JNLU के स्थापना दिवस समारोह, हाईकोर्ट के नए गेस्ट हाउस और जिला कोर्ट की G-7 बिल्डिंग तक उद्घाटन; दोनों बार एसोसिएशनों के संयुक्त अभिनंदन समारोह में होगा भव्य स्वागत
जोधपुर। भारत के मुख्य न्यायाधीश CJI जस्टिस सूर्यकांत लंबे अंतराल के बाद आज रात जोधपुर पहुंचेंगे।
CJI रात करीब 9 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके जोधपुर दौरे को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट, जिला न्यायपालिका, बार और विधि शिक्षा जगत में जबरदस्त उत्साह है।
CJI का यह दौरा रविवार को बेहद व्यस्त रहेगा।
Jodhpur National University (JNLU) के 25वें स्थापना दिवस समारोह से लेकर राजस्थान हाईकोर्ट के नए गेस्ट हाउस, जिला कोर्ट परिसर की सात मंजिला G-7 बिल्डिंग के उद्घाटन और दोनों प्रमुख बार एसोसिएशनों के संयुक्त अभिनंदन समारोह तक CJI कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

सुबह JNLU के स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल
रविवार सुबह करीब 11:30 बजे CJI जस्टिस सूर्यकांत जोधपुर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (JNLU) के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद दोपहर 12:15 बजे वे “लीगल टेक्नोलॉजी एंड एथिक्स रोडमैप” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
इसके साथ ही Vice Chancellors’ Conclave 2.0 में CJI मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
विधि शिक्षा और न्याय व्यवस्था में तकनीक एवं नैतिकता की बढ़ती भूमिका के बीच CJI की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है।
रणजीत जोाशी, अध्यक्ष राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन जोधपुर
राजस्थान हाईकोर्ट के नए गेस्ट हाउस का करेंगे शिलान्यास
CJI जस्टिस सूर्यकांत अपने दौरे के दौरान राजस्थान हाईकोर्ट के नए गेस्ट हाउस का शिलान्यास भी करेंगे।
हाईकोर्ट से जुड़े इस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गेस्ट हाउस के निर्माण से हाईकोर्ट में आने वाले न्यायिक अधिकारियों, न्यायाधीशों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।

जिला कोर्ट में सात मंजिला G-7 बिल्डिंग का लोकार्पण
CJI के दौरे का एक और बड़ा पड़ाव जोधपुर जिला न्यायालय परिसर रहेगा। यहां वे नवनिर्मित सात मंजिला G-7 बिल्डिंग का विधिवत लोकार्पण करेंगे।
नई इमारत में करीब 60 अदालतों के लिए कोर्ट रूम और अन्य न्यायिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
लंबे समय से न्यायिक आधारभूत ढांचे के विस्तार की जरूरत के बीच यह बिल्डिंग जिला न्यायपालिका के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
दिलीप सिंह उदावत, अध्यक्ष राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन जोधपुर

दोनों बार एसोसिएशन मिलकर करेंगे CJI का भव्य अभिनंदन
CJI के जोधपुर दौरे का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम अधिवक्ता समुदाय के बीच होगा।
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन और राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से संयुक्त रूप से CJI जस्टिस सूर्यकांत का अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
दोनों प्रमुख बार एसोसिएशनों के संयुक्त मंच पर CJI का स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा।
लंबे अंतराल के बाद देश के मुख्य न्यायाधीश के जोधपुर आगमन को लेकर अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह है।
यह कार्यक्रम बार और बेंच के बीच संवाद और संबंधों की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के कई जज भी रहेंगे मौजूद
CJI के जोधपुर प्रवास के दौरान सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के कई न्यायाधीशों की मौजूदगी रहेगी।
विभिन्न कार्यक्रमों में जस्टिस संदीप मेहता, जस्टिस विजय बिश्नोई सहित राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एस.पी. शर्मा, जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी तथा अन्य न्यायाधीश शामिल होंगे.
न्यायपालिका के शीर्ष स्तर के न्यायाधीशों की एक साथ मौजूदगी के चलते CJI का जोधपुर दौरा राजस्थान के न्यायिक इतिहास में महत्वपूर्ण अवसर बन गया है।
रविवार शाम 5:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे CJI
दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद CJI जस्टिस सूर्यकांत रविवार शाम करीब 5:30 बजे जोधपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इस तरह शनिवार रात से रविवार शाम तक CJI का जोधपुर प्रवास विधि शिक्षा, न्यायिक अधोसंरचना और बार-बेंच संवाद—तीनों मोर्चों पर महत्वपूर्ण रहेगा।

स्वतंत्रता दिवस पर होटल ताज में रात्रिभोज
स्वतंत्रता दिवस के मौके राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से पहली बार जोधपुर पांच सितारा होटल में रात्रिभोज का आयोजन रखा गया हैंं.
रजिस्ट्रार जनरल की ओर से हाईकोर्ट जजों के साथ ही हाईकोर्ट में सरकार के प्रतिनिधी अधिवक्ताओं और बार पदाधिकारियों को रात्रिभोज का आमत्रंण दिया गया है.
गौरतलब हैं कि हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर रात्रिभोज के आयोजन की परंपरा रही हैं.