टॉप स्टोरी

दूसरे राज्य की नर्सों को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत : राजस्थान में नौकरी के लिए आवेदन की अंतिम तारीख तक नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन जरूरी नहीं! 3 महीने में रजिस्ट्रेशन का मौका

चर्चित खबरें

Update Breaking : दो वकालतनामे की शर्त पर एकलपीठ के फैसले पर खंडपीठ की रोक, 11 दिसंबर को ही होंगे चुनाव

Rajasthan High Court Hearing Continues on Two Vakalatnamas or Two Appearances شرط for Voting in Bar Association Elections

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने तीन विशेष अपीलों पर सुनवाई के बाद दिया अंतरिम आदेश; 17 नवंबर का चुनाव समिति का निर्णय प्रभावी रहेगा, 3 और 4 नवंबर के नोटिस बहाल करने वाले एकलपीठ के आदेश पर रोक

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के वार्षिक चुनाव में मतदान की पात्रता के लिए दो वकालतनामे या दो दर्ज पेशियों की अनिवार्यता को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।

राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ ने एकलपीठ के उस फैसले पर रोक लगा दी है, जिसमें चुनाव में मतदान के लिए दो वकालतनामे की शर्त को बरकरार रखा गया था।

खंडपीठ ने एकलपीठ के उस फैसले के प्रभाव और क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी है, जिसमें चुनाव समिति के 17 नवंबर 2026 के नोटिस को निरस्त करते हुए 3 और 4 नवंबर 2026 के पूर्व के नोटिस बहाल कर दिए गए थे।

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने गजेंद्र सिंह शेखावत, महेंद्र शांडिल्य और कुलदीप शर्मा की ओर से दायर विशेष अपीलों पर सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया कि राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर की चुनाव प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 के सामान्य नोटिस के अनुसार बिना किसी बाधा के जारी रहेगी।

खंडपीठ ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर तीन सप्ताह में जवाब मांगा है। साथ ही, अपीलार्थियों की अपील की अनुमति संबंधी अर्जियां स्वीकार करते हुए अपील करने की अनुमति भी प्रदान की है।

11 दिसंबर को निर्धारित हैं चुनाव

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के वार्षिक चुनाव 11 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित हैं। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद मतदान की पात्रता को लेकर चुनाव समिति ने 3 और 4 नवंबर को नोटिस जारी किए थे।

इन नोटिसों में मतदान के लिए कम से कम दो वकालतनामे या राजस्थान हाईकोर्ट में दो दर्ज पेशियों की शर्त रखी गई थी।

इस अतिरिक्त शर्त को लेकर अधिवक्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद चुनाव समिति ने 17 नवंबर 2026 को नया नोटिस जारी कर पूर्व में निर्धारित शर्तों के संबंध में निर्णय लिया।

इस निर्णय को चुनौती देते हुए राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई।

एकलपीठ ने 20 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए चुनाव समिति के 17 नवंबर के नोटिस को निरस्त कर दिया था और 3 तथा 4 नवंबर के नोटिस बहाल कर दिए थे।

एकलपीठ के इस आदेश को गजेंद्र सिंह शेखावत, महेंद्र शांडिल्य और कुलदीप शर्मा ने विशेष अपीलों के माध्यम से खंडपीठ में चुनौती दी।

अपीलार्थियों की दलील- चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद नहीं बदले जा सकते नियम

अपीलार्थियों की ओर से अधिवक्ता सुनील समदड़िया ने पक्ष रखा। वहीं महेंद्र शांडिल्य व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए। अपीलार्थियों की ओर से अन्य अधिवक्ताओं ने भी पैरवी की।

अपीलार्थियों की प्रमुख दलील थी कि राजस्थान में बार एसोसिएशन के चुनावों और मतदाताओं की पात्रता के संबंध में राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ पहले ही 12 सितंबर 2017 को महत्वपूर्ण निर्णय दे चुकी है।

यह निर्णय The Rajasthan High Court Advocates Associations, Jodhpur & Anr. Vs. The Bar Council of Rajasthan & Anr. मामले में दिया गया था। इसमें राजस्थान की सभी बार एसोसिएशनों के चुनावों के संचालन और मतदान की पात्रता के लिए आठ अनिवार्य मानदंड निर्धारित किए गए थे।

अपीलार्थियों ने बताया कि इन मानदंडों को सुप्रीम कोर्ट ने 12 मई 2022 के आदेश से संशोधित अथवा अनुमोदित किया था।

अपीलार्थियों का कहना था कि इन न्यायिक आदेशों में मतदान के लिए दो वकालतनामे प्रस्तुत करने अथवा दो पेशियों का कोई अतिरिक्त मानदंड निर्धारित नहीं किया गया है। ऐसे में चुनाव समिति द्वारा 3 और 4 नवंबर के नोटिस के माध्यम से इस तरह की अतिरिक्त पात्रता शर्त लागू करना अधिकार क्षेत्र से बाहर है।

करीब 2500 अधिवक्ताओं के मतदान अधिकार प्रभावित होने की दलील

अपीलार्थियों की ओर से यह भी तर्क दिया गया कि चुनाव प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 को शुरू हो चुकी थी। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद पात्रता के नियमों में बदलाव करना उचित नहीं है। इसे चुनाव के नियमों में बीच प्रक्रिया में बदलाव बताया गया।

उनकी ओर से कहा गया कि दो वकालतनामे की अनिवार्यता के कारण लगभग 2500 अधिवक्ताओं के मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

यह भी दलील दी गई कि केवल वकालतनामे दाखिल करने के आधार पर किसी अधिवक्ता को प्रैक्टिसिंग या नॉन-प्रैक्टिसिंग अधिवक्ता की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।

अपीलार्थियों ने विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई युवा अधिवक्ताओं को अभी अदालत में बहस करने का अवसर नहीं मिल पाता है। ऐसे में दो वकालतनामे या दो दर्ज पेशियों की अनिवार्यता से हजारों युवा अधिवक्ता सीधे प्रभावित होंगे।

उनकी ओर से यह भी बताया गया कि चुनाव समिति को 2 नवंबर के सामान्य नोटिस के माध्यम से 24 अगस्त 2023 के खंडपीठ के निर्णय और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप चुनाव कराने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद अतिरिक्त पात्रता शर्त लागू की गई।

अपीलार्थियों ने यह भी दलील दी कि इस तरह की अतिरिक्त शर्त केवल राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ से संबंधित बार एसोसिएशन के चुनाव में लागू की जा रही है, जबकि जोधपुर में बार एसोसिएशनों द्वारा ऐसी शर्त नहीं अपनाई गई है।

विरेंद्र अग्रवाल और बार काउंसिल की ओर से क्या दी गई दलील?

वहीं, प्रतिवादी विरेंद्र अग्रवाल ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपीलों का विरोध किया। बार काउंसिल की ओर से अधिवक्ता प्रतीक कासलीवाल ने भुवनेश शर्मा के साथ पक्ष रखा।

प्रतिवादियों की ओर से कहा गया कि एक बार चुनाव समिति गठित हो जाने के बाद उसे बार के व्यापक हित में उचित निर्णय लेने का अधिकार है। दो वकालतनामे या दो पेशियों की शर्त को मतदान की पात्रता के लिए मनमाना अथवा अतार्किक नहीं कहा जा सकता।

उनकी ओर से यह भी तर्क दिया गया कि बार एसोसिएशन की सदस्यता प्राप्त करने के नियम और चुनाव में मतदान करने की पात्रता के नियम दो अलग-अलग विषय हैं। दोनों पर समान नियम लागू नहीं किए जा सकते।

प्रतिवादियों ने विशेष अपीलों की सुनवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अपीलार्थियों को कोई कानूनी क्षति नहीं हुई है और वे स्वयं पात्र मतदाता हैं। इसलिए उन्हें इस शर्त को चुनौती देने का अधिकार नहीं है।

इसके अतिरिक्त यह दलील भी दी गई कि चुनाव में भाग लेने वाला कोई उम्मीदवार अपने चुनावी लाभ के लिए मतदाता वर्ग को प्रभावित करने की कोशिश नहीं कर सकता। प्रतिवादियों ने यह भी बताया कि एकलपीठ के समक्ष पहले दायर याचिका को एक पक्षकार द्वारा वापस ले लिया गया था और इस तथ्य को छिपाया गया।

खंडपीठ ने 2017 के फैसले के आठ अनिवार्य मानदंडों का किया उल्लेख

सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने 12 सितंबर 2017 के फैसले में निर्धारित आठ अनिवार्य मानदंडों के प्रासंगिक अंशों का उल्लेख किया।

इन मानदंडों के अनुसार राजस्थान की प्रत्येक बार एसोसिएशन में तीन सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया जाना है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का चुनाव गुप्त मतदान से होना चाहिए और कोई भी पदाधिकारी लगातार दो कार्यकाल से अधिक पद पर नहीं रह सकता।

इसके अलावा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव पदों पर चुनाव लड़ने के लिए बार में पांच वर्ष का अनुभव अनिवार्य किया गया है।

फैसले में प्रत्येक बार एसोसिएशन को अपने सदस्यों को पहचान पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया है। मतदान के लिए अधिवक्ता के पास बार एसोसिएशन द्वारा जारी पहचान पत्र होना चाहिए और उसे चुनाव की तारीख से कम से कम एक महीने पहले तक सदस्यता शुल्क जमा कराना आवश्यक है। उसके ऊपर बार एसोसिएशन का कोई बकाया नहीं होना चाहिए।

इसी तरह, बकाया राशि रखने वाले सदस्य को किसी उम्मीदवार के नाम का प्रस्तावक या अनुमोदक बनने और चुनाव लड़ने से भी अयोग्य माना गया है।

एक अन्य महत्वपूर्ण शर्त के अनुसार कोई अधिवक्ता एक वर्ष में किसी दूसरी बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान कर चुका है तो वह दूसरी बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान अथवा पद के लिए चुनाव लड़ने का पात्र नहीं होगा।

इसके लिए मतदान से कम से कम दो दिन पहले घोषणा देना आवश्यक है। गलत घोषणा पाए जाने पर तीन वर्ष के लिए सदस्यता से स्वतः निलंबन का प्रावधान है।

आठवें मानदंड के अनुसार नैतिक अधमता से जुड़े अपराध में दोषसिद्ध व्यक्ति अथवा न्यायालय की अवमानना का दोषी पाया गया व्यक्ति पांच वर्ष तक बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी का पदाधिकारी या सदस्य बनने के लिए पात्र नहीं होगा।

खंडपीठ ने इस फैसले में यह भी उल्लेख किया कि ये सभी निर्देश अनिवार्य हैं और राजस्थान की प्रत्येक बार एसोसिएशन को इनका पालन करना होगा। इनके उल्लंघन पर संबंधित बार एसोसिएशन की मान्यता समाप्त हो सकती है।

खंडपीठ का महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश

खंडपीठ ने मामले में प्रथम दृष्टया विचार करते हुए कहा कि राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के चुनाव 11 दिसंबर 2026 को निर्धारित हैं और चुनाव प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 के सामान्य नोटिस के माध्यम से शुरू हो चुकी है।

साथ ही, 2 नवंबर के नोटिस के अनुसार चुनाव समिति को खंडपीठ के पूर्व के निर्देशों के अनुरूप कार्य करना था।

इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खंडपीठ ने एकलपीठ के 20 नवंबर 2026 के आदेश के पैरा 26 के प्रभाव और क्रियान्वयन पर रोक लगा दी। इसके साथ ही पैरा 27 और उससे जुड़े अन्य परिणामी कदमों पर भी रोक लगाई गई।

खंडपीठ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर की चुनाव प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 को जारी किए गए मूल सामान्य नोटिस के अनुसार बिना किसी बाधा के जारी रहेगी।

मामले को तीन सप्ताह बाद सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच प्रतिवादियों को अपना जवाब दाखिल करना होगा।

इन अधिवक्ताओं ने की पैरवी

अपीलार्थियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील समदड़िया ने अधिवक्ता अरिहंत समदड़िया के साथ पक्ष रखा। वहीं महेंद्र शांडिल्य व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित हुए।

इनके अतिरिक्त अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद शर्मा, कुलदीप शर्मा (पक्षकार स्वयं), अंकित कुमार, अभय राठौड़, संजीव कुमार शर्मा, सुर्भि खंडेलवाल, जिनल गेहलोत, हसीमुद्दीन, अविनाश गौतम, सौरभ अग्रवाल, बी.पी.एस. भाटी, अमित कुमार बाटर, करतार सिंह, सतीश खंडेलवाल, श्याम गुप्ता, हेम सिंह गुर्जर, विक्रम बेनीवाल, महिपाल लाल मीणा, प्रमोद सैनी, विजेंद्र सिहाग, आदित्य चौधरी,

तन्मय शर्मा, जितेंद्र मितरुका, टी.सी. स्वामी, राजेश कला, अवि ऐरम, हर्षित शर्मा, आयुष अग्रवाल, सुरेश खिलेरी, अतर सिंह गुर्जर, सुनीति वशिष्ठ, राजेश के. शर्मा, उदिति किरोड़ी, विजय कुमार, मितुल जैन, राजेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, लक्ष्मीकांत मालपुरा, प्रमोद कुमार सैनी, जयंत मूंड, प्रदीप कुमार बेनीवाल, भवानी मूंड, जयप्रकाश, आशीष यादव, तिलक जांगिड़, अनिकेत बेनीवाल, अजय

यादव, प्रदीप कुमार, प्रियंशी शारदा, अर्जुन खटीक, अजय कुमार, सुनील रावत, रविशंकर शर्मा, रश्मि जैन, जयप्रकाश शर्मा, शशि एस. गौर, पुष्पेंद्र पाल सिंह, मनीष गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह, नितरंजन सिंह राघव, आकाश शर्मा, राजकुमार शर्मा, पवन जांडू, विजित सक्सेना, रामकुमार चौधरी, रोहित कुमार शर्मा, मामराज गुर्जर, हरिकिशन शर्मा, आयुष बंसल और सुदेश कसाना सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

प्रतिवादियों की ओर से इन अधिवक्ताओं ने रखा पक्ष

वहीं प्रतिवादियों की ओर से विरेंद्र अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित हुए। बार काउंसिल की ओर से अधिवक्ता प्रतीक कासलीवाल ने अधिवक्ता गौरी जसाना के साथ पैरवी की।

इनके अतिरिक्त डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, सुचि कासलीवाल, धीरज सिंघल, डॉ. प्रखर अग्रवाल, अंजलि असाट, वंदना चौधरी, संजू सैनी, ईशा बेलानी, नीलम शर्मा, सुमन सैनी, ज्योति सैनी, सुसान मैथ्यू, संतोष कुमारी सोनी, शैलेश शर्मा, ईश्वर जैन, वैभव शर्मा, साहिल जैन, जस्मीन चौधरी, तनिषा वर्मा, रामप्रताप सैनी, प्रेमशंकर शर्मा, जितेंद्र कुमार शर्मा, भुवनेश शर्मा, समी खान, मनीष गुप्ता, प्रियंशा गुप्ता, सारिका चौधरी, दलीप कुर्का, संदीप माहेश्वरी, प्रह्लाद शर्मा, प्रकाशचंद शर्मा, नितिश बागड़ी, शृतिमा बागड़ी, रिया सैनी, रिया चौधरी, राहुल सिंह, नारायण सिंह चौधरी, शेर सिंह मेहला, प्रेमचंद देवांडा, प्रशांत कुमार शर्मा और बलराम जाखड़ सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

सबसे अधिक लोकप्रिय