राजस्थान हाईकोर्ट सेवानिवृत जज जस्टिस जी के व्यास और जस्टिस मनोज गर्ग ने निभाई फाइनल प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका
जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के मूट कोर्ट एवं मॉक ट्रायल क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय तीसरी इंट्रा मूट कोर्ट प्रतियोगिता का सोमवार को विधिवत समापन हुआ।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार दोपहर में आयोजित हुआ, जिसमें कानूनी दलीलों और संयम के आधार पर लॉ स्टूडेंट निर्वाणजंन प्रताप सिंह, खुशबू गेहलोत और वक़ास अहमद की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

वहीं बेहद शानदार तरीके से प्रदर्शन करने वाले लॉ स्टूडेंट एक्ता हरवानी, अंकिता हाड़ा और खुशी प्रजापत की टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।
प्रतियोगिता की व्यक्तिगत श्रेणियों में लॉ स्टूडेंट हिमानी जेठवानी को बेस्ट स्पीकर और लाख्या गेहलोत को बेस्ट रिसर्चर का अवॉर्ड दिया गया।
बेस्ट मेमोरियल पुरस्कार के लिए टीम कोड–7—निमिष प्रसाद, साक्षी राजपुरोहित और स्वरूप राठौर— को उनके बेहतर लिखित पक्ष के लिए सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ सेवानिवृत्त जज बने निर्णायक
विश्वविद्यालय में आयोजित इस मूट कोर्ट प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीम का फैसला करने के लिए राजस्थान हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त वरिष्ठ जज जस्टिस गोपाल कृष्णन व्यास और जस्टिस मनोज कुमार गर्ग ने फाइनल राउंड में निर्णायक जज की भूमिका निभाई।

दोनों ही जजों ने न केवल प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया, बल्कि विद्यार्थियों को न्यायिक सोच, नैतिकता और पेशेवर जिम्मेदारियों के प्रति भूमिका को लेकर भी मार्गदर्शन किया।
समापन समारोह में कुलपति
देर सायं आयोजित हुए समापन समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति पवन कुमार शर्मा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं कानून के छात्रों में आत्मविश्वास, विश्लेषणात्मक सोच और न्यायिक दृष्टिकोण विकसित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
कुलपति ने आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों, निर्णायकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
कोर टीम की अहम भूमिका
विश्वविद्यालय के डीन प्रो. सुनील आसोपा के मार्गदर्शन में 21 और 22 दिसंबर को आयोजित हुई इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विशेष कोर टीम का गठन किया गया था।
कोर टीम में आदित्य पुरोहित (कन्वीनर), सचिन पुरोहित (को-कन्वीनर), राजवीर सिंह (कोषाध्यक्ष) एवं आदित माथुर (सचिव) के साथ सनिध्य थानवी, मोनू कुमावत, दक्षिता पुरी गोस्वामी, प्रज्ञा राजपुरोहित और अखिलेश व्यास ने अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के संचालन के लिए एंकर बने लिशा ओझा एवं अनिरुद्ध सोनी ने शानदार मंच संचालन किया।
