सम्मान में राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर की ओर से बुधवार, 16 सितंबर को अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ के मुख्य आडिटोरियम में शाम 4.20 बजे आयोजित होने वाले इस समारोह में न्यायिक एवं विधिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल होंगे।
समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस विनीत कुमार माथुर सहित हाईकोर्ट के सभी सिटिंग जज भी मौजूद रहेंगे.

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ दीलीपसिंह उदावत और महासचिव अरूण झांझड़िया ने समारोह को न्यायिक एवं विधिक बिरादरी के लिए विशेष अवसर बताते हुए कहा कि राजस्थान के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेने और कार्यग्रहण के बाद मुख्य न्यायाधीश का यह पहला स्वागत समारोह है, जिसे लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है.
एसोसिएशन के अध्यक्ष उदावत के अनुसार इस समारोह के लिए राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ता काफी उत्साहित हैं. समारोह में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल का सम्मान किया जाएगा.